शेयर कारोबार से जुड़े NSDL के IPO की खूब चर्चा, क्या करना चाहिए निवेश

Authored By: Suman

Published On: Wednesday, July 30, 2025

Last Updated On: Wednesday, July 30, 2025

NSDL के IPO को लेकर शेयर बाजार में चर्चा तेज है, जानिए क्या NSDL में निवेश करना सही रहेगा या नहीं, और किन बातों का रखें खास ध्यान.
NSDL के IPO को लेकर शेयर बाजार में चर्चा तेज है, जानिए क्या NSDL में निवेश करना सही रहेगा या नहीं, और किन बातों का रखें खास ध्यान.

NSDL इस आईपीओ के जरिये 4,012 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. इसमें आईपीओ खुलने के कुछ ही घंटों के भीतर 50 फीसदी से ज्यादा सब्सक्रिप्शन हो गया.

Authored By: Suman

Last Updated On: Wednesday, July 30, 2025

नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) का आईपीओ 30 जुलाई बुधवार को खुला है. कंपनी इस IPO के जरिये 4,012 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. इसमें सब्सक्रिप्शन 1 अगस्त शुक्रवार को बंद होगा. इसमें आईपीओ खुलने के कुछ ही घंटों के भीतर 50 फीसदी से ज्यादा सब्सक्रिप्शन हो गया. इससे लगता है कि तीन दिन में तो इसमें जबरदस्त बोली मिलेगी. इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम अच्छा है इसलिए खासकर छोटे निवेशक लिस्टिंग गेन की उम्मीद में इसमें पैसा लगा रहे हैं.

इस शेयर के लिए ग्रे मार्केट में प्रीमियम 135 से 140 रुपये तक चल रहा है. इससे लोग उम्मीद लगा रहे हैं कि लिस्टिंग के दिन ही 17 फीसदी का गेन मिल सकता है. इसके शेयरों की लिस्टिंग 6 अगस्त को हो सकती है. कंपनी ने एक दिन पहले ही यानी 29 जुलाई को एंकर निवेशकों से 1,201 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं.

इन निवेशकों में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC), स्मॉलकैप वर्ल्ड फंड इंक, एसबीआई म्यूचुअल फंड, फिडेलिटी फंड्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, निप्पॉन इंडिया एमएफ आदि शामिल हैं.

कितना लगाना होगा

कंपनी ने इसके लिए प्राइस बैंड 760 से 800 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इस इश्यू का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए, 35 फीसदी छोटे निवेशकों के लिए और 15 फीसदी गैर संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित है. इसकी एक लॉट साइज 18 शेयरों की है यानी आपको कम से कम 14,400 रुपये का निवेश करना होगा.

इस आईपीओ के जरिये कंपनी पूरी तरह ऑफर फॉर सेल दे रही है यानी मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं और नया शेयर जारी नहीं किया जा रहा है. एनएसडीएल में फिलहाल आईडीबीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और एनएसई प्रमुख हिस्सेदार हैं.

क्या करती है कंपनी

साल 1996 में स्थापित यह कंपनी सिक्योरिटीज को डिमैटरियलाइज करने वाली भारत की पहली संस्था थी. यह सेबी रजिस्टर्ड मार्केट इन्फ्रास्ट्रक्चर इंस्टीट्यूट है. शेयर बाजार में हम जो शेयरों का कारोबार करते हैं उन शेयरों को डिजिटली सुरक्षित रखने के लिए भारत में दो डिपॉजिटरी हैं उनमें से एनएसडीएल भी एक है. यानी कंपनी का कारोबार मजबूत है. भारत में जैसे-जैसे शेयर बाजार बढ़ेगा, एनएसडीएल का कारोबार भी बढ़ेगा, हालांकि उसे इस फील्ड में तगड़ी प्रतिस्पर्धा भी मिल रही है.

निवेश करें या नहीं

इसे सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज (CDSL) से तगड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है जो साल 2017 में ही लिस्ट हुई थी. वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 24.57% बढ़ कर करीब 343 करोड़ रुपये और आय 12.41% बढ़ कर 1,535 करोड़ रुपये पहुंच गया. जानकार कहते हैं कि इस IPO में लिस्टिंग गेन हो सकता है, लेकिन इसमें लॉन्ग टर्म के लिहाज से पैसा लगाना चाहिए.

(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार और निवेश संबंधी खबरें सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं. इसे निवेश सलाह नहीं मानना चाहिए. ​किसी भी तरह के निवेश से पहले सेबी रजिस्टर्ड किसी सलाहकार की राय जरूर लें.)

यह भी पढ़ें :- CCTV कैमरे वाली इस कंपनी का खुला IPO, निवेश पर क्या है ब्रोकर्स की राय

About the Author: Suman
सुमन गुप्ता एक स्वतंत्र पत्रकार हैं जो आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर अच्छी पकड़ रखती हैं। कई पत्र—पत्रिकाओं के लिए पिछले दस साल से स्वतंत्र रूप से लेखन। राष्ट्रीय राजनीति, कोर इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार आदि से जुड़े उनके सैकड़ों रिपोर्ट, आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें