वेनेजुएला पर अमेरिकी हमला: जाने वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और फर्स्ट लेडी को क्यों उठा ले गई अमेरिकी सैनिक

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Monday, January 5, 2026

Last Updated On: Monday, January 5, 2026

American Attack on Venezuela के बीच राष्ट्रपति मादुरो और फर्स्ट लेडी की गिरफ्तारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल.
American Attack on Venezuela के बीच राष्ट्रपति मादुरो और फर्स्ट लेडी की गिरफ्तारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल.

वेनेजुएला की राजधानी काराकास में आधी रात के बाद अचानक लड़ाकू विमानों की गड़गड़ाहट गूंजने लगी. फिर एक के बाद एक शहर के अलग-अलग इलाकों में कम से कम सात धमाके हुए. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बाद में दावा किया कि काराकास में अमेरिका ने हमले किए थे.

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Monday, January 5, 2026

American Attack on Venezuela:  आज सुबह जैसे ही दुनिया ने आंखें खोलीं, अंतरराष्ट्रीय राजनीति के नक्शे पर एक ऐसा दावा उभरा, जिसने यकीन और अविश्वास के बीच की रेखा धुंधली कर दी. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक ऐसा दावा किया, जिससे पूरी दुनिया चौंक गईं.

उनके मुताबिक अमेरिका ने वेनेजुएला में एक बड़े पैमाने का सैन्य ऑपरेशन चलाकर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी, प्रथम महिला सिलिया फ्लोर्स को हिरासत में ले लिया है. इन दोनों को देश से बाहर निकाल दिया है. यह दावा जितना सनसनीखेज था, उतना ही विस्फोटक इसके निहितार्थ भी हैं.

ट्रंप के शब्दों में, ‘यह सफल और निर्णायक कार्रवाई थी. वेनेजुएला के नेतृत्व के खिलाफ सीधा प्रहार था. पोस्ट के कुछ ही मिनटों में दुनिया भर की एजेंसियां हरकत में आ गईं. सवाल एक ही था, ‘क्या वाकई लैटिन अमेरिका के सबसे विवादित शासकों में से एक का अंत इस तरह हो गया है?’

धमाकों और दहशत की रात

स्थानीय समय के मुताबिक आधी रात के बाद काराकास के आसमान में अचानक लड़ाकू विमानों की गड़गड़ाहट गूंजी. शहर के अलग-अलग इलाकों में कम से कम सात तेज धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं. चश्मदीदों के मुताबिक, विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ रहे थे. मानो किसी लक्ष्य को तलाशते हुए. बिजली गुल हो गई. फोन नेटवर्क गड़बड़ करने लगा. कुछ ही पलों में वेनेजुएला की राजधानी अफवाहों से भर गई. बाद में खबरें आईं कि यह ऑपरेशन सिर्फ काराकास तक सीमित नहीं था. कम से कम चार अन्य शहरों में भी हमले हुए. यह पूरी कार्रवाई करीब आधे घंटे में खत्म भी कर दी गई.

अमेरिकी मीडिया से छनकर आई जानकारी के अनुसार, इस ऑपरेशन में स्पेशल फोर्सेज (कथित तौर पर डेल्टा फोर्स) के साथ अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों की भूमिका भी थी. इनका लक्ष्य स्पष्ट था. राष्ट्रपति मादुरो को उनके सुरक्षित ठिकाने से निकालना. बिना किसी आम लोगों को नुकसान और परेशान किए.

बस ड्राइवर से राष्ट्रपति तक

निकोलस मादुरो की कहानी वेनेजुएला की राजनीति की सबसे असामान्य यात्राओं में गिनी जाती है. 1962 में जन्मे मादुरो ने जीवन की शुरुआत बस ड्राइवर और मेट्रो यूनियन नेता के रूप में की थी. वहीं से उनका संपर्क वामपंथी राजनीति और ह्यूगो चावेज़ के आंदोलन से हुआ. चावेज़ के भरोसेमंद सिपाही के रूप में उन्होंने विदेश मंत्री की कुर्सी संभाली. उन्होंने ALBA और CELAC जैसे क्षेत्रीय मंचों के गठन में भूमिका निभाई. फिर वे 2012 में उपराष्ट्रपति बन गए. चावेज़ की मृत्यु के बाद 2013 में सत्ता उनके हाथ आई. और यहीं से शुरू हुआ एक ऐसा दौर, जिसे उनके समर्थक ‘क्रांति की निरंतरता’ कहते हैं और आलोचक ‘आर्थिक तबाही’ बताते हैं.

