Special Coverage
GST में बदलाव से शेयर बाजार को भी मिला दम, सेंसेक्स-निफ्टी में भारी उछाल
Authored By: Suman
Published On: Thursday, September 4, 2025
Last Updated On: Thursday, September 4, 2025
सुबह सेंसेक्स (BSE Sensex) 889 अंकों की बढ़त के साथ 81,456.67 पर खुला. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 265 अंकों की बढ़त के साथ 24,980.75 पर खुला.
Authored By: Suman
Last Updated On: Thursday, September 4, 2025
GST Impact on Stock Market: जीएसटी काउंसिल के व्यापक सुधारों (GST 2.O) को मंजूरी देने से भारतीय शेयर बाजार भी आज गुलजार हो गया है. कारोबार के शुरुआती दौर में ही सेंसेक्स करीब 890 अंक उछल गया.
सुबह सेंसेक्स (BSE Sensex) 889 अंकों की बढ़त के साथ 81,456.67 पर खुला. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) 265 अंकों की बढ़त के साथ 24,980.75 पर खुला.
हालांकि बाद में बाजार में यह तेजी बरकरार नहीं रह पाई. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 150.30 अंकों की तेजी के साथ 80,718.01 पर बंद हुआ. इसी तरह निफ्टी 19.25 अंक बढ़कर 24,734.30 पर बंद हुआ.
आज खासकर ऑटो और एफएमसीजी (FMCG) शेयरों में तेजी दिख रही है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) की अध्यक्षता में जीएसटी काउसिंल की 56वीं बैठक में बुधवार को दो टैक्स स्लैब वाली जीएसटी के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई. इसके तहत 12 फीसदी और 28 फीसदी वाले टैक्स स्लैब को हटा दिया गया है.
ज्यादातर वस्तुएं अब 5 और 18 फीसदी के दो टैक्स स्लैब में आ गई हैं. दो टैक्स स्लैब वाली यह नई व्यवस्था 22 सितंबर से लागू होगी. इससे ज्यादातर जरूरी सामान के दाम सस्ते हो जाएंगे.
इससे कार से लेकर राशन तक बहुत सी चीजें सस्ती हो जाएंगी. यही नहीं जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी खत्म कर दिया है जिसकी काफी समय से मांग की जा रही थी. कारों और व्हाइट गुड्स पर टैक्स 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने को बड़ी राहत माना जा रहा है और इससे खपत को बढ़ावा मिलेगा.
इस खबर के असर से आज शुरुआती कारोबार में महिंद्रा ऐंड महिंद्रा के शेयर 7 फीसदी, हिंदुस्तान यूनिलीवर में 4 फीसदी, मारुति सुजूकी में 3 फीसदी और आईटीसी के शेयर में 2.5 फीसदी की बढ़त देखी गई. निफ्टी ऑटो इंडेक्स में करीब 2.5 फीसदी और एफएमसीजी इंडेक्स में करीब 2 फीसदी की तेजी आई.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जीएसटी काउसिंल की बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि यह केवल जीएसटी में सुधार ही नहीं, बल्कि ढांचागत सुधार और लोगों का जीवन सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम है.
ग्लोबल मार्केट्स में भी तेजी
शुरुआती कारोबार में जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 0.57 फीसदी से ऊपर ट्रेड कर रहा था. ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 इंडेक्स 0.67 फीसदी तो दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.45 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था. हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 0.16 फीसदी बढ़ा, जबकि चीन का सीएसआई 300 लगभग स्थिर रहा.
जीएसटी सुधार को भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा गेमचेंजर माना जा रहा है. इससे अमेरिकी ट्रंप शुल्क के झटके को भी काफी हद तक बर्दाश्त कर लिया जाएगा. इससे आम उपभोक्ता को बड़ी राहत मिलेगी और खपत में बढ़त से कंपनियों को भी फायदा होगा.
इसकी वजह से आगे शेयर बाजार में भी तेजी बनी रहने की उम्मीद जताई जा रही है. इससे जीडीपी में 1 से 1.5 फीसदी की और बढ़त हो सकती है जो कि एक अच्छी खबर है. हाल में ही जो जून तिमाही के जीडीपी के आंकड़े आए हैं उसके मुताबिक इकनॉमी में 7.8 फीसदी की शानदार बढ़त हुई है.
ये भी पढ़ें:- मोदी सरकार ने दशहरे से पहले दिया दिवाली का तोहफा, GST में बदलाव से ज्यादातर सामान सस्ते















