Share Market Investment: शेयर बाजार में निवेश और उतार-चढ़ाव की परवाह भी नहीं! ये फंड बड़े काम का

Authored By: Suman

Published On: Wednesday, February 5, 2025

Last Updated On: Wednesday, February 5, 2025

Share Market Investment: Best Funds for Market Fluctuations
Share Market Investment: Best Funds for Market Fluctuations

तमाम निवेशकों के मन में सवाल आता है कि क्या कोई ऐसा रास्ता है जिससे शेयर बाजार में निवेश का फायदा भी मिल जाए और जोखिम भी कम से कम हो? म्‍यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) के जरिये भी आप शेयर बाजार में निवेश करते हैं और यह बाकी निवेश साधनों के मुकाबले थोड़े सुरक्ष‍ित माने जाते हैं.

Authored By: Suman

Last Updated On: Wednesday, February 5, 2025

Share Market and Mutual fund Investment: शेयर बाजार में निवेश (Share Market Investment) कर हर कोई फायदा उठाना चाहता है लेकिन उसमें हो रहे उतार-चढ़ाव से बहुत लोग डरते हैं. ऐसे में तमाम निवेशकों के मन में सवाल आता है कि क्या कोई ऐसा रास्ता है जिससे शेयर बाजार में निवेश का फायदा भी मिल जाए और जोखिम भी कम से कम हो? तो इसके लिए वास्तव में एक रास्ता है इंडेक्स फंड का. क्या होते हैं इंडेक्स फंड (Index Fund) और इनमें निवेश से क्या होते हैं फायदे? आइए इसे समझते हैं…

म्‍यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) के जरिये भी आप शेयर बाजार में निवेश करते हैं और यह बाकी निवेश साधनों के मुकाबले थोड़े सुरक्ष‍ित माने जाते हैं. म्यूचुअल फंड लॉन्‍ग टर्म में अच्‍छा रिटर्न भी दिलाते हैं. म्‍यूचुअल फंड्स मुख्‍य रूप से दो कैटेगिरी में बांटे जाते हैं-एक्‍ट‍िव फंड और पैसिव फंड. एक्‍ट‍िव फंड्स का मैनेजमेंट काफी सक्रियता से किया जाता है. दूसरी तरफ,पैसिव फंड का मैनेजमेंट निष्‍क्रिय तरीके से किया जाता है. तो इस पैसिव फंड्स की कैटेगिरी में ही एक प्रमुख निवेश साधन है इंडेक्‍स फंड्स का.

इंडेक्‍स फंड ऐसे म्‍यूचुअल फंड होते हैं जो शेयर मार्केट के किसी इंडेक्‍स की कॉपी कर शेयरों में निवेश करते हैं जैसे BSE सेंसेक्‍स (BSE Sensex) , NSE निफ्टी 50 (NSE Nifty), निफ्टी स्मॉलकैप 250 आदि. यानी इस तरह के इंडेक्‍स में जो शेयर होते हैं उनमें उसी अनुपात में निवेश किया जाता है. इसमें फंड मैनेजर को ज्यादा माथापच्ची नहीं करनी पड़ती. शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव का भी लॉन्ग टर्म में ज्यादा असर नहीं पड़ता.

ये पैसिव फंड होते हैं इसलिए इनमें ज्‍यादा रिटर्न की उम्‍मीद नहीं होती, जिस इंडेक्‍स की कॉपी की गई, लगभग उसके बराबर रिटर्न ही मिल जाता है. लेकिन यह रिटर्न भी कम नहीं होता. उदाहरण के लिए आप देखिए तोे बीएसई सेंसेक्स ने पिछले तीन साल में कुल करीब 34 फीसदी का रिटर्न दिया है और इसी तरह एनएसई निफ्टी ने पिछले तीन साल में कुल करीब 35 फीसदी का रिटर्न दिया है. तो जिस इंडेक्स फंड ने इनकी कॉपी की होगी उनमें लगभग इतना ही रिटर्न मिला होगा. हालांकि इसमें थोड़ा ट्रैकिंग एरर होता है. आपको ऐसी स्‍कीम चुननी चाहिए जिसमें कम से कम ट्रैकिंग एरर होता हो.

खर्च भी कम होता है

इंडेक्‍स फंड की एक खूबी यह होती है कि इसमें एक्‍सपेंस रेश्‍यो बहुत कम होता है. फंड हाउस आपके इनवेस्टमेंट का एक मामूली हिस्‍सा अपनी सेवाओं के चार्ज रूप में लेता है. यह हिस्‍सा ही एक्‍सपेंश रेश्‍यो कहलाता है. लेकिन इंडेक्स फंड को मैनेज करने के लिए फंड हाउस को बहुत मेहनत नहीं करनी होती, इसलिए वह चार्ज भी कम लेता है.

किसके लिए सही

जानकार यह कहते हैं कि इंडेक्‍स फंड्स में ऐसे निवेशकों को पैसा लगाना चाहिए जो लॉन्‍ग टर्म के लिए निवेश कर सकते हैं. लॉन्‍ग टर्म का मतलब है 5 साल, 7 साल या 10 साल के लिए. लॉन्‍ग टर्म में आपको इन फंड्स से आराम से 10 से 12 फीसद का औसत सालाना रिटर्न मिल सकता है.

जिन लोगों के पास ज्‍यादा रिसर्च करने का समय नहीं है, लेकिन शेयर बाजार में निवेश का फायदा उठाना चाहते हैं वे इंडेक्‍स फंड में पैसा लगा सकते हैं. इंडेक्स फंड में निवेश करने के लिए आप किसी फंड हाउस की आधिकारिक वेबसाइट या किसी ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. इंडेक्स फंड में SIP भी किया जा सकता है. बाजार में कई प्रकार के इंडेक्स फंड उपलब्‍ध हैं जैसे कि IDFC निफ्टी डायरेक्ट प्लान ग्रोथ, ICICI प्रूडेंशियल सेंसेक्स फंड, निप्पॉन इंडिया निफ्टी मिडकैप 150 इंडेक्स फंड , HDFC इंडेक्स सेंसेक्स डायरेक्ट प्लान ग्रोथ आदि.

जानकार कहते हैं कि इंडेक्स फंड चूूंकि किसी इंडेक्स को फॉलो करते हैं इसलिए इनमें बहुत ज्यादा रिटर्न की उम्मीद नहीं की जा सकती. इसमें आपको एवरेज रिटर्न मिलेगा. इसलिए बेहतर है कि आप अपने पोर्टफोलियो को पैसिव फंड और एक्टिव फंड के साथ डायवर्सिफाइ करें.

About the Author: Suman
सुमन गुप्ता एक स्वतंत्र पत्रकार हैं जो आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर अच्छी पकड़ रखती हैं। कई पत्र—पत्रिकाओं के लिए पिछले दस साल से स्वतंत्र रूप से लेखन। राष्ट्रीय राजनीति, कोर इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार आदि से जुड़े उनके सैकड़ों रिपोर्ट, आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें