Special Coverage
CCTV कैमरे वाली इस कंपनी का खुला IPO, निवेश पर क्या है ब्रोकर्स की राय
Authored By: Suman
Published On: Tuesday, July 29, 2025
Last Updated On: Tuesday, July 29, 2025
कंपनी ने इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 640 से 675 रुपये तय किया है और एक लॉट 22 शेयरों का है. यानी इसमें सब्सक्रिप्शन के लिए आपको कम से कम 14,080 रुपये खर्च करने होंगे.
Authored By: Suman
Last Updated On: Tuesday, July 29, 2025
सीसीटीवी कैमरे जैसे सिक्योरिटी सोल्युशन मुहैया कराने वाली कंपनी आदित्य इन्फोटेक (Aditya Infotech) का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) 29 जुलाई मंगलवार को खुला है. इसमें सब्सक्रिप्शन 31 जुलाई, गुरुवार को बंद होगा.
आदित्य इन्फोटेक सीपी प्लस (CP Plus) ब्रैंड नाम से वीडियो सिक्योरिटी और सर्विलान्स उत्पादों की मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री करती है. इसके उत्पाद एंटरप्राइज और कंज्यूमर दोनों क्षेत्रों को सेवाएं देते हैं. कंपनी एकीकृत सुरक्षा सिस्टम और सेवाएं वितरण नेटवर्क और सीधे चैनलों के माध्यम से प्रदान करती है.
कंपनी ने इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 640 से 675 रुपये तय किया है और एक लॉट 22 शेयरों का है. यानी इसमें सब्सक्रिप्शन के लिए आपको कम से कम 14,850 रुपये खर्च करने होंगे.
कंपनी इस आईपीओ के जरिये करीब 1,300 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रही है. इसमें 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे और 800 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल होगा यानी प्रमोटर अपने पुराने शेयर बेचेंगे. कंपनी इस पैसे का इस्तेमाल कर्ज चुकाने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा.
कंपनी ने 54 एंकर इन्वेस्टर्स से करीब 582.3 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं. इनमें सिंगापुर सरकार, सिंगापुर की मॉनिटरी अथॉरिटी, गोल्डमैन सैक्स, नोमूरा ट्रस्ट, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी, आलियांज ग्लोबल इन्वेस्टर्स, ईस्टस्प्रिंग इन्वेस्टमेंट, मनुलाइफ ग्लोबल फंड आदि शामिल हैं. आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और आईआईएफएल सिक्योरिटीज इस आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर के रूप में कार्य कर रहे हैं.
कैसे रहे तिमाही नतीजे
मार्च 2015 में खत्म तिमाही में आदित्य इन्फोटेक ने 351.37 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया है और कंपनी का रेवेन्यू 3,122.93 करोड़ रुपये रहा. कंपनी की ओर से दाखिल ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, मार्च 2024 तक इसके ऊपर 405 करोड़ रुपये का कर्ज था.
कंपनी ने 75 फीसदी शेयर क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित किए हैं. कंपनी के कर्मचारियों को प्रति शेयर 60 रुपये का डिस्काउंट दिया जाएगा. आदित्य इन्फोटेक के ग्रे मार्केट प्राइस की बात करें, तो यह मंगलवार सुबह 255 रुपये प्रीमियम पर कारोबार कर रहा था. यह इसके इश्यू प्राइस के अपर बैंड 675 रुपये से 37.78 फीसदी अधिक है. हालांकि GMP मार्केट सेंटीमेंट पर निर्भर करता है और यह बदलता रहता है.
क्या कहते हैं ब्रोकर्स
आनंद राठी शेयर्स ऐंड स्टॉक ब्रोकर्स (Anand Rathi Shares & Stock Brokers) ने इसमें लॉन्ग टर्म के लिहाज से निवेश करने की सलाह दी है.केनरा बैंक सिक्योरिटीज (Canara Bank Securities) ने इस शेयर में सतर्कता के साथ निवेश का सुझाव दिया है. एसबीआई सिक्योरिटीज (SBI Securities) ने इस आईपीओ में निवेश से बचने की सलाह दी है. वेंचुरा सिक्योरिटीज (Ventura Securities) ने इस आईपीओ में निवेश की सलाह दी है. स्वास्तिका इन्वेस्टमेंट (Swastika Investment) ने भी इस आईपीओ में निवेश की सलाह दी है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार और निवेश संबंधी खबरें सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं. इसे निवेश सलाह नहीं मानना चाहिए. किसी भी तरह के निवेश से पहले सेबी रजिस्टर्ड किसी सलाहकार की राय जरूर लें.)
यह भी पढ़ें :- अमिताभ बच्चन, शाहरुख जैसे सितारों के निवेश वाली रियल एस्टेट कंपनी का आ रहा IPO