मादुरो के शासनकाल में वेनेजुएला महंगाई, खाद्य संकट, भारी विरोध प्रदर्शनों और कड़े अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से जूझता रहा. अमेरिका ने उन पर नार्को-टेररिज्म जैसे गंभीर आरोप लगाए. 2025 में उनकी सरकार को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित करने का दावा किया गया.

  • अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेजुएला में सैन्य ऑपरेशन का किया दावा.
  • हमले के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ने का भी किया दावा.
  • मादुरो राष्ट्रपति से पहले उपराष्ट्रपति और विदेश मंत्री भी रह चुके हैं.
  • कहा जाता है कि मादुरो के कार्यकाल में देश आर्थिक संकट, विरोध प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा है.

कौन हैं फर्स्ट लेडी सिलिया फ्लोर्स?

राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की पत्नी सिलिया फ्लोर्स की कहानी भी कम रोचक नहीं है. राष्ट्रपति मादुरो की पूरी कहानी में उनकी सिलिया फ्लोर्स कोई परछाई नहीं रहीं. 15 जून 1956 को कोजेडेस राज्य के टीनाक्विलो में जन्मी फ्लोर्स पेशे से वकील हैं. ह्यूगो चावेज़ के दौर में उन्होंने राजनीति में तेजी से जगह बनाई. वह 2006 से 2011 के बीच नेशनल असेंबली की अध्यक्ष रहीं. इस पद ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दी. बाद में अटॉर्नी जनरल कार्यालय और संविधान सभा में उनकी भूमिका ने उन्हें सत्ता के केंद्र में बनाए रखा.

वर्ष 2013 में मादुरो के राष्ट्रपति बनते ही फ्लोर्स सिर्फ प्रथम महिला नहीं रहीं. वे शासन की रणनीति और निर्णय-प्रक्रिया का अहम हिस्सा बन गईं. मादुरो के समर्थक उन्हें ‘प्रथम लड़ाकू’ भी कहते रहे हैं. एक ऐसी नेता जो पर्दे के पीछे नहीं, बल्कि सत्ता के मंच पर मौजूद रहती हैं.

बिन लादेन ऑपरेशन की गूंज

जिस तरह से मादुरो और फ्लोर्स को देश से बाहर ले जाने का दावा किया गया है, इस घटना ने 2011 के ऐबटाबाद ऑपरेशन की यादें ताज़ा कर दीं. उस समय भी अचानक हमला किया गया था. समय बहुत कम था.

ऑपरेशन बहुत ही गोपनीय था. लगभग उसी रणनीति और शैली में अमेरिकी फोर्स ने वेनेजुएला में हमला किया. और राष्ट्रपति और प्रथम लेडी को उठा ले गई. यहां सवाल सिर्फ आतंकवाद का नहीं, बल्कि संप्रभु राष्ट्र के निर्वाचित (या विवादित) राष्ट्रपति का भी है.

लैटिन अमेरिका में अमेरिकी हस्तक्षेप

ट्रंप का दावा, अगर सच साबित होता है तो यह लैटिन अमेरिका में अमेरिकी हस्तक्षेप के इतिहास में एक नया अध्याय होगा. वेनेजुएला के भीतर सत्ता का शून्य, क्षेत्रीय अस्थिरता और वैश्विक कूटनीतिक टकराव आदि सब कुछ दांव पर है. दूसरी ओर, अगर यह सिर्फ इन्फोर्मेशन युद्ध का हिस्सा है, तो इसका उद्देश्य भी कम बड़ा नहीं.

फिलहाल, दुनिया काराकास में हुए हमले को समझने की कोशिश कर रही है. सुपरसोनिक गड़गड़ाहट के बीच इतिहास के पलट जाने का दावा किया जा रहा है. सच क्या है, यह आने वाले कुछ समय में पता चलेगा. लेकिन इतना तय है कि आज सुबह सिर्फ एक खबर नहीं लाई, यह एक भू-राजनीतिक भूचाल का संकेत भी दे गई है.

यह भी पढ़ें :- Iran Protest Live: उबलता ईरान, 50 शहरों में विद्रोह, खामेनेई के खिलाफ आग, झड़पों में कई लोगों की मौत

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।

Leave A Comment

अन्य खबरें