SIR पर सियासी संग्राम, पक्ष-विपक्ष कर रही है ऐसी तैयारी

Authored By: सतीश झा

Published On: Tuesday, July 15, 2025

Last Updated On: Tuesday, July 15, 2025

बिहार में SIR को लेकर लालू यादव और नीतीश कुमार की सियासी प्रतिक्रिया, वोटर लिस्ट पर घमासान
बिहार में SIR को लेकर लालू यादव और नीतीश कुमार की सियासी प्रतिक्रिया, वोटर लिस्ट पर घमासान

बिहार में चल रहे मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) को लेकर जहां विपक्ष लगातार सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है, वहीं अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) भी इस मुद्दे पर सतर्क हो गई है. वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर विपक्षी दलों के आरोपों के बीच बीजेपी को आशंका है कि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में उसके समर्थक मतदाता सूची से बाहर हो सकते हैं. इसी को लेकर पार्टी के अंदरूनी स्तर पर हलचल तेज हो गई है. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर INDIA गठबंधन पूरी सक्रियता से मैदान में उतर आया है. गठबंधन की समन्वय समिति के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने घटक दलों के सभी जिलास्तरीय अध्यक्षों के साथ ऑनलाइन बैठक की और उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए कि इस अभियान में एक भी मतदाता छूटने नहीं पाए. तेजस्वी यादव ने कहा कि “यह सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद है. हर नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो, यह हमारी जिम्मेदारी है. हमारे घटक दलों के नेता, कार्यकर्ता, पंचायत से लेकर प्रखंड स्तर तक यह सुनिश्चित करें कि कोई भी नाम छूटने न पाए.”

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Tuesday, July 15, 2025

Bihar Voter List SIR: बिहार में विधानसभा चुनावों (Bihar Assembly Election 2025) से पहले मतदाता सूची (Voter List) का यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) सभी दलों के लिए एक संवेदनशील और राजनीतिक रूप से अहम मुद्दा बन गया है. जहां एक ओर INDIA गठबंधन इसे बड़ा चुनावी मुद्दा बना रहा है. वहीं BJP भी अब पूरी सतर्कता के साथ बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुट गई है.

भीखूभाई दलसानिया ने दिया विशेष टास्क

BJP के प्रदेश महासचिव (संगठन) भीखूभाई दलसानिया ने हाल ही में हुई एक बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर मतदाताओं से सीधा संवाद करें. उनकी समस्याएं सुनें और पुनरीक्षण प्रक्रिया में पार्टी समर्थकों को शामिल करने में मदद करें. उन्होंने साफ कहा कि हर समर्थक का नाम वोटर लिस्ट में बने रहना चाहिए. कोई भी मतदाता छूटे नहीं, इसके लिए बूथ स्तर पर मजबूत उपस्थिति जरूरी है.

दसलानिया ने दिए बूथ एजेंटों को सक्रिय करने के निर्देश

सूत्रों के अनुसार, BJP के वरिष्ठ नेता दसलानिया ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (BLA) अधिकतम पोलिंग बूथों पर पहुंचें और पुनरीक्षण प्रक्रिया पर नजर बनाए रखें. उन्होंने कहा, “हर बूथ पर हमारी मौजूदगी जरूरी है. अगर किसी भी समर्थक का नाम छूटता है या हटाया जाता है तो तुरंत उसका संज्ञान लेकर सुधार की प्रक्रिया शुरू की जाए.”

बीजेपी की प्लानिंग में बीएल संतोष की अहम भूमिका

BJP के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष (B L Santosh) हाल ही में बिहार के राजगीर और मुजफ्फरपुर में पहुंचे थे. उन्होंने एक उच्चस्तरीय बैठक की जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों और SIR को लेकर जनता की प्रतिक्रियाएं जानी गईं. बैठक में यह भी सामने आया कि कई मतदाताओं को अब तक आवेदन के लिए दूसरा फॉर्म नहीं मिला है. कई लोगों से फॉर्म लेने तक की प्रक्रिया नहीं हुई है.

क्या कहती है जमीनी रिपोर्ट?

BJP के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “लोगों की चिंताएं वाजिब हैं। चुनाव आयोग द्वारा तेजी से कराए जा रहे इस पुनरीक्षण कार्यक्रम में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित होनी चाहिए.” बिहार में मतदाता सूची को लेकर मचा राजनीतिक घमासान यह दर्शाता है कि सभी दल इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक आधार तैयार करने का अहम साधन मान रहे हैं. जहां विपक्ष जनाधार बचाने के लिए मैदान में उतरा है, वहीं बीजेपी अब संगठनात्मक शक्ति के सहारे जवाबी मोर्चा संभालने की तैयारी में है.

विपक्ष के आरोपों से सावधान

विपक्ष की ओर से बार-बार यह आरोप लगाया जा रहा है कि मतदाता सूची से दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों के नाम जानबूझकर हटाए जा रहे हैं. BJP इन आरोपों को निराधार बता रही है, लेकिन उसने अपनी तैयारी तेज कर दी है ताकि कोई भी राजनीतिक नुकसान न उठाना पड़े.

स्थानीय स्तर पर बनाए जाएंगे कंट्रोल रूम

तेजस्वी यादव ने बैठक में सुझाव दिया कि हर जिले में कंट्रोल रूम या हेल्पलाइन स्थापित की जाए, ताकि आम लोगों को फॉर्म भरने, दस्तावेज जुटाने और अन्य तकनीकी समस्याओं में मदद मिल सके. तेजस्वी ने बिना नाम लिए सत्ताधारी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ ताकतें जानबूझकर गरीब, दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के वोटरों के नाम कटवाने की साजिश रच रही हैं. INDIA गठबंधन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा और हर स्तर पर संघर्ष करेगा.

तेजस्वी यादव का यह बयान बताता है कि आगामी चुनावों से पहले INDIA गठबंधन मतदाता सूची के मुद्दे को बड़ा चुनावी हथियार बनाने की तैयारी में है. उनका उद्देश्य स्पष्ट है—हर मतदाता को अधिकार दिलाना और लोकतंत्र की मजबूती के लिए अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाना.

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें