States News
स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली के छत्रशाल स्टेडियम में कौन फहराएगा तिरंगा
Authored By: गुंजन शांडिल्य
Published On: Friday, August 9, 2024
Last Updated On: Friday, August 9, 2024
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। यहां लाख टके का सवाल यही है कि स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली सरकार के मुख्य कार्यक्रम में तिरंगा कौन फहराएगा?
Authored By: गुंजन शांडिल्य
Last Updated On: Friday, August 9, 2024
अगले सप्ताह देश 78 वां स्वतंत्रता दिवस मनाने वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के लाल किला पर तिरंगा फहराएंगे। वहीं विभिन्न राज्यों में मुख्यमंत्री 15 अगस्त को तिरंगा फहराएंगे। लेकिन दिल्ली में क्या? दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल में हैं। यहां लाख टके का सवाल यही है कि दिल्ली में कौन तिरंगा फहराएगा? अब उच्चतम न्यायालय झंडा फहराने के लिए अंतरिम जमानत देने से रहा। तो फिर क्या होगा? क्योंकि दिल्ली के मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस पर छत्रसाल स्टेडियम में तिरंगा फहराते हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पिछले साल तक स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेते थे और झंडा फहराते रहे हैं। इस बार इस कार्यक्रम को लेकर पेंच फंस गया है।
दिल्ली में कौन फहराएगा झंडा
अरविंद केजरीवाल जिद पर अड़े हुए हैं। तभी तो उन्होंने जेल जाने के बाद भी इस्तीफा नहीं दिया। कहा यही जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल जेल से ही सरकार चला रहे हैं। पर ऐसा है नहीं। एक-दो नहीं बल्कि प्रतिदिन की रूटिंग सरकारी कार्य भी दिल्ली में नहीं हो रहा है। 15 अगस्त आने के बाद स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कैसे शामिल होंगे। छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में झंडा वे कैसे फहराएंगे। दिल्ली सरकार और जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सामने ये नई समस्या सामने आई है। कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल का उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को भेजा गया एक एक पत्र से इस समस्या का निदान निकाला गया है। इस पत्र में दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस पर झंडा फहराने वाले का नाम है।
मुख्यमंत्री के पत्र में क्या है?
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जेल से दिल्ली के उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में मुख्यमंत्री ने उप राज्यपाल को बताया है कि 15 अगस्त को छत्रसाल स्टेडियम में तिरंगा कौन फहराएगा? सूत्र बताते हैं कि पत्र में मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी का नाम लिखें हैं। यानी दिल्ली सरकार के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मंत्री आतिशी झंडा फहराएंगी। आतिशी का नाम सामने आने के बाद मुख्य विपक्षी भाजपा और लोकसभा में आम आदमी पार्टी के साथ चुनाव लड़ने वाला कांग्रेस, दोनों ने प्रोटोकॉल का हवाला दिया है। दोनों परटीऑन ने केजरीवाल के इस फैसले का विरोध किया है।
मुख्यमंत्री नहीं तो उप राज्यपाल: भाजपा
भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस मसले पर कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के प्रोटोकॉल के तहत सिर्फ मुख्यमंत्री ही ध्वजारोहण कर सकते हैं। यदि मुख्यमंत्री उपलब्ध नहीं हैं तो उपराज्यपाक ध्वजारोहण करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, केजरीवाल जी को यदि अपने मंत्री आतिशी पर विश्वास है तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। आतिशी को मुख्यमंत्री का शपथ लेना चाहिए। तभी दिल्ली सरकार के मुख्य समारोह में वे ध्वजारोहण कर सकेंगी। अन्यथा उप राज्यपाल तिरंगा फहराएंगे।’ उन्होंने कह कि 1991-93 तक, फिर 2014 में दिल्ली में कोई मुख्यमंत्री नहीं था। तब उप राज्यपाल ने ही मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया था।
नहीं मिला है पत्र
आम आदमी पार्टी और दिल्ली सरकार के सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आतिशी के नाम वाला पत्र उप राज्यपाल को लिखा है। जबकि उप राज्यपाल कार्यालय इससे इंकार करता है। उप राज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने कहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कोई भी पत्र अभी प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में कहा जाने लगा है कि 15 अगस्त को झंडा फहराने के लिए विवाद शुरू होने वाला है। यदि उप राज्यपाल कार्यालय मंत्री आतिशी को झंडा फहराने के अनुमति नहीं देते हैं तो एक बार फिर नया विवाद शुरू होने वाला है।













