Sports News
IND A vs BAN A: वैभव सूर्यवंशी ने सुपर ओवर में क्यों नहीं की बल्लेबाजी? ये है असली वजह
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Saturday, November 22, 2025
Last Updated On: Saturday, November 22, 2025
Asia Cup Rising Stars 2025 के पहले सेमीफाइनल में इंडिया ए को सुपर ओवर में बांग्लादेश ए के हाथों करारी हार मिली. सबसे बड़ा सवाल यह रहा कि तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को सुपर ओवर में क्यों नहीं उतारा गया? आखिर क्या थी वो रणनीति जिसने सभी को चौंका दिया? कप्तान जितेश शर्मा ने मैच के बाद इसकी असली वजह बताई.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Saturday, November 22, 2025
IND A vs BAN A: राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2025 (ACC Men’s Asia Cup Rising Stars 2025) के पहले सेमीफाइनल में इंडिया ए और बांग्लादेश ए के बीच खेला गया मैच ‘सुपर ओवर’ तक खिंच गया, लेकिन नतीजा भारतीय टीम के हक में नहीं रहा. दोनों टीमों ने 20 ओवर में 194-194 रन बनाए और मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा, जहां भारत ए एक भी रन नहीं बना सका. हैरानी की बात यह रही कि मैच के दौरान 15 गेंदों पर 38 रन उगलने वाले वैभव सूर्यवंशी को सुपर ओवर में बल्लेबाजी का मौका नहीं दिया गया. सोशल मीडिया पर इस फैसले को लेकर सवाल उठने लगे तो कप्तान जितेश शर्मा ने प्रेज़ेंटेशन में असली कारण बताया. उन्होंने बताया कि टीम की रणनीति क्या थी, किस आधार पर बल्लेबाज चुने गए और क्यों यह फैसला अंत में उलटा पड़ गया.
गौरतलब है कि भारत ने सुपर ओवर के लिए जितेश शर्मा, आशुतोष शर्मा और रमनदीप सिंह को चुना. वहीं, सूर्यवंशी को बाहर रखा. इस मैच में बांग्लादेश-ए टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में 194 रनों का स्कोर बनाया था, जिसका पीछा करते हुए इंडिया-ए टीम भी 20 ओवर्स में 194 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी.
‘आखिरी फैसला मेरा’- जितेश शर्मा
मैच के बाद प्रेज़ेंटेशन में जितेश ने साफ कहा कि सुपर ओवर की लाइनअप टीम की सामूहिक सोच पर तय हुई थी. उन्होंने बताया कि वैभव और प्रियांश पावरप्ले के स्पेशलिस्ट हैं. वहीं, डेथ ओवरों में आशुतोष और रमनदीप खुलकर शॉट खेलते हैं. ऐसे में सभी की राय ली गई और आखिरी फैसला उन्होंने खुद लिया. उन्होंने कहा कि टीम के हालात देखकर उन्हें यही सही लगा.
हार की ली पूरी जिम्मेदारी
जितेश ने हार का पूरा blame अपने ऊपर लिया. उन्होंने कहा कि एक सीनियर खिलाड़ी होने के नाते उन्हें मैच खत्म करना चाहिए था. उन्होंने माना कि यह सिर्फ जीत-हार की बात नहीं है, बल्कि सीखने की प्रक्रिया है. उन्होंने यह भी कहा कि आज के ये युवा खिलाड़ी कल भारत के लिए बड़ा टूर्नामेंट जीत सकते हैं. उनकी प्रतिभा कमाल की है और वे लगातार सीख रहे हैं, अनुभव ले रहे हैं.
सुपर ओवर में भारत फिसड्डी
सुपर ओवर में इंडिया ए की हालत बेहद खराब रही. टीम लड़खड़ा गई. सुपर ओवर में जितेश और रमनदीप बैटिंग करने उतरे, लेकिन शुरुआत ही बिगड़ गई. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज रिपन ने पहली ही गेंद पर जितेश शर्मा को क्लीन बोल्ड कर दिया. दूसरी गेंद पर आशुतोष बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कैच दे बैठे.
परिणाम यह हुआ कि इंडिया ए सुपर ओवर में एक भी रन नहीं बना सकी. वहीं, बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ एक रन चाहिए था. पहली गेंद पर उनका विकेट जरूर गिरा, लेकिन सुयश शर्मा की दूसरी गेंद वाइड हो गई. इसी वाइड बॉल के साथ बांग्लादेश ने मैच अपने नाम कर लिया.
















