Special Coverage
नेपाल में अशांति के बीच भारत ने बंद किया बॉर्डर, मैत्री बस सेवा भी स्थगित
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Thursday, September 11, 2025
Last Updated On: Thursday, September 11, 2025
नेपाल में जारी अशांति का असर भारत-नेपाल संबंधों पर भी दिखने लगा है. भारत ने सीमा पूरी तरह से बंद कर दी है और दिल्ली–काठमांडो के बीच चलने वाली मैत्री बस सेवा को स्थगित कर दिया गया है. स्थिति सामान्य होने तक यह सेवा बंद रहेगी.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Thursday, September 11, 2025
Nepal Border Closure India Unrest: नेपाल में लगातार बढ़ रही हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता का असर अब भारत पर भी पड़ रहा है. सीमा सुरक्षा बल ने भारत-नेपाल बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया है ताकि किसी तरह की अवैध आवाजाही न हो सके. वहीं, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने लोकप्रिय दिल्ली–काठमांडो मैत्री बस सेवा को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है. यह बस सेवा दोनों देशों के रिश्तों का प्रतीक मानी जाती रही है और यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय भी थी. फिलहाल कारोबार पूरी तरह ठप है और दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.
दिल्ली-काठमांडो मैत्री बस सेवा ठप
मीडिया को दिए एक बयान में डीटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-काठमांडो मैत्री बस सेवा भारत और नेपाल के बीच मजबूत रिश्तों का प्रतीक है और यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय भी रही है. फिलहाल हम इसे स्थगित कर रहे हैं. स्थिति सामान्य होने पर सेवा दोबारा शुरू की जाएगी. दिल्ली–काठमांडो मार्ग पर यह बस 1,167 किलोमीटर की दूरी तय करती है. किराया 2,800 रुपये तय है. सेवा सप्ताह में छह दिन उपलब्ध रहती है. सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को डीटीसी की वोल्वो बसें जबकि मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को नेपाल की मञ्जुश्री यातायत की मार्को पोलो बसें चलती हैं.
गौर करने वाली बात है कि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) अब तक नेपाल की जेलों से फरार हुए 35 कैदियों को पकड़ चुकी है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इनमें से 22 कैदी उत्तर प्रदेश में भारत-नेपाल बॉर्डर से, 10 कैदी बिहार से और 3 कैदी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किए गए हैं.
नेपाल से सुरक्षित निकाले जा रहे भारतीय नागरिक
इसके साथ ही भारत सरकार ने नेपाल में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने की पहल भी तेज कर दी है. एयर इंडिया के बाद अब इंडिगो एयरलाइंस ने भी 11 सितंबर से काठमांडू के लिए विशेष उड़ानें शुरू करने का ऐलान किया है. कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “काठमांडू की मौजूदा स्थिति में हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है कि आप सुरक्षित रूप से अपने परिवार और करीबियों से मिल सकें.” इंडिगो ने बताया कि 11 सितंबर से काठमांडू आने-जाने के लिए रोज़ाना 4 निर्धारित उड़ानें चलाई जाएंगी.
अंतरिम सरकार के गठन को लेकर अहम बैठक आज
वहीं, नेपाल की सियासी हलचल भी जारी है. अंतरिम सरकार के गठन को लेकर आज एक और अहम बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में Gen-Z के प्रतिनिधि राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से मुलाकात करेंगे. चर्चा के दौरान नेपाली सेना के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे. बताया जा रहा है कि Gen-Z प्रतिनिधि पहले ही अंतरिम सरकार के नए प्रधानमंत्री के तौर पर पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की के नाम पर सहमति जता चुके हैं. ऐसे में आज की बातचीत से इस फैसले को औपचारिक रूप देने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें:- नेपाल को चीन के आगे क्यों झुकना पड़ा? हर 5 साल में चढ़ावा भेजने की क्या थी मजबूरी?













