Weather Forecast
दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से बदला मौसम, जलभराव और जाम ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
Authored By: Nishant Singh
Published On: Monday, August 24, 2026
Last Updated On: Monday, August 24, 2026
Weather: दिल्ली-NCR में सोमवार को अचानक मौसम बदला और दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद व गुरुग्राम के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई. बारिश के साथ हवाओं और बिजली की चेतावनी के बीच एमबी रोड समेत कई जगहों पर जलभराव और भीषण जाम ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. अगले कुछ घंटे सावधानी जरूरी है.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Monday, August 24, 2026
Weather: दिल्ली-NCR में सोमवार को अचानक मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई. घने बादलों ने दिन में ही अंधेरा कर दिया, वहीं बारिश के साथ बिजली चमकने और गरज की आवाज ने मौसम का असर और बढ़ा दिया. मौसम के इस बदलाव से लोगों को उमस से राहत मिली, लेकिन सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक की परेशानी भी सामने आने लगी.
इन इलाकों में तेज बारिश का असर
अगले दो घंटों के दौरान दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कुछ हिस्सों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि, पूरे NCR में मौसम एक जैसा नहीं रहेगा. कुछ जगहों पर जोरदार बारिश हो सकती है, जबकि आसपास के इलाकों में हल्की फुहारें या केवल बादल छाए रह सकते हैं. बारिश के दौरान विजिबिलिटी कम होने से वाहन चालकों को भी परेशानी हो सकती है.
25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बारिश के साथ तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिल सकता है. हवाओं की रफ्तार करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. ऐसे मौसम में पेड़ों, कमजोर होर्डिंग और निर्माणाधीन ढांचों के आसपास खड़े होने से बचना जरूरी है. खासकर दोपहिया वाहन चालकों को तेज हवा और फिसलन भरी सड़कों पर अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी.
एमबी रोड पर लगा लंबा जाम
बारिश का सीधा असर दिल्ली के ट्रैफिक पर भी दिखाई दिया. एमबी रोड पर संगम विहार के पास भारी जाम लग गया, जहां कई लोग करीब एक घंटे तक फंसे रहे. ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों से लेकर एयरपोर्ट और साकेत कोर्ट जाने वाले लोगों तक को परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार भी काफी धीमी हो गई.
फ्लाइट और ड्यूटी तक पहुंचने की चिंता
जाम में फंसे यात्रियों की परेशानी उस वक्त और बढ़ गई जब उन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने की चिंता सताने लगी. एक कैब सवार ने बताया कि उसकी दोपहर 1 बजे की फ्लाइट है और वह काफी देर से जाम में फंसा है. वहीं, वायुसेना कर्मियों ने भी रोजाना जाम के कारण ड्यूटी पर समय से पहुंचने में होने वाली दिक्कत का जिक्र किया.
अगले कुछ घंटे रहें सतर्क
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए अगले कुछ घंटों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान गैर-जरूरी यात्रा से बचना बेहतर होगा. अगर बाहर निकलना जरूरी हो तो जलभराव वाले रास्तों से दूरी रखें और ट्रैफिक की स्थिति देखकर ही सफर करें. दिल्ली-NCR में बारिश राहत के साथ-साथ फिलहाल ट्रैफिक और जलभराव की चुनौती भी लेकर आई है.
यह भी पढ़ें :- Weather Update: असम में बाढ़ से 98 मौतें, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, UP-बिहार में भी मौसम बिगड़ा














