Entertainment News
फिल्म ‘तुम्बाड’ ने दोबारा रिलीज होने पर की जबरदस्त कमाई, 6 साल पहले हुई थी रिलीज
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Tuesday, September 17, 2024
Last Updated On: Tuesday, September 17, 2024
फिल्म 'तुम्बाड' छह साल बाद दोबारा से सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। 6 साल पहले फ्लॉप रही फिल्म को इस बार दर्शकों का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। 13 सितंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने तीन दिनों में अच्छी कमाई की है।
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Tuesday, September 17, 2024
फिल्म ‘तुम्बाड’ (Tumbbad) सबसे पहले 12 अक्टूबर, 2018 में रिलीज हुई थी। छह साल बाद निर्देशक राही अनिल बर्वे की ये फिल्म एक बार फिर दर्शकों के सामने आई है। जिस फिल्म को तब लोगों ने नकार दिया था, उसे दोबारा रिलीज होने के बाद काफी प्यार मिल रहा है। फिल्म ने अच्छी कमाई की है। अभिनेता सोहम शाह अभिनीत इस फिल्म ने पहले दिन ही करीब 1.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। जबकि 2018 में फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 65 लाख रुपये की कमाई की थी।
2018 में की थी 12 करोड़ रुपये की कमाई
बताते हैं कि दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने 2.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। वहीं, तीसरे दिन फिल्म का कलेक्शन और बढ़ गया। रविवार को 3.25 करोड़ रुपये की कमाई हुई। इस प्रकार, कुल कलेक्शन अब 7.50 करोड़ रुपये हो गया है। 2018 में जहां दुनिया भर में फिल्म ने सिर्फ 12 करोड़ रुपये की कमाई की थी, उसके मुकाबले तीन दिनों में साढ़े सात करोड़ की कमाई कमाल की बात है। ‘तुम्बाड’ ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर भी उपलब्ध है।
(हिन्दुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)













