Haryana Election 2024: राजनीति के पिच पर फेल हुए हैं कई खिलाड़ी, ऐसे में विनेश फोगाट का क्या होगा अंजाम?

Haryana Election 2024: राजनीति के पिच पर फेल हुए हैं कई खिलाड़ी, ऐसे में विनेश फोगाट का क्या होगा अंजाम?

Authored By: सतीश झा

Published On: Sunday, September 8, 2024

Updated On: Sunday, September 8, 2024

कुश्ती के मैदान में अपना जलबा विखेरने के बाद बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने राजनीति के मैदान में ताल ठोंका है। दोनों ही पहलवान कांग्रेस के साथ आए हैं। हरियाणा विधानसभा चुनाव में विनेश फोगाट कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। क्या वह यहां जीत पाएंगी ? लोगों के मन में यह सवाल इसलिए उमड़ रहा है कि कई नामी-गिरामी खिलाड़ी सियासी मैदान में मुंह की खा चुके हैं।

खेल के मैदान पर अपना जलवा बिखेरने वाले कई खिलाड़ी राजनीति की पिच पर अपनी चमक बरकरार नहीं रख पाए हैं। क्रिकेट से लेकर कुश्ती तक, कई खिलाड़ियों ने राजनीति में कदम रखा लेकिन ज्यादातर को सफलता नहीं मिली। ऐसे में सवाल उठता है कि हाल ही में राजनीति में आने की घोषणा करने वाली मशहूर पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) का क्या अंजाम होगा? विनेश को कांग्रेस (Congress) ने जींद जिले के जुलाना से टिकट दिया है। बता दें कि हरियाणा (Haryana Election 2024) में 5 अक्टूबर को सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे।

पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat), जो भारत की शीर्ष पहलवानों में से एक हैं, ने देश के लिए कई पदक जीते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। लेकिन राजनीति की दुनिया खेल के मैदान से बिल्कुल अलग है। जहां खेल में कड़ी मेहनत और व्यक्तिगत प्रदर्शन मायने रखता है, वहीं राजनीति में जनसंपर्क, रणनीति और धैर्य का खेल होता है।

कांग्रेस में शामिल होने से पहले रेलवे की नौकरी छोड़ी विनेश ने

विनेश फोगाट ने कांग्रेस में शामिल होने से पहले निजी कारणों का हवाला देकर भारतीय रेलवे से इस्तीफा दे दिया। विनेश ने एक्स पर लिखा कि भारतीय रेलवे की सेवा करना मेरे जीवन का यादगार और गर्व से भरा समय रहा। विनेश ने लिखा कि मैं रेलवे द्वारा देश की सेवा करने का मौका दिये जाने के लिये सदैव भारतीय रेलवे परिवार की आभारी रहूंगी। विनेश ने उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक को लिखे इस्तीफे में लिखा कि मैं अनुरोध करती हूं कि मैं विनेश, पत्नी सोमवीर राठी, इस समय उत्तर रेलवे खेल में ओएसडी के पद पर कार्यरत हूं। निजी कारणों और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण मैं इस पद पर अपने कर्तव्य का निर्वहन नहीं कर सकूंगी, इसलिये बिना किसी दबाव के इस्तीफा दे रही हूं। विनेश ने इस्तीफा तुरंत प्रभाव से स्वीकार करने का अनुरोध भी किया है।

पहले भी कई खिलाड़ियों ने किया था राजनीति की ओर रूख

1. पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू

2. पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर

3. रेसलर योगेश्वर दत्त

4. दंगल गर्ल बबीता फोगाट

जैसी खेल हस्तियों ने भी राजनीति में कदम रखा, लेकिन उन्हें मिश्रित सफलता ही मिली है। कुछ खिलाड़ियों ने अपनी लोकप्रियता का फायदा उठाकर चुनाव जीते, लेकिन लंबे समय तक राजनीति में टिके रहना और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना एक चुनौती बन गया।

आसान नहीं है विनेश की सियासी राह

पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) के लिए भी राजनीति का सफर आसान नहीं होगा। खेल की तरह यहां भी उन्हें अपनी पहचान और मेहनत के दम पर जगह बनानी होगी। राजनीति में सफल होने के लिए उन्हें खेल के साथ-साथ जनसमस्याओं को समझना, जनता के बीच रहना और सही मुद्दों पर आवाज उठाना होगा।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) राजनीति की इस नई पिच पर खुद को कैसे साबित करती हैं और क्या वह अपने खेल के सफर की तरह यहां भी सफल हो पाती हैं।

About the Author: सतीश झा
समसामायिक मुद्दों पर बीते दो दशक से लेखन। समाज को लोकदृष्टि से देखते हुए उसे शब्द रूप में सभी के सामने लाने की कोशिश।

Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य राज्य खबरें