महाकालेश्वर की पूजा करने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने कई समारोह में लिया भाग, कही ये बात

Authored By: सतीश झा

Published On: Thursday, September 19, 2024

President Draupadi Murmu

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार को उज्जैन के ग्राम ढेंडिया स्थित रुद्राक्ष होटल में स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार को उज्जैन में सफाई मित्रों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने सफाई मित्रों रश्मि टांकले, किरण खोड़े, शोभा घावरी, अनिता चावरे और गोपाल खरे का सम्मान भी किया। राष्ट्रपति ने 1692 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उज्जैन-इंदौर सिक्स-लेन मार्ग का भूमि-पूजन भी किया।

Authored By: सतीश झा

Updated On: Thursday, September 19, 2024

राष्ट्रपति मुर्मू (President Murmu) ने प्रदर्शनी में विभिन्न स्टॉल्स पर जाकर अनुपयोगी कपड़ों से तैयार की गई दुलार किट, नारियल के अपशिष्ट और गोबर से बनाए गए उत्पाद, सूखे कचरे का सही निपटारा कर बने बहुउपयोगी उत्पाद, और श्रीमहाकालेश्वर मंदिर (Shrimahakaleshwar Temple) में अर्पित किए गए फूलों और निर्माल्य से बने उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अगरबत्ती और अन्य उत्पाद बनाने की मशीनों, निर्माल्य प्र-संस्करण, सफाई मित्रों के लिए सुरक्षा उपकरण और शून्य अपशिष्ट आयोजन के स्टॉल्स का भी अवलोकन किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण के लिए सभी आगे बढ़ें।

स्वच्छता ही देश को स्वस्थ और विकसित बना सकती 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि  स्वच्छता ही देश को स्वस्थ और विकसित बना सकती है। देश का प्रत्येक व्यक्ति इस कार्य में सहयोग करे और सब मिलकर देश को विकसित राष्ट्र बनायें। मध्य प्रदेश ने शहरी और ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। मध्य प्रदेश के कई शहरों को सफाई के लिए श्रेष्ठ शहर घोषित किया गया है। इंदौर निरन्तर 7वीं बार देश का स्वच्छतम शहर घोषित हुआ है। भोपाल स्वच्छतम राजधानी बनी है। राष्ट्रपति ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (Chief Minister Dr. Mohan Yadav) और उनकी पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी। प्रदर्शनी स्थल पर राष्ट्रपति ने सफाईकर्मियों पूनम सारवान, दीपक थनवार, विधि संगत, राधा धावरे और ज्योति टांक से संवाद किया, उनके कार्यों की सराहना की और स्वच्छता अभियान में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रपति ने 1692 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उज्जैन-इंदौर सिक्स-लेन मार्ग का भूमि-पूजन किया

राष्ट्रपति मुर्मु गुरुवार को उज्जैन में सफाई मित्रों के सम्मान समारोह को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने सफाई मित्रों रश्मि टांकले, किरण खोड़े, शोभा घावरी, अनिता चावरे और गोपाल खरे का सम्मान भी किया। राष्ट्रपति ने 1692 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उज्जैन-इंदौर सिक्स-लेन मार्ग का भूमि-पूजन भी किया। प्रारम्भ में राष्ट्रपति मुर्मु का राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और उन्हें श्रीमहाकाल लोक की प्रतिकृति प्रदान की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी भी उपस्थित थे।

अवन्तिका बाबा महाकाल की पवित्र, दिव्य एवं पावन नगरी

राष्ट्रपति ने कहा कि अवन्तिका बाबा महाकाल की पवित्र, दिव्य एवं पावन नगरी है। गुप्तकाल भारतीय इतिहास का स्वर्ण युग रहा है और उस समय उज्जैन भारत का महत्वपूर्ण नगर था। यहां संस्कृति और सभ्यता की प्राचीन परम्परा है। राष्ट्रपति ने कहा कि आज से 2000 वर्ष पूर्व उज्जैन परिवहन व्यवस्था का उत्कृष्ट केन्द्र था। यह अन्तरराष्ट्रीय व्यापार का केन्द्र भी था। महाकवि कालिदास ने मेघदूत में उज्जयिनी की विशालता और भव्यता का अदभुत चित्रण किया है। देवलोक में जो महत्व अल्कापुरी नगरी का है, वही महत्व पृथ्वी पर उज्जैन नगरी का बताया गया है। मैं बाबा महाकाल, अवन्तिका नगरी और पवित्र शिप्रा नदी को प्रणाम करती हूँ।

