राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा ने चौतरफा हमला बोला, बयानों के कारण हो रहा है विरोध प्रदर्शन

Authored By: सतीश झा

Published On: Wednesday, September 11, 2024

Last Updated On: Wednesday, September 11, 2024

Rahul Gandhi texax speech
Rahul Gandhi texax speech

दिल्ली भाजपा के सिख प्रकोष्ठ ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता राहुल गांधी के खिलाफ उनके आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विरोध का कारण राहुल गांधी द्वारा सिख समुदाय के संबंध में दिए गए विवादास्पद बयान हैं, जिन्हें भाजपा ने सिखों की भावनाओं को आहत करने वाला बताया है।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Wednesday, September 11, 2024

भाजपा दिल्ली के सिख प्रकोष्ठ ने सिख समुदाय पर दिए गए बयान को लेकर लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। बीजेपी नेता आरपी सिंह (RP Singh) ने इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने विदेशी धरती का इस्तेमाल भारत को बदनाम करने और सिख समुदाय के खिलाफ गलत बयानबाजी के लिए किया। उन्होंने कहा कि राहुल का बयान, जिसमें कहा गया कि “सिखों को पगड़ी पहनने और गुरुद्वारे में जाने की इजाजत नहीं है,” सिखों के खिलाफ असत्य और अपमानजनक है।

आरपी सिंह ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि इस तरह के बयान न केवल सिख समुदाय के लिए अपमानजनक हैं, बल्कि यह भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और सिख समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अमेरिका में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के बयानों और उनसे मिलने वालों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इससे साफ होता जा रहा है कि कांग्रेस का हाथ भारत विरोधियों के साथ है। अफजल गुरू की पहली बरसी पर जेएनयू जाने, उसकी फांसी 6 महीने तक लटकाने, याकूब मेमन और बुरहान वानी की शव यात्रा में शामिल होने, कश्मीर को भारत से अलग करने की साजिश रचने वालों का साथ देने, राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से मिले धन और किसी समझौते की चर्चा करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से देश की एकता को धता बताकर, उसे कमजोर करने वाले और विभाजित करने वाली सोच के साथ रही है।

राहुल अब बचकानी नहीं, शैतानी हरकतें कर रहे हैंः सुधांशु त्रिवेदी

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी (Sudhanshu Trivedi) ने बुधवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अमेरिका प्रवास के दौरान कल राहुल गांधी भारत विरोधी अमेरिकी सांसद एलान उमर से मिले। एलान उमर हमेशा से पाकिस्तान समर्थक और भारत विरोध के लिए जाने जाते हैं। राहुल बतौर सांसद और अब नेता प्रतिपक्ष कभी भारत समर्थक अमेरिकी सांसद गिलमैने, एकरमैन से नहीं मिले, अब तुलसी गबार्ड से भी नहीं मिलेंगे। लेकिन भारत विरोधी पत्रकार मुसिप्फकुल फजर के साथ वे फोटो खिंचाकर इतराते हैं। भारत विरोधी गुरपतवंत पन्नू ने भी राहुल गांधी की तारीफ की है। साफ है कि राहुल गांधी भारत विरोधियों में अधिक लोकप्रिय हैं । राहुल गांधी भारत के पहले ऐसे प्रतिपक्ष के नेता हैं, जो विदेश में जाकर भारत की कमियों और यहां स्वतंत्रता न होने की बात करते हैं।

चचा (सैम पित्रोदा) ने कहा है कि अब ये पप्पू नहीं रहे

सुधांशु त्रिवेदी (Sudhanshu Trivedi) ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल के चचा (सैम पित्रोदा) ने कहा है कि अब ये पप्पू नहीं रहे। उनका कहना सच है, क्योंकि राहुल गांधी पहले बचकानी हरकतें करते थे पर वे अब ऐसी शैतानी हरकतें कर रहे हैं, जो देश के लिए घातक हैं। राहुल गांधी चीन की उपलब्धियों का बखान करते हैं पर यह कभी नहीं बोलते कि चीन के रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री और अली बाबा के प्रमुख जैक मा कहां गायब हो गए। इसके बावजूद एक तानाशाह देश में उन्हें बोलने की स्वतंत्रता दिखाई देती है और भारत में डर दिखाई देता है। भारत के लोकतंत्र और अभिव्यक्ति के स्वातंत्र्य को लांक्षित करने का कोई भी अवसर राहुल गांधी हाथ से जाने नहीं देते हैं। उनके भाषण उठाकर देख लीजिए, भारत के बारे में चार अच्छे बोल सुनने को नहीं मिलेंगे।

भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी (Sudhanshu Trivedi) ने कहा कि वो दिन हवा हो गए, जब विदेशी ताकतें भारत की बांह मरोड़ सकें। एक दौर था जब विदेशी प्रेरणा और समर्थन के बल पर लोग भारत को आंखें दिखाते थे। राहुल गांधी अभी भी उसी मानसिकता में जी रहे हैं, इसीलिए विदेशी दौरों के समय वे भारत विरोधी वक्तव्य देते हैं। पर उन्हें याद रखना चाहिए कि अबका भारत किसी के दबाव और प्रभाव में आने वाला नहीं है। यह नया भारत और बढ़ता भारत है।

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें