Special Coverage
आज है इनकम टैक्स रिटर्न की लास्ट डेट, चूक गए तो होगा ये नुकसान
Authored By: Suman
Published On: Monday, September 15, 2025
Last Updated On: Monday, September 15, 2025
Income Tax Return 2025: अगर किसी ने आज की डेडलाइन मिस की तो उसे जुर्माने सहित कई तरह के भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है.
Authored By: Suman
Last Updated On: Monday, September 15, 2025
ITR 2025: इनकम टैक्स रिटर्न (Income Tax Return) दाखिल करने की आज यानी 15 सितंबर को लास्ट डेट है. अगर किसी ने आज की डेडलाइन मिस की तो उसे जुर्माने सहित कई तरह के भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है.
वैसे तो हर साल इनकम टैक्स रिटर्न की लास्ट डेट 31 जुलाई होती है, लेकिन इस साल इसे बढ़ाकर 15 सितंबर तक कर दिया गया है. पहले भी कई बार ऐसा होता था कि लास्ट डेट के आसपास ई-फाइलिंग की वेबसाइट पर भारी लोड या तकनीकी खामी की वजह से डेट कुछ दिन बढ़ानी पड़ती थी. लेकिन इस बार सचेत रहते हुए आयकर विभाग ने पहले से ही डेट बढ़ा दिया.
अगर नहीं फाइल किया तो क्या होगा
अगर किसी ने लास्ट डेट (Deadline) तक आईटीआर दाखिल नहीं किया तो उसे न केवल जुर्माना देना होगा, बल्कि उसे कई तरह के आर्थिक नुकसान भी हो सकते हैं.
पांच हजार का जुर्माना
अगर कोई लास्ट डेट तक रिटर्न दाखिल नहीं करता है तो सेक्शन 234 एफ के तहत उसे लेट फाइलिंग फीस देनी होगी. अगर पांच लाख रुपये से ऊपर के सालाना इनकम वाले व्यक्ति 31 दिसंबर तक रिटर्न फाइल करते हैं तो उन्हें पांच हजार रुपये तक जुर्माना देना होगा.
अगर किसी की इनकम 5 लाख रुपये सालाना या उससे कम है तो उसे 31 दिसंबर तक फाइल करने पर 1,000 रुपये का जुर्माना देना होगा. हालांकि अगर किसी की इनकम बेसिक एग्जेम्पशन लिमिट से भी कम है तो उसे किसी तरह का जुर्माना नहीं देना होगा. 31 दिसंबर के बाद फाइलिंग पर जुर्माने की राशि बढ़कर 10 हजार रुपये हो जाएगी.
ब्याज का नुकसान
आयकर विभाग आपकी आईटीआर फाइलिंग के दिन से ही जितने दिन के बाद रिफंड देता है उतने दिन तक का ब्याज भी देता है. तो अगर आपने देर से आईटीआर फाइल की तो आपको ब्याज का नुकसान हो सकता है.
लॉस कैरी फॉरवर्ड नहीं कर पाएंगे
इसी तरह लेट आईटीआर फाइल करने पर लॉस यानी नुकसान को कैरी फॉरवर्ड करने की सुविधा नहीं मिलती. असल में अगर किसी को बिजनेस में नुकसान हुआ हो या कैपिटल गेन्स में किसी तरह का लॉस हुआ हो तो उसे यह सुविधा मिलती है कि वह अपने लॉस को कैरी फॉरवर्ड कर ले यानी अगले साल के आईटीआर में डाल दे. तो अगर आपको बिजनेस या कैपिटल गेन्स से कोई घाटा (Loss) हुआ है, जिसे आप अगले सालों के मुनाफे से एडजस्ट करना चाहते हैं, तो यह मौका आपके हाथ से निकल जाएगा. इसलिए अब भी समय है. देर न करें आज ही अपना इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करें.
ये भी पढ़ें:- भारी जुर्माने से लेकर जेल तक, ITR भरने में हुई गलती पड़ सकती है भारी