उन्होंने कहा कि उज्जैन एवं प्रदेश में समग्र विकास के अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में आज उज्जैन में उज्जैन-इंदौर सिक्सलेन मार्ग का भूमि-पूजन किया गया है। यहां विक्रम उद्योगपुरी मेडिकल डिवाइसेस पार्क बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में एक्सप्रेस-वे एवं एलीवेटेड कॉरिडोर बनाये जा रहे हैं। इन सभी के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयास सराहनीय हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि सफाईकर्मी अग्रिम पंक्ति के स्वच्छता योद्धा हैं। इन्हें आज सम्मानित कर मैं गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। हम सफाईकर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और कल्याण को सुरक्षित करेंगे। देश में “मेन होल” को समाप्त कर अब “मशीन होल” बनाये जा रहे हैं। सफाईकर्मियों को लाभान्वित करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। मध्य प्रदेश ने इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।

राज्यपाल ने उज्जैन में राष्ट्रपति के आगमन पर प्रदेशवासियों की ओर से अभिनंदन किया

राज्यपाल पटेल ने मध्य प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक नगरी उज्जैन में राष्ट्रपति के आगमन पर प्रदेशवासियों की ओर से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि आध्यात्मिक केन्द्र उज्जैन में आयोजित सफाई मित्र सम्मेलन देश में स्वच्छता केवल जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि पवित्र सेवा का संदेश प्रसारित करेगा। स्वच्छता अभियान की यह पहल सफाई मित्रों की प्रतिबद्धता के साथ स्वच्छ, स्वस्थ और आध्यात्मिक रुप से सशक्त देश के निर्माण का संदेश प्रसारित करेगी।

आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा : मुख्यमंत्री

presicent draupadi murmu and cm mohan yadav

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज का दिन स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह दिन ऐतिहासिक होकर नई सौगात लेकर आया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कामों से दुनिया के सबसे बडे़ लोकतंत्र का गौरव हासिल करने के प्रत्येक आयामों को छुआ है। मध्य प्रदेश, देश के सभी राज्यों में स्वच्छता के लिए दूसरे नम्बर पर आया है, यह हम सबका सौभाग्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने निर्णय लिया है कि स्वच्छता अभियान को ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले स्वच्छताकर्मियों के योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक नगर की स्टार रैकिंग के हिसाब से स्वच्छताकर्मियों के प्रति स्टार रैंकिंग पर एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उज्जैन को तीन स्टार मिले हैं, इसलिए यहां के सभी स्वच्छताकर्मियों को तीन-तीन हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पाषाण शिल्प को महत्व देने के लिए महाकाल लोक की सभी प्रतिमाएं पाषाण की बनवाएंगे। इससे प्रदेश में पत्थर शिल्प को प्रोत्साहन मिलेगा। राजस्थान के साथ मध्य प्रदेश भी अब पत्थर शिल्प में स्थान हासिल करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राष्ट्रपति द्वारा इंदौर से उज्जैन को जोड़ने के लिए 1692 करोड़ रुपये लागत से 6 लेन सड़क के निर्माण का शुभारम्भ किया गया है। इससे उज्जैन न केवल इंदौर से बल्कि पूरे देश से जुड़ेगा और आध्यात्मिक नगरी उज्जैन आने-जाने के लिए मार्ग सुलभ होगा।

समारोह में उज्जैन के विकास कार्यों को लेकर बनाई गई लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें उज्जैन में होने वाले विकास कार्यों को दर्शाया गया। समारोह का शुभारम्भ एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण