गुजरात सरकार की सेवाओं में एआई तकनीक को बढ़ावा देने पर मंथन
Authored By: सतीश झा
Published On: Friday, November 22, 2024
Updated On: Friday, November 22, 2024
गुजरात सरकार के 11वें चिंतन शिविर के दूसरे दिन शुक्रवार को "सरकारी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए डीप टेक्नोलॉजी का उपयोग" और "एआई एवं डेटा एनालिटिक्स" विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति में इस सत्र में विशेषज्ञ वक्ताओं ने एआई तकनीक के उपयोग से जनहित कार्यों को नई दिशा देने पर जोर दिया।
Authored By: सतीश झा
Updated On: Friday, November 22, 2024
सत्र में एनवीडिया के निदेशक जिगर हालाणी (Jigar Halani) ने बताया कि किस तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग सरकारी सेवाओं को अधिक सुलभ और प्रभावी बना सकता है। उन्होंने गुजरात को एआई मॉडल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं और वर्तमान में चल रहे कार्यों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ अब एआई के माध्यम से 23 भाषाओं में सुना जा सकता है, और न्यायालयों में भी एआई का प्रभावी उपयोग हो रहा है।
एआई का जनहित और रोजगार में उपयोग
जिगर हालाणी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से समझाया कि राज्य सरकार किस प्रकार लोक-कल्याणकारी अभियानों को एआई तकनीक के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सरलता से पहुंचा सकती है। उन्होंने गुजरात की समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और कलाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि एआई का उपयोग स्थानीय कला और कारीगरों को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में कैसे किया जा सकता है।
वैश्विक बाजार में स्थानीय उत्पादों का विस्तार
सत्र में एआई के माध्यम से स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रदर्शित करने और उनके व्यापार को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। हालाणी ने बताया कि गुजरात के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार प्रदान करने के लिए एआई तकनीक मील का पत्थर साबित हो सकती है। इसके लिए सरकार द्वारा उठाए जाने वाले कदमों पर विस्तृत चर्चा की गई।
विकसित भारत विजन की दिशा में एआई का योगदान
मुख्यमंत्री और उच्चाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन के अनुरूप एआई तकनीक को उभरते हुए क्षेत्र के रूप में अपनाने और राज्य के सर्वांगीण विकास में उसके उपयोग पर विचार-विमर्श किया। इस सत्र में राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव राज कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।















