OCA के पहले भारतीय अध्यक्ष बने राजा रणधीर सिंह, क्यों इस पद से हटाया गया कुवैत के शेख को

OCA के पहले भारतीय अध्यक्ष बने राजा रणधीर सिंह, क्यों इस पद से हटाया गया कुवैत के शेख को

Authored By: सतीश झा

Published On: Monday, September 9, 2024

Categories: National, Sports

Updated On: Monday, September 9, 2024

Raja Randhir Singh OCA

अपने दो दशक से अधिक के शानदार शूटिंग करियर के बाद, राजा रणधीर सिंह ने विभिन्न खेल निकायों जैसे भारतीय ओलंपिक संघ और भारतीय ओलंपिक परिषद में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने वैश्विक स्तर पर ओलंपिक मूल्यों और आदर्शों को बढ़ावा देने का कार्य जारी रखा है। उनकी और उनके परिवार की विरासत ने पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरित किया है और वे आज भी प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।

पूर्व भारतीय निशानेबाज और अनुभवी खेल प्रशासक राजा रणधीर सिंह (Raja Randhir Singh) को रविवार को नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित एशियाई ओलंपिक परिषद (OCA) की 44वीं महासभा में सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। राजा रणधीर सिंह ओसीए के पहले भारतीय अध्यक्ष बने हैं, और उनके इस ऐतिहासिक चयन पर देशभर से शुभकामनाएं मिल रही हैं।

ओसीए अध्यक्ष चुने जाने वाले पहले भारतीय बने रणधीर सिंह

अनुभवी खेल प्रशासक राजा रणधीर सिंह (Raja Randhir Singh)  एशियाई ओलंपिक परिषद (ओसीए) के अध्यक्ष चुने जाने वाले पहले भारतीय बन गये। पांच बार के ओलंपिक निशानेबाज रणधीर ओसीए अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र योग्य उम्मीदवार थे। उनका कार्यकाल 2024 से 2028 तक रहेगा।उनका चयन सर्वसम्मति से किया गया। यह 77 वर्षीय कुशल प्रशासक 2021 से ओसीए के कार्यवाहक अध्यक्ष थे। उन्होंने कुवैत के शेख अहमद अल-फहद अल-सबा की जगह ली है, जिन पर नैतिकता के उल्लंघन के कारण इस साल मई में खेल प्रशासन से 15 साल का प्रतिबंध लगा दिया गया था।

मानद डॉक्टरेट सहित कई सम्मान

राजा रणधीर सिंह (Raja Randhir Singh) को खेल जगत में अपने छह दशक लंबे योगदान के लिए ओलंपिक ऑर्डर, 2014 में सिल्वर, 2005 में ओसीए मेरिट अवार्ड, 2006 में एएनओसी से मेरिट अवार्ड, और लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान से साहित्य में मानद डॉक्टरेट सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।

भारत के ओलंपिक खिलाड़ियों ने दी है बधाई

2008 के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने कहा, “श्री रणधीर सिंह को ओसीए के अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई। एक ओलंपियन और एक नेता के रूप में खेल के प्रति उनका दशकों का समर्पण वैश्विक खेल समुदाय में एक अमिट छाप छोड़ गया है। मुझे विश्वास है कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में ओसीए ओलंपिक आदर्शों को आगे बढ़ाएगा और एशिया में खेल के मानकों को ऊंचाई देगा।”

पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली निशानेबाज मनु भाकर ने कहा, “राजा रणधीर सिंह सर को ओसीए के अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई। एक खिलाड़ी और एक नेता के रूप में भारतीय खेल समुदाय में उनके योगदान ने सभी पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरित किया है। उनके नेतृत्व में ओसीए निश्चित रूप से एशिया के खेल जगत के लिए शानदार परिणाम लाएगा।”

2012 के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज मैरी कॉम ने कहा, “राजा रणधीर सिंह सर को ओसीए के अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई। उनके प्रेरक व्यक्तित्व और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें खेल जगत के इतिहास में अमर बना दिया है। उनके इस नए अध्याय के साथ, मुझे विश्वास है कि वे एशिया में खेल संस्कृति को और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”

2012 के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता निशानेबाज और पेरिस ओलंपिक में भारत के शेफ-डे-मीशन गगन नारंग ने कहा, “राजा रणधीर सिंह सर का ओसीए का नेतृत्व करना हम भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है। खेल के प्रति उनकी वर्षों की प्रतिबद्धता ने हमें हमेशा प्रेरित किया है। उनके मार्गदर्शन में एशिया के खेल जगत में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।”

टेनिस लीजेंड महेश भूपति ने कहा, “मैंने उन्हें पहली बार 1996 के ओलंपिक में मिला था। वह हमारे देश के लिए एक महान खेल प्रशासक रहे हैं। मुझे गर्व है कि वह ओसीए के अध्यक्ष बने हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि वह अब एशियाई स्तर पर खेलों को आगे बढ़ाने का अपना विरासत जारी रखेंगे।”

About the Author: सतीश झा
समसामायिक मुद्दों पर बीते दो दशक से लेखन। समाज को लोकदृष्टि से देखते हुए उसे शब्द रूप में सभी के सामने लाने की कोशिश।

Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें