धर्मेंद्र की विरासत पर सवाल, 450 करोड़ की संपत्ति किसकी होगी? एक्टर की दो शादियों से 6 बच्चे

Authored By: Nishant Singh

Published On: Tuesday, November 25, 2025

Updated On: Tuesday, November 25, 2025

Dharmendra's Legacy in Question: दो शादियों से 6 बच्चों के बीच 450 करोड़ की संपत्ति का भविष्य.

बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र के जाने के बाद अब एक बड़ा और दिलचस्प सवाल उठ खड़ा हुआ है कि उनकी करोड़ों की दौलत का वारिस आखिर कौन होगा? दो शादियां, बड़ा परिवार और कानून के पेचीदा नियम… कहानी उतनी आसान नहीं जितनी दिखती है। कौन ले जाएगा यह विरासत और किसका नाम बाहर रह जाएगा? जवाब सीधा नहीं, लेकिन बेहद चौंकाने वाला है…….

Authored By: Nishant Singh

Updated On: Tuesday, November 25, 2025

Dharmendra’s Legacy in Question: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और ही-मैन के नाम से मशहूर धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं हैं. 89 साल की उम्र में उनका निधन होने के बाद अब सबसे बड़ी चर्चा इस बात की है कि उनकी करोड़ों की संपत्ति आखिर किसके हिस्से आएगी. धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में न सिर्फ नाम और सम्मान कमाया, बल्कि करोड़ों की संपत्ति भी बनाई. उनके जाने के बाद ये सवाल और भी बड़ा हो गया है क्योंकि उनकी निजी जिंदगी जटिल रही और उन्होंने दो शादियां की थीं, जिससे उनका परिवार काफी बड़ा हो चुका है.

धर्मेंद्र की कमाई और संपत्ति – कितना है साम्राज्य?

रिपोर्ट्स के अनुसार धर्मेंद्र की कुल नेटवर्थ लगभग 400 से 450 करोड़ रुपये के बीच है. उन्होंने सिर्फ फिल्मों से ही नहीं बल्कि ब्रांड एंडोर्समेंट, बिजनेस डील और अन्य निवेशों से भी बड़ी संपत्ति खड़ी की. मुंबई में उनका शानदार बंगला, लोनावला और खंडाला में फैले फार्महाउस उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल का हिस्सा रहे. इसी के साथ उनका फूड ब्रांड और रेस्टोरेंट चेन “गरम-धरम” आज कई शहरों में सफलतापूर्वक चल रहा है. धर्मेंद्र अक्सर शहर की भीड़ से दूर अपने फार्महाउस में रहना पसंद करते थे, जहां वो खेती और प्रकृति के बीच समय बिताते थे.

दो शादियां, बड़ा परिवार – कौन है असली वारिस?

धर्मेंद्र की व्यक्तिगत जिंदगी हमेशा सुर्खियों में रही, खासकर उनकी दो शादियों की वजह से. उनकी पहली शादी प्रकाश कौर से हुई थी और इस रिश्ते से उन्हें चार बच्चे हुए सनी देओल, बॉबी देओल, अजीता देओल और विजेता देओल. बाद में उन्होंने अभिनेत्री हेमा मालिनी से शादी की, जिससे उनकी दो बेटियां हुईं ईशा देओल और अहाना देओल. इस तरह धर्मेंद्र के कुल छह बच्चे हैं. लेकिन जब बात विरासत की आती है तो सवाल उठता है कि क्या दोनों पत्नी और सभी बच्चे इस संपत्ति के हकदार होंगे?

कानूनी नजरिये से वारिस कौन?

कानून इस मामले को काफी स्पष्ट रूप से समझाता है. 2023 में सुप्रीम कोर्ट के एक अहम फैसले के बाद यह साफ हो चुका है कि अगर किसी व्यक्ति की दूसरी शादी हिंदू मैरिज एक्ट के तहत वैध नहीं मानी जाती, तब भी उस शादी से जन्मे बच्चे कानूनी तौर पर वैध होते हैं और उन्हें माता-पिता की संपत्ति पर बराबर का अधिकार मिलता है. इसका मतलब यह है कि धर्मेंद्र की पहली शादी से हुए चारों बच्चों और दूसरी शादी से हुई दोनों बेटियों को उनकी व्यक्तिगत संपत्ति पर बराबर का अधिकार मिलेगा.

क्या हेमा मालिनी को भी मिलेगा हिस्सा?

यहां सबसे दिलचस्प बात यह आती है कि कानूनी रूप से हेमा मालिनी धर्मेंद्र की संपत्ति की वारिस नहीं होंगी. क्योंकि उनकी शादी हिंदू विवाह अधिनियम के तहत विधिक रूप से मान्य नहीं मानी जाती, ऐसे में उन्हें विरासत में हिस्सा नहीं मिलेगा. हां, अगर धर्मेंद्र ने अपनी वसीयत में उनका नाम शामिल किया होता, तब स्थिति अलग होती। लेकिन अभी तक ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

संपत्ति का बंटवारा कैसे होगा?

हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के तहत धर्मेंद्र की निजी कमाई और संपत्ति छह हिस्सों में विभाजित होगी. उनके छह बच्चों सनी देओल, बॉबी देओल, अजीता देओल, विजेता देओल, ईशा देओल और अहाना देओल को बराबर हिस्सेदारी मिलेगी. कानून के अनुसार पैतृक संपत्ति में सीधा दावा नहीं होता, बल्कि उनके नाम आए हिस्से के आधार पर वितरण होता है और वही संपत्ति आगे बंटेगी.

दौलत बांटेगी लेकिन यादें नहीं

धर्मेंद्र सिर्फ एक नाम नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की एक विरासत थे. उनकी संपत्ति आज भले ही छह हिस्सों में बंट जाए, लेकिन उनकी छवि, उनकी फिल्में और उनका लोगों से जुड़ाव कभी नहीं बंटेगा. उनके नाम पर चल रही चर्चा चाहे कानूनी हो या पारिवारिक, लेकिन उनकी पहचान हमेशा वही रहेगी- सिनेमा का असली ही-मैन.

यह भी पढ़ें :- दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 89 की उम्र में निधन, फिल्म इंडस्ट्री और परिवार में शोक की लहर

About the Author: Nishant Singh
निशांत कुमार सिंह एक पैसनेट कंटेंट राइटर और डिजिटल मार्केटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और जनसंचार का गहरा अनुभव है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए आकर्षक आर्टिकल लिखने और कंटेंट को ऑप्टिमाइज़ करने में माहिर, निशांत हर लेख में क्रिएटिविटीऔर स्ट्रेटेजी लाते हैं। उनकी विशेषज्ञता SEO-फ्रेंडली और प्रभावशाली कंटेंट बनाने में है, जो दर्शकों से जुड़ता है।

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण