अमेरिका ने पांच साल के लियाम को क्यों किया गिरफ्तार: ट्रंप की इमिग्रेशन पॉलिसी फिर कठघरे में

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Published On: Friday, January 23, 2026

Last Updated On: Friday, January 23, 2026

Trump Immigration Policy Child Arrest मामले से जुड़ी प्रतीकात्मक तस्वीर
Trump Immigration Policy Child Arrest मामले से जुड़ी प्रतीकात्मक तस्वीर

ट्रंप प्रशासन की इमिग्रेशन पॉलिसी आज सिर्फ अप्रवासियों की नहीं, बल्कि अमेरिकी मूल्यों की भी परीक्षा ले रही है. इस परीक्षा में फिलहाल, सत्ता कठघरे में है. और लियाम की डरी हुई आंखें गवाह हैं.

Authored By: गुंजन शांडिल्य

Last Updated On: Friday, January 23, 2026

Trump Immigration Policy Child Arrest: मिनेसोटा के कोलंबिया हाइट्स की एक शांत आवासीय गली में कुछ नकाबपोश और भारी हथियारों से लैस पुलिस ने स्कूल से लौट रहे एक पांच साल के एक बच्चे को हिरासत में लिया. बच्चे का नाम लियाम कोनेजो रामोस है. हथियारों से लैस नकाबपोश इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के एजेंट थे.

अमेरिकी प्रशासन की इस कार्रवाई ने पूरी दुनिया को हतप्रभ कर दिया. पांच वर्षीय लियाम की गिरफ़्तारी को ट्रंप प्रशासन इमिग्रेशन ऑपरेशन नहीं कहा जा सकता. यह अमेरिकी लोकतंत्र, मानवाधिकार और नैतिकता, तीनों की सार्वजनिक परीक्षा थी. इसे अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने तार-तार कर दिया.

लियाम की गिरफ्तारी के बाद नीली टोपी, स्पाइडर-मैन बैकपैक और डरी हुई आंखों वाला यह बच्चा ट्रंप की सख़्त इमिग्रेशन नीति का चेहरा बन गया है. इस घटना के बाद देश के अंदर और बाहर ट्रंप की आलोचना शुरू हो गई है.

बच्चे को बनाया चारा

स्कूल प्रशासन और स्थानीय गवाहों के मुताबिक, लियाम को उसकी मां को घर से बाहर निकालने के लिए ‘चारा’ के तौर पर इस्तेमाल किया गया. स्कूल अधिकारियों, पड़ोसियों और घर में मौजूद एक वयस्क ने बच्चे को अपने साथ ले जाने की पेशकश की. लेकिन ICE कर्मचारियों ने इन सभी विकल्पों को ठुकरा दिया. यहां सीधा सा सवाल है कि अगर बच्चे की सुरक्षा ही प्राथमिकता थी, तो उसे समुदाय की देखरेख में क्यों नहीं छोड़ा गया?

कोलंबिया हाइट्स पब्लिक स्कूल डिस्ट्रिक्ट की सुपरिटेंडेंट ज़ेना स्टेनविक का सवाल भी अमेरिकी सत्ता से टकराता है. उन्होंने कहा, ‘आप मुझे यह नहीं बता सकते कि यह बच्चा कोई हिंसक अपराधी है.’

सरकार बनाम स्कूल

अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) का दावा है कि लियाम के पिता भाग गए थे. उन्होंने अपने बच्चे को छोड़ दिया था. लेकिन स्कूल प्रशासन, पड़ोसी और प्रत्यक्षदर्शी इसके उलट कहानी बताते हैं. दो अलग-अलग बयानों से झूठ को सच नहीं बनाया जा सकता. यह सत्ता और ज़मीनी सच्चाई के बीच का संघर्ष है.

अगर पिता और बच्चा दोनों शरणार्थी के तौर पर कानूनी रूप से अमेरिका में मौजूद थे और उनका शरण मामला लंबित था, तो सवाल उठता है कि क्या ट्रंप प्रशासन में कानूनी मौजूदगी अब कोई मायने नहीं रखती?

ट्रंप युग की नीति: डर को हथियार बनाना

डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व वाली इमिग्रेशन नीति एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं रह गई है. यह उनका एक राजनीतिक हथियार बन गई है. ICE कर्मचारियों का स्कूलों के आसपास घूमना, बसों का पीछा करना और बच्चों को हिरासत में लेना, ये सभी कार्रवाइयां डर का वातावरण रचती हैं.

