सर्दियों में क्यों जरूरी है विटामिन बी12? ट्राय करें ये विटामिन B12 वाले ये 3 नाश्ते की रेसिपी
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Wednesday, November 19, 2025
Updated On: Wednesday, November 19, 2025
ये तीनों नाश्ते की रेसिपी विटामिन B12 से भरपूर हैं और सर्दियों में ऊर्जा बढ़ाने, ध्यान बेहतर करने और स्वास्थ्य सुधारने में मदद करती हैं. इन्हें बनाना आसान है, जल्दी तैयार हो जाती हैं और शरीर को दिनभर एक्टिव रखने के लिए पौष्टिक पोषण देती हैं.
Authored By: Galgotias Times Bureau
Updated On: Wednesday, November 19, 2025
Vitamin B12: नाश्ता दिन का सबसे ज़रूरी भोजन माना जाता है क्योंकि यह लंबे रात के उपवास के बाद शरीर को मिलने वाला पहला ईंधन है. इसलिए विशेषज्ञ नाश्ता न छोड़ने की सलाह देते हैं. 2024 में Frontiers in Pediatrics में छपे एक अध्ययन में पाया गया कि नाश्ता छोड़ने से ऊर्जा कम होती है और ध्यान केंद्रित करना मुश्किल हो जाता है. इसके विपरीत, जब शरीर को सुबह पौष्टिक नाश्ता मिलता है, तो मेटाबॉलिज़्म बेहतर होता है, पाचन सुचारू रहता है और दिनभर सक्रिय रहने में मदद मिलती है. अच्छा नाश्ता आपके पूरे दिन की सेहत और ऊर्जा पर सकारात्मक असर डालता है.
FSSAI के शोध के मुताबिक, नाश्ते में विटामिन B12 बेहद जरूरी होता है. यह शरीर को ऊर्जा बनाने, नसों को स्वस्थ रखने, लाल रक्त कोशिकाएँ बनाने और दिमाग के बेहतर कामकाज में मदद करता है. जब शरीर को पर्याप्त B12 मिलता है, तो आप ज़्यादा अलर्ट, एक्टिव और फोकस्ड महसूस करते हैं. इसके कम होने पर थकान, मांसपेशियों की कमजोरी, ध्यान की कमी और मूड खराब जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं. इसलिए नाश्ते में B12 से भरपूर चीज़ें, जैसे दूध, दही और पनीर शामिल करने से दिन की शुरुआत मजबूत होती है और शरीर पूरे दिन ऊर्जावान बना रहता है.
पनीर बेसन चीला- विटामिन B12 से भरपूर आसान नाश्ता
पनीर बेसन चीला एक सरल, पौष्टिक और जल्दी बनने वाला नाश्ता है. इसमें मौजूद पनीर विटामिन B12 का अच्छा स्रोत है, जो सुबह-सुबह शरीर को जरूरी ऊर्जा और पोषण देता है. यह बच्चों और बड़ों, दोनों के लिए बढ़िया विकल्प है और दिन की शुरुआत हेल्दी तरीके से करने में मदद करता है.
- बनाने की विधि: एक कटोरे में बेसन, दही, हल्दी, जीरा, नमक, कटा हुआ प्याज़ और धनिया डालें. अब धीरे-धीरे पानी मिलाते हुए मिश्रण को अच्छे से फेंटें ताकि एक चिकना और बहने वाला घोल बन जाए. इसके बाद घोल में कसा हुआ पनीर मिलाएँ.
एक नॉन-स्टिक पैन को मध्यम आंच पर गर्म करें और हल्का सा तेल लगाकर चिकना करें. अब एक करछुल भर मिश्रण लें और पैन के बीच में डालें. करछुल की मदद से इसे गोल आकार में फैलाएँ. चीले को मध्यम आंच पर तब तक पकाएँ जब तक नीचे की सतह सुनहरी भूरी न हो जाए. फिर उसे पलटकर दूसरी तरफ भी अच्छी तरह पकाएँ. दोनों तरफ से पक जाने पर इसे हरी चटनी के साथ गरमागरम परोसें.
मेवे और फलों वाला दही परफेट
अगर आप जल्दी में हों और कुछ पौष्टिक खाना चाहें, तो दही परफेट एक बेहतरीन विकल्प है. इसमें दही से विटामिन B12 मिलता है, मेवे और फल फाइबर और अच्छे वसा देते हैं. ये बाउल मिनटों में तैयार हो जाता है और दिन की हेल्दी शुरुआत करता है.
- बनाने की विधि: एक कटोरे में दही लें और इसे अच्छी तरह फेंटकर चिकना कर लें. अब इसमें शहद और गुड़ मिलाएँ और फिर से अच्छे से मिक्स करें. इसके बाद एक लंबा गिलास या जार लें और सबसे नीचे दही की परत डालें. इसके ऊपर कटे हुए मेवे और फिर फल रखें. इसी तरह परतें बनाते रहें जब तक गिलास भर न जाए. अंत में चिया सीड्स छिड़कें और इसे कुछ देर के लिए रहने दें. बस, आपका हेल्दी नाश्ता तैयार है!
चीज पालक पावर टोस्ट
चीज पालक पावर टोस्ट एक गरम और ऊर्जा देने वाला नाश्ता है. इसमें चीज से विटामिन B12 मिलता है, जबकि पालक आयरन और फाइबर प्रदान करता है. यह आपको लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है और सर्दियों की व्यस्त सुबहों में जल्दी बनने वाला पौष्टिक विकल्प साबित होता है.
- बनाने की विधि: एक पैन को धीमी आँच पर गर्म करें और उसमें मक्खन डालें. जब मक्खन पिघल जाए, तो कटा हुआ प्याज़ डालकर 1–2 मिनट भूनें. अब इसमें कटा हुआ पालक डालें और तब तक पकाएँ जब तक वह नरम न हो जाए और उसकी नमी सूख न जाए. इसके बाद नमक, काली मिर्च और हर्ब्स मिलाकर आँच बंद कर दें. अब इस पालक वाले मिश्रण को ब्रेड के स्लाइस पर समान रूप से फैला दें. ऊपर से कद्दूकस किया हुआ फेटा चीज डालें.
इसे ढक्कन लगाकर पैन में टोस्ट करें, या फिर माइक्रोवेव/ओवन में 180°C पर 8–10 मिनट तक बेक करें, जब तक चीज अच्छी तरह पिघल न जाए. जब टोस्ट कुरकुरा हो जाए और चीज पिघल जाए, तो इसे काटकर गरमागरम परोसें.
यह भी पढ़ें :- कुकिंग ऑयल का री-यूज करना कितना हो सकता है खतरनाक? कैंसर सर्जन ने दी चेतावनी
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।















