Assembly Election News
तेजस्वी यादव सहित विपक्षी नेता पीएम मोदी पर कर रहे हैं सियासी हमला, क्या है पूरी कहानी?
Authored By: सतीश झा
Published On: Thursday, August 7, 2025
Last Updated On: Thursday, August 7, 2025
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत टैरिफ (शुल्क) लगाए जाने के फैसले ने भारत की सियासत को गर्मा दिया है. इस मुद्दे पर राजद (RJD) नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने प्रधानमंत्री की चुप्पी को "कमज़ोरी" करार देते हुए कहा कि मोदी अमेरिका के इशारों पर नाच रहे हैं. इस बयान के बाद विपक्ष के कई अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा है. इसके साथ ही दूसरे विपक्षी दलों के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) की नीतियों और कार्यशैली को लेकर कटाक्ष किया है.
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Thursday, August 7, 2025
Tejashwi Yadav Attack on PM Modi: हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने भारत से आयात की जाने वाली कुछ प्रमुख वस्तुओं पर 50% तक का अतिरिक्त शुल्क लगाने का आदेश दिया है. इस फैसले से भारत के कृषि, वस्त्र और आईटी सेक्टर पर असर पड़ने की आशंका है. वहीं ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उन्होंने भारत और चीन के बीच “तनाव कम कराया है” और इस दिशा में अहम भूमिका निभाई है.
पटना में पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा, “ट्रंप ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया और 28 बार दावा किया कि उन्होंने युद्धविराम कराया. लेकिन हमारे प्रधानमंत्री अब तक चुप हैं. क्या यह चुप्पी डर का संकेत नहीं है? क्या यह देश की संप्रभुता से समझौता नहीं है?” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी (Narandra Modi) अब पहले जैसे मजबूत नहीं रहे और वे अंतरराष्ट्रीय दबाव में फैसले ले रहे हैं.
भारत के लिए क्या हैं संभावित प्रभाव?
इस निर्णय से भारत के कृषि उत्पाद, औद्योगिक सामान, आईटी और वस्त्र क्षेत्र पर सीधा प्रभाव पड़ सकता है. भारत के कई निर्यातकों और व्यापारिक संगठनों ने इस फैसले को “एकतरफा और कठोर” बताया है और भारत सरकार से इस पर कूटनीतिक प्रतिक्रिया की मांग की है. ट्रंप के इस कदम के बाद भारत में राजनीतिक पारा चढ़ गया है. विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं. राजद नेता तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार की “चुप्पी” पर हमला बोला है.
अमेरिका भारत पर 50% टैरिफ लगाएगा, तो हमें भी देना चाहिए मुंहतोड़ जवाब
कांग्रेस सांसद डॉ. शशि थरूर ने कहा कि यह निर्णय भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों को नुकसान पहुंचा सकता है और भारत को इसका कड़ा जवाब देना चाहिए. एक संवाददाता सम्मेलन में शशि थरूर ने कहा, “भारत और अमेरिका के बीच 90 बिलियन डॉलर का ट्रेड है. अगर हर चीज़ 50% महंगी हो जाएगी, तो खरीदार भी सोचेंगे कि भारतीय सामान क्यों खरीदें? इसका सीधा असर हमारे निर्यात पर पड़ेगा.” थरूर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत को जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए. अगर अमेरिका हमारे खिलाफ इस तरह का व्यवहार करता है, तो हमें भी उनके निर्यात पर 50 प्रतिशत शुल्क लगा देना चाहिए. यह कोई तरीका नहीं है कि कोई भी देश हमें धमकी दे और हम चुप रहें.
प्रधानमंत्री मोदी को देना चाहिए ट्रंप को कड़ा जवाब, आत्मनिर्भरता की राह अपनाए देश
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पर सवाल उठाए हैं. मसूद ने कहा कि इस मामले में भारत को “कमज़ोर प्रतिक्रिया” नहीं देनी चाहिए, बल्कि अमेरिका को कड़ा और स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए. मीडिया से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा, “हमारी ओर से प्रधानमंत्री मोदी को इस मामले में कड़ा जवाब देना चाहिए. अमेरिका का यह फैसला भारत की संप्रभुता और व्यापारिक हितों के खिलाफ है. यह सिर्फ एक व्यापारिक निर्णय नहीं, बल्कि एक राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश है.”
इमरान मसूद ने इस मौके पर देश की आर्थिक नीति और आत्मनिर्भरता की दिशा में गंभीर प्रश्न उठाए. उन्होंने कहा, “हमें अब उत्पादन-रहित अर्थव्यवस्था से हटकर उस दिशा में जाना चाहिए जहाँ हम आत्मनिर्भर बन सकें। हमारे देश में संसाधनों की कोई कमी नहीं है. हमारे पास प्रकृति का आशीर्वाद है—जमीन, जल, ऊर्जा और श्रम—लेकिन हम उसका उचित उपयोग क्यों नहीं कर पा रहे?” उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत को वैश्विक दबावों से बचना है, तो उसे स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देना होगा.अगर हम हर चीज़ के लिए विदेश पर निर्भर रहेंगे, तो कभी न कभी इस तरह के आर्थिक हमले होते रहेंगे. अब समय है कि हम देश को एक मज़बूत उत्पादन आधारित अर्थव्यवस्था में बदलें.
भारत को सोच-समझकर कदम उठाने की जरूरत
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत पर रूसी तेल खरीद को लेकर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने के फैसले पर चिंता जाहिर की है. महुआ माजी ने कहा, “हमें अपनी विदेश नीति पर गौर करने की जरूरत है. इससे देश में महंगाई बढ़ेगी लेकिन भारत के लोग हर परिस्थिति में जीना जानते हैं.” उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में भारत को हर कदम बहुत सोच-समझकर उठाना चाहिए. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में हुए “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि किसी भी संकट के समय कोई भी देश भारत की सहायता के लिए आगे नहीं आ रहा है. उन्होंने कहा, “यह समय भारत के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है और हमें वैश्विक संबंधों में आत्मनिर्भरता और संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता है.”
डुप्लिकेट EPIC नंबर मामले में बोले तेजस्वी यादव – मुझे EC से कोई नोटिस नहीं मिला
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने डुप्लिकेट EPIC (मतदाता पहचान पत्र) नंबर के मामले पर सफाई देते हुए कहा है कि उन्हें चुनाव आयोग (EC) से कोई आधिकारिक नोटिस नहीं मिला है. उन्होंने साफ किया कि उन्हें केवल पटना ज़िला निर्वाचन कार्यालय से एक नोटिस प्राप्त हुआ है, जिसका वे जल्द ही उचित जवाब देंगे. पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “अगर एक ही व्यक्ति को दो EPIC नंबर जारी होते हैं, तो ये गलती किसकी है? क्या मैं उन्हें जारी करता हूँ? यह पूरी तरह से जारी करने वाले प्राधिकरण की ज़िम्मेदारी है.” उन्होंने आगे कहा, “मुझे चुनाव आयोग से कोई नोटिस नहीं मिला है. मुझे केवल पटना ज़िला निर्वाचन कार्यालय से नोटिस मिला है और मैं उसका उत्तर देने जा रहा हूँ. लेकिन सवाल ये है कि पहले गलती की जाए और फिर मुझसे स्पष्टीकरण मांगा जाए, क्या ऐसा पहले कभी हुआ है?”
ये भी पढ़ें:- वाकई तेजस्वी का नाम कट गया वोटर लिस्ट से, क्या है असली कहानी?