यह वही अमेरिका है, जो दशकों तक खुद को ‘इमिग्रेंट्स का देश’ कहता रहा. आज उसी देश में पांच साल का बच्चा टेक्सास के डिटेंशन सेंटर में है.

जेडी वेंस का बयान और सत्ता की संवेदनहीनता

वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस ने इस मामले पर अपने बयान में कहा है कि क्या उन्हें बच्चे को ठंड से मरने देना चाहिए था? उनके आलोचक कह रहे हैं कि दरअसल, यह एक सिर्फ झूठ है. इसे सरकार अपने बचाव में कह रही है. सवाल यह नहीं था कि बच्चे को ठंड में छोड़ा जाए या नहीं, सवाल यह था कि क्या बच्चे को हिरासत में लेना ज़रूरी था?

वाइस प्रेसिडेंट वेंस का यह बयान दिखाता है कि सत्ता किस तरह मानवीय विकल्पों को जानबूझकर नजरअंदाज करती है. ताकि वह अपनी सख्ती को जायज़ ठहरा सके.

कमला हैरिस और राजनीतिक प्रतिरोध

पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की प्रतिक्रिया इस मामले को राष्ट्रीय बहस में ले आई है. उन्होंने कहा, ‘लियाम सिर्फ एक बच्चा है. वह मासूम है. अबोध है. वह अपराधी नहीं है. मैं गुस्से में हूं, और आपको भी होना चाहिए.’ कमला हैरिस का यह गुस्सा लियाम को सिर्फ हिरासत में लेने से नहीं है. बल्कि उनका गुस्सा ट्रंप की उस इमिग्रेशन नीति पर है, जो बच्चों को collateral damage मानती है.

ट्रंप प्रशासन के दौरान इमिग्रेशन लागू करने के तरीके और उनकी नीतियां अब नैतिकता के बजाय चुनावी राजनीति से संचालित दिखते हैं.

मिनेसोटा—इमिग्रेशन विरोध का नया केंद्र

अमेरिका के मध्यपश्चिम एवं उत्तरी राज्य मिनेसोटा में ट्रंप के इमिग्रेशन नीति के खिलाफ सबसे ज्यादा विरोध हो रहा है. यह संयोग नहीं है कि मिनेसोटा ICE कार्रवाई के विरोध का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। स्कूल बोर्ड, स्थानीय प्रशासन और समुदाय, सभी खुलकर ट्रंप प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं. जब स्कूल यह कहें कि एजेंट हमारे बच्चों को ले जा रहे हैं, तो यह लोकतंत्र के लिए चेतावनी है.

कानून के नाम पर अमानवीयता?

लियाम रामोस का हिरासत मामला बेशक इतिहास में शायद एक फाइल नंबर बनकर रह जाए. या कुछ दिनों बाद यह फ़ाइलों के ढेर में दब जाए, लेकिन यह अमेरिका की आत्मा पर एक बड़ा घाव है. और इस घाव का वर्षों तक निशान जरूर रहेगा. अमेरिका में आज सवाल यह भी है कि क्या कोई राष्ट्र खुद को सुरक्षित कह सकता है, तब जब उसकी सुरक्षा नीतियां बच्चों में डर पैदा करें?

कई अमेरिकियों के मन में यही सवाल घूम रहा है कि क्या कानून इतना अंधा हो सकता है कि वह पांच साल के बच्चे को भी अपराधी बना दे?

यह भी पढ़ें :- ग्रीनलैंड पर ट्रंप का यू-टर्न: टैरिफ धमकी से डील डिप्लोमेसी तक

गुंजन शांडिल्य समसामयिक मुद्दों पर गहरी समझ और पटकथा लेखन में दक्षता के साथ 10 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता की पारंपरिक और आधुनिक शैलियों के साथ कदम मिलाकर चलने में निपुण, गुंजन ने पाठकों और दर्शकों को जोड़ने और विषयों को सहजता से समझाने में उत्कृष्टता हासिल की है। वह समसामयिक मुद्दों पर न केवल स्पष्ट और गहराई से लिखते हैं, बल्कि पटकथा लेखन में भी उनकी दक्षता ने उन्हें एक अलग पहचान दी है। उनकी लेखनी में विषय की गंभीरता और प्रस्तुति की रोचकता का अनूठा संगम दिखाई देता है।
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें