Lifestyle News
अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के बाद विवाह पंचमी के अवसर पर जनकपुर धाम की होगी विशेष छटा
Authored By: सतीश झा
Published On: Monday, November 11, 2024
Last Updated On: Monday, November 11, 2024
अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस वर्ष विवाह पंचमी महोत्सव के दौरान जनकपुरधाम में अद्वितीय भव्यता देखने को मिलेगी। श्रीराम और सीता के विवाह की ऐतिहासिक स्मृति में हर साल आयोजित होने वाला यह महोत्सव इस बार खास होगा, क्योंकि अयोध्या से विशाल बारात जनकपुरधाम में पहुंचेगी।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Monday, November 11, 2024
जानकी मंदिर और मधेश प्रदेश सरकार ने विवाह पंचमी महोत्सव (Vivah Panchami Festival) की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस अवसर पर अयोध्या से श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित लगभग 500 लोगों की बारात जनकपुरधाम पहुंचेगी। इस बार महंथ राम तपेश्वर दास के नेतृत्व में तिलक और विवाह की परंपराओं का भी विशेष आयोजन किया जाएगा।
इस वर्ष 6 दिसंबर को जनकपुरधाम में आयोजित होने वाले विवाह पंचमी महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। जनकपुरधाम के प्रसिद्ध जानकी मंदिर में होने वाले इस आयोजन के लिए जल्द ही अयोध्या से बारात लाने का निमंत्रण भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि बारात में श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र पंकज, और ट्रस्ट के कई अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।
शनिवार को जनकपुरधाम के जानकी मंदिर परिसर में विवाह पंचमी की तैयारियों को लेकर सर्वपक्षीय बैठक बुलाई गई, जिसमें मधेश प्रदेश सरकार, जानकी मंदिर के महंथ, जिला प्रशासन, और विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में विवाह पंचमी को सफल बनाने के लिए कई समितियों का गठन किया गया है।
जानकी मंदिर के महंथ राम तपेश्वर दास ने बताया कि अयोध्या से लगभग 500 लोगों की भव्य बारात जनकपुरधाम आएगी, जिसमें मनीराम छावनी के महंथ कमल नयन दास और ऋषिकेश के महंथ डॉ. रामेश्वर दास सहित अनेक संत शामिल होंगे। इस दौरान, 16 नवंबर को जानकी मंदिर से महंथ तिलक चढ़ाने के लिए अयोध्या जाएंगे।
मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह (Madhesi CM Satish Kumar Singh) ने कहा कि बारात का निमंत्रण देने के लिए अयोध्या जाना उनके लिए सौभाग्य की बात है, और भारतीय दूतावास से समन्वय कर जल्द ही यात्रा की तारीख तय की जाएगी।
ये भी पढ़े: Amla Navami 2024 : देवउठावनी एकादशी से दो दिन पहले अक्षय नवमी, करें विष्णु पूजा
अयोध्या के कारसेवकपुरम से 26 नवंबर को प्रस्थान करने वाली यह बारात कई स्थानों पर रात्रि विश्राम करेगी। गोसाईकुंड, आंबेडकर नगर, बसखारी, आजमगढ़, बक्सर, पाटलिपुत्र, और सीतामढ़ी सहित विभिन्न स्थलों पर बारात की अगवानी और विश्राम की व्यवस्था की गई है।
विवाह पंचमी का मुख्य समारोह 6 दिसंबर को रंगभूमि में होगा, जबकि रात्रिकालीन विवाह उत्सव जानकी मंदिर में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद राम कलेवा और भोज का आयोजन होगा, और 13वें दिन जनकपुरधाम से बारात की औपचारिक विदाई होगी। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के उद्घाटन के बाद पहली बार इतनी भव्यता से विवाह पंचमी मनाई जा रही है, जिससे जनकपुरधाम की विशेष सजावट की जाएगी और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस आयोजन में नेपाल और भारत के प्रमुख संत, महंथ, और कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे, जो इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएंगे।
(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)
















