रेलवे की नई सुविधा: अब घर से उठेगा पार्सल, Rail Parcel App से होगी बुकिंग; स्टेशन जाने की जरूरत नहीं
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Friday, October 30, 2026
Updated On: Friday, October 30, 2026
भारतीय रेलवे अब कोरियर कंपनियों की तरह घर से पार्सल लाने और ले जाने के साथ उसे सीधे आपके दिए पते तक पहुंचाने की तैयारी कर रहा है. उपभोक्ता रेलवे के मोबाइल एप से बुकिंग और ऑनलाइन पेमेंट से कर पाएंगे. सुविधाओं के पिटारे में और क्या कुछ होगा, जानते हैं इस रिपोर्ट में…
Authored By: Galgotias Times Bureau
Updated On: Friday, October 30, 2026
दरअसल, कोरियर कंपनियों के मुकाबले काफी सस्ता होगा. इससे छोटे व्यापारियों और ऑनलाइन खरीदारों को भी फायदा मिलेगा. आपको रेलवे स्टेशन जाकर सामान की बुकिंग करने और उसे लाने-ले जाने का झंझट नहीं उठाना पड़ेगा. रेलवे घर से ही आपका पार्सल पिक करके उसे समयबद्ध तरीके से पहुंचाएगा.
15 दिन पहले होगी पार्सल की बुकिंग
पार्सल की बुकिंग 15 दिन पहले करनी होगी. बुकिंग उस ट्रेन की रवानगी से 15 दिन पहले शुरू होगी. ग्राहक ट्रेन छूटने से 24 घंटे पहले तक बुकिंग कर पाएंगे. वहीं लॉजिस्टिक्स कंपनी द्वारा ट्रेन रवाना होने से एक घंटे पहले पार्सल रेल कर्मचारियों को सौंपना होगा.
दिल्ली-मुंबई समेत 8 शहरों में शुरू होगी सेवा
इस स्कीम का पायलट प्रोजेक्ट कामयाब रहा है. अब यह सेवा दिल्ली, मुंबई समेत देश के 8 शहरों में शुरू होगी. इनमें कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे भी लिस्ट में हैं. रेलवे ने इसके लिए रेल पार्सल एप ‘घर से घर तक’ बनाया है. इसे प्राइवेट कोरियर कंपनियों के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की तरह बनाया है. यह ग्राहकों को सीधे सामान आपूर्त करने वाली कंपनियों से जोड़ेगा. ग्राहक ऐप पर ही बुकिंग कर ऑनलाइन भुगतान कर पाएंगे. इससे पार्सल लेकर रेलवे स्टेशन में जाने या पुराने ढंग से फॉर्म भरने का झंझट नहीं उठाना पड़ेगा.
घर से सामान होगा पिक और ड्रॉप
रेलवे पार्सल की इस सुविधा में कंपनियां पहले कस्टमर के घर से सामान पिक करेंगी और बुकिंग वाले रेलवे स्टेशन तक ले जाएंगी. रेलवे वहां से सामान को ट्रेन के जरिये गंतव्य स्टेशन तक पहुंचाएगा. फिर उस स्टेशन पर दूसरी कोरियर कंपनी आगे सामान तय पते पर डिलीवर करेगी. जैसे आपने दिल्ली से कानपुर के लिए सामान बुक किया तो कंपनी घर से आपका सामान उठाएगी और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक ला जाएगी. वहां से ट्रेन के जरिये सामान कानपुर पहुंचेगा. कानपुर में कंपनी वहां से तय पते पर सामान डिलीवर करेगी. लॉजिस्टिक्स कंपनी ग्राहकों को सामान की पैकेजिंग और अन्य जरूरी देखभाल भी करेंगी.
भारतीय रेल ने अपनाये हैं मॉडर्न तकनीक
भारतीय रेलवे ने हाल के वर्षों में हाई-स्पीड ट्रेनों, स्वदेशी सुरक्षा तकनीकों और डिजिटल सेवाओं को अपनाकर व्यापक स्तर पर अपना आधुनिकीकरण किया है. इसके तहत वंदे भारत और अमृत भारत जैसी सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनों की शुरुआत की गई है तथा रेल हादसों को रोकने के लिए स्वचालित ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली लागू की जा रही है. अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सैकड़ों रेलवे स्टेशनों का विश्वस्तरीय पुनर्विकास किया जा रहा है. इसके अलावा, यूटीएस मोबाइल ऐप जैसी डिजिटल टिकट प्रणाली, पटरियों की निगरानी के लिए एआई व ड्रोन का उपयोग, पर्यावरण अनुकूल बायो-टॉयलेट और स्टेशनों को सौर ऊर्जा से संचालित करने जैसे हरित कदम भी तेजी से उठाए गए हैं.
Written By: Rajiv Mandal
यह भी पढ़ें :- Diwali Chhath Special Trains 2026: दिवाली-छठ पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी, 20 स्पेशल ट्रेनों का ऐलान
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।












