दुनिया के नामचीन टूरिस्ट प्लेस पर एसी की खोज

Authored By: अरुण श्रीवास्तव

Published On: Sunday, August 18, 2024

portofino tourist place
portofino tourist place

शहरों में उमसभरी गर्मी में लोग एसी के बिना नहीं रह पाते, पर क्या आपको पता है कि इटली के मशहूर टूरिस्ट प्लेस पोर्टोफिनो में तापमान चाहे जितना चढ़ जाए, बिना प्रशासन की अनुमति के कोई एसी नहीं लगवा सकता। आखिर क्यों, आइए जानते हैं...

Authored By: अरुण श्रीवास्तव

Last Updated On: Sunday, August 18, 2024

अगर आपसे कहा जाए कि इमारतों में लगे एसी की खोज प्रशासन के द्वारा की जा रही है तो शायद एकबार भी यकीन न करें, लेकिन है यह सौ फीसदी सच। और भी आश्चर्य की बात है कि यह स्थान दुनिया के सबसे खूबसूरत, नामी और महंगे टूरिस्ट स्पाट में से एक है। यहां बात हो रही है इटली के पोर्टोफिनो की। कहा तो इसे गांव जाता है, लेकिन इतना खूबसूरत है कि बड़ी-बड़ी हस्तियां यहां छुट्टियां मनाने के साथ वैवाहिक कार्यक्रम और अन्य अहम इवेंट सेलिब्रेट करने आती हैं। अनंत अंबानी की शादी की लंबी रस्मों की सूची में पोर्टोफिनो भी शामिल था और यहां आयोजित इवेंट पर 1,200 करोड़ से अधिक रुपये खर्च हुए थे। इसी पोर्टोफिनो (Portofino) में प्रशासन एसी यूनिट्स लगाने को लेकर खासा सख्त है और कहां चोरी-छिपे बिना अनुमति एसी लगे हैं, उसकी पड़ताल में जुटा है। पोर्टोफिनो अपने अत्यंत खूबसूरत तट के अलावा पेस्टल कलर की इमारतों के लिए दुनिया भर में विख्यात है। बेहद छोटे इस इटैलियन गांव की आबादी तो केवल 379 है, लेकिन यहां विजिटर पूरी दुनिया से आते हैं। अब जहां अमीर लोग आते हों, वहां भला एसी लगाने पर रोक-टोक क्यों? वह भी बढ़ती हुई भीषण गर्मी के बीच। यही तो दिलचस्प पहलू है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पोर्टोफिनो (Portofino) में लगातार गर्मी बढ़ रही है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। जाहिर है कि लोगों के लिए एसी लग्जरी नहीं, जरूरत बन चुका है और इस पर रोक लोगों को सुहा नहीं रही है। खबरों के अनुसार पोर्टोफिनो में एसी लगाना मना नहीं है, बस इसके लिए नगर पालिका से अनुमित चाहिए। यदि अनुमति नहीं है तो एसी नहीं लगा सकते। इसी कारण पुलिस-प्रशासन बिना अनुमति के लगाए गए एसी खोज रहा है। फाइन भी लग रहा है। पतली गलियों में और मुख्य मार्गों पर भी घर-घर देखा जा रहा है कि कहीं छिपाकर एसी तो नहीं लगा है। लोग भी खूब हैं। एसी को इस तरह से लगा रहे हैं कि वह इस स्थान की इमारतों के खास रंग-ढंग में इस तरह एसी यूनिट लगा रहे हैं कि वे दिखे नहीं या फिर पहचान में न आएं। जनवरी से अब तक जून तक 37 एसी पकड़े जाने की बात मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आई है। पोर्टोफिनो के मेयर मैटियो वायाकावा के जो बयान सामने आए हैं, वे कहते हैं कि पिछली सर्दी से एक बेहद पतली गली में अतिक्रमण करते हुए किसी ने एसी लगा लिया। गर्मी बढ़ रही है। प्रशासन का इरादा किसी को तकलीफ देने का नहीं है, लेकिन पर्यावरण और इस स्थान की सुंदरता और एतिहासिकता के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता है। दरअसल पोर्टोफिनो करीब नौ दशक से एक नेशनल पार्क का हिस्सा है और पर्यावरण के लिहाज से बेहद संवेदनशील स्थान है। जाहिर है कि इस अहम स्थान को संरक्षित रखने के लिए प्रशासन का फैसला सही है। अब देखना है कि उसकी यह एसी खोजो मुहिम कितनी कामयाब रहती है।

अरुण श्रीवास्तव पिछले करीब 34 वर्ष से हिंदी पत्रकारिता की मुख्य धारा में सक्रिय हैं। लगभग 20 वर्ष तक देश के नंबर वन हिंदी समाचार पत्र दैनिक जागरण में फीचर संपादक के पद पर कार्य करने का अनुभव। इस दौरान जागरण के फीचर को जीवंत (Live) बनाने में प्रमुख योगदान दिया। दैनिक जागरण में करीब 15 वर्ष तक अनवरत करियर काउंसलर का कॉलम प्रकाशित। इसके तहत 30,000 से अधिक युवाओं को मार्गदर्शन। दैनिक जागरण से पहले सिविल सर्विसेज क्रॉनिकल (हिंदी), चाणक्य सिविल सर्विसेज टुडे और कॉम्पिटिशन सक्सेस रिव्यू के संपादक रहे। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, साहित्य, संस्कृति, शिक्षा, करियर, मोटिवेशनल विषयों पर लेखन में रुचि। 1000 से अधिक आलेख प्रकाशित।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें