Weather Forecast
Weather Update: असम में बाढ़ से 98 मौतें, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, UP-बिहार में भी मौसम बिगड़ा
Authored By: Nishant Singh
Published On: Saturday, August 8, 2026
Last Updated On: Saturday, August 8, 2026
Weather Update: मानसून की सक्रियता से देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है. IMD ने यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है. वहीं असम में बाढ़ से 98 लोगों की मौत और लाखों लोगों के प्रभावित होने की खबर है.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Saturday, August 8, 2026
Weather Update: मानसून की तेज बारिश ने देश के कई हिस्सों में मुश्किलें बढ़ा दी हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. वहीं असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है, जहां अब तक 98 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है.
कई राज्यों में आंधी-बारिश का खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को कई राज्यों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. बंगाल और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके कारण पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर तेज रह सकता है.
मौसम विभाग की प्रमुख चेतावनियां:
- कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना.
- कुछ क्षेत्रों में 60 से 75 किमी प्रति घंटे की तेज हवा.
- कुछ जगहों पर आंधी और ओलावृष्टि का खतरा.
- ओडिशा में 8 अगस्त को बहुत भारी बारिश की आशंका.
दिल्ली से हिमाचल तक बदलेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में शनिवार को मध्यम से तेज बारिश का अनुमान है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
UP-बिहार में आंधी के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और आसपास के कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है. यहां कुछ स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बिहार में भी कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. पटना, गया, बक्सर, सीवान, सारण, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल और भागलपुर समेत कई क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
असम में बाढ़ ने बढ़ाई चिंता
असम में बारिश और बाढ़ का असर सबसे गंभीर नजर आ रहा है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 98 हो गई है. 13 जिलों में करीब 1.55 लाख लोग प्रभावित हैं और 464 गांव बाढ़ की चपेट में हैं. शिवसागर, गोलाघाट, नागांव, धेमाजी, दरांग, लखीमपुर और जोरहाट समेत कई जिलों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है.
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को तेज बारिश और आंधी के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की जरूरत है.
यह भी पढ़ें :- हिमाचल में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, 798 करोड़ का नुकसान, 145 सड़कें बंद, बिजली-पानी व्यवस्था भी प्रभावित














