Sports News
भारत की बेटियों ने जीता ब्लाइंड T20 वर्ल्ड कप का खिताब, लेकिन मिला सिर्फ इतने रुपए का इनाम
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Monday, November 24, 2025
Last Updated On: Monday, November 24, 2025
भारत की महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने नेपाल को हराकर पहला ब्लाइंड T20 वर्ल्ड कप जीत लिया, लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्राइज मनी सुनकर हर कोई हैरान है. जहां इंटरनेशनल क्रिकेट में करोड़ों की इनाम बरसात होती है, वहीं भारत की दिव्यांग बेटियों को मिला सिर्फ 1-1 लाख रुपए का पुरस्कार.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Monday, November 24, 2025
India wins blind T20 Womens: श्रीलंका के कोलंबो में रविवार को इतिहास रचा गया. पी सारा ओवल पर भारत की महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने ऐसा कमाल किया, जिसने पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया. नेपाल को 7 विकेट से हराकर भारत ने पहला महिला टी20 ब्लाइंड वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया. यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि उन बेटियों की कहानी है जो अपनी कमजोरी को ताकत बनाकर दुनिया को चुनौती देती हैं. मैदान पर उनका जज़्बा, हुनर और जुझारूपन किसी भी इंटरनेशनल मैच से कम नहीं था. लेकिन इस ऐतिहासिक जीत की खुशी के बीच एक सवाल सभी को परेशान कर रहा है कि इतना बड़ा खिताब जीतने के बाद इन खिलाड़ियों को आखिर कितना इनाम मिला? जब बाकी क्रिकेटर्स पर करोड़ों की इनाम बरसात होती है, तो इन बेटियों के हिस्से इतनी मामूली रकम क्यों आई?
कितने करोड़ का मिला इनाम?
भारतीय टीम की यह जीत वाकई ऐतिहासिक है. खास बात ये है कि इसी महीने भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वनडे वर्ल्ड कप भी जीता था. उस वक्त खिलाड़ियों पर इनाम की जैसे बरसात हो गई थी. करोड़ों रुपए दिए गए थे. लेकिन महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम के साथ ऐसा नहीं हुआ. इस चैंपियन टीम को सिर्फ एक छोटी सी प्राइज मनी मिली है. सभी खिलाड़ियों को 1-1 लाख रुपए दिए जाएंगे. इसका ऐलान चिंटल्स ग्रुप ने किया है.
इधर, क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) की तरफ से अब तक कोई घोषणा नहीं की गई है. उम्मीद है कि टीम के भारत लौटते ही CABI भी अपनी ओर से इनाम का ऐलान करेगा. राज्य सरकारों से भी मदद और सम्मान मिलने की संभावना है. खिलाड़ी भी इसी उम्मीद में हैं कि इस बड़ी जीत को देखते हुए उन्हें और बेहतर समर्थन मिलेगा.
भारतीय टीम की दमदार जीत
भारतीय कप्तान दीपिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. फैसला सही रहा. नेपाली टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर सिर्फ 114 रन ही बना सकी. इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार अंदाज़ में लक्ष्य का पीछा किया. भारत ने सिर्फ 12.1 ओवर में मैच अपने नाम कर लिया.
फुला सरेन ने 27 गेंदों में नाबाद 44 रन बनाए. करुणा के ने भी 27 गेंदों पर 42 रन जोड़ दिए. दोनों की तेज बैटिंग ने मैच को एकतरफा बना दिया. सबसे खास बात ये रही कि भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं हारा. टीम ने हर मुकाबले में दम दिखाया और आखिरकार ट्रॉफी अपने नाम की.
यह भी पढ़ें :- IPL 2026 से पहले बड़ा झटका: पंजाब किंग्स की टेंशन बढ़ी, नहीं खेल पाएंगे श्रेयस अय्यर?
















