हिमाचल प्रदेश में बढ़ी सर्दी, माइनस में पहुंचा लाहौल-स्पीति का पारा

हिमाचल प्रदेश में बढ़ी सर्दी, माइनस में पहुंचा लाहौल-स्पीति का पारा

Authored By: अंशु सिंह

Published On: Friday, October 18, 2024

Last Updated On: Saturday, April 26, 2025

wheather changed in himanchal pradesh
wheather changed in himanchal pradesh

हिमाचल प्रदेश में 22 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आने और मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश का अनुमान है। इस दौरान अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने के भी आसार हैं। 24 अक्टूबर को भी अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब रहेगा। इससे पर्वतीय हिस्सों में ठंड का प्रकोप बढ़ जाएगा।

Authored By: अंशु सिंह

Last Updated On: Saturday, April 26, 2025

हिमाचल प्रदेश में चल रहे शुष्क मौसम के बीच न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से रातें सर्द होनी शुरू हो गई हैं। राज्य में गुरुवार की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही और पारा शून्य से नीचे चला गया। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान -0.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सर्दी में पहली बार लाहौल-स्पीति में पारा जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और शिमला जिला के कई स्थानों का पारा तेज़ी से गिरा है। हालात यह हैं कि लाहौल-स्पीति और किन्नौर सहित अन्य उच्च पर्वतीय इलाकों में रात को पड़ रही भीषण ठंड से प्राकृतिक जलस्रोतों, नदियों व झरनों का पानी जमना शुरू हो गया है।

लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में 1.6 डिग्री रहा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 24 घंटे के दौरान रात के पार में 0.4 डिग्री की गिरावट आई है। लाहौल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री, केलंग में 2.1 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में 4.4 डिग्री, समधो में 5.5 डिग्री और रिकांगपिओ में 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। शिमला जिला के नारकंडा में न्यूनतम तापमान 7.9 और विख्यात पर्यटन स्थल मनाली में 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि शिमला शहर का पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। शिमला में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री, सुंदरनगर में 12.1 डिग्री, भुंतर में 10.6 डिग्री, धर्मशाला में 15.6 डिग्री, ऊना में 14.6 डिग्री, नाहन में 17.9 डिग्री, पालमपुर में 12.5 डिग्री, सोलन में 10.4 डिग्री, कांगड़ा में 14.2 डिग्री, मंडी में 15.5 डिग्री, बिलासपुर में 16.5 डिग्री, चम्बा में 14.1 डिग्री, डल्हौजी में 13.7 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 14.5 डिग्री, कुफ़री में 10.9 डिग्री, भरमौर में 11.2 डिग्री, धौलाकुआं में 16.7 डिग्री और कसौली में 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

22 अक्टूबर को बर्फबारी की आशंका

इस बीच राजधानी शिमला सहित राज्य के अन्य स्थानों पर शुक्रवार को धूप खिली है। बीते 24 घंटे में कांगड़ा जिला के पालमपुर में सात मिलीमीटर वर्षा हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 19, 20 व 21 अक्टूबर को राज्यभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। 22 अक्टूबर को मैदानी इलाकों को छोड़कर अन्य हिस्सों में बारिश-बर्फबारी होने का अनुमान है। 23 अक्टूबर को मौसम के साफ रहने के आसार हैं जबकि 24 अक्टूबर को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू व चम्बा जिलों के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

(हिंदुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)

About the Author: अंशु सिंह
अंशु सिंह पिछले बीस वर्षों से हिंदी पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। उनका कार्यकाल देश के प्रमुख समाचार पत्र दैनिक जागरण और अन्य राष्ट्रीय समाचार माध्यमों में प्रेरणादायक लेखन और संपादकीय योगदान के लिए उल्लेखनीय है। उन्होंने शिक्षा एवं करियर, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक मुद्दों, संस्कृति, प्रौद्योगिकी, यात्रा एवं पर्यटन, जीवनशैली और मनोरंजन जैसे विषयों पर कई प्रभावशाली लेख लिखे हैं। उनकी लेखनी में गहरी सामाजिक समझ और प्रगतिशील दृष्टिकोण की झलक मिलती है, जो पाठकों को न केवल जानकारी बल्कि प्रेरणा भी प्रदान करती है। उनके द्वारा लिखे गए सैकड़ों आलेख पाठकों के बीच गहरी छाप छोड़ चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य राज्य खबरें