Special Coverage
लगातार छठे दिन शेयर बाजार में तेजी, Nazara क्यों टूट गया 24 फीसदी
Authored By: Suman
Published On: Thursday, August 21, 2025
Last Updated On: Thursday, August 21, 2025
मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बावजूद भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को हरे निशान में खुले. सुबह बीएसई सेंसेक्स 363 अंकों की तेजी के साथ 82,220.46 पर खुला
Authored By: Suman
Last Updated On: Thursday, August 21, 2025
Share Market Today: मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बावजूद भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को हरे निशान में खुले. सुबह बीएसई सेंसेक्स 363 अंकों की तेजी के साथ 82,220.46 पर खुला और 10 बजे के आसपास 374 अंकों की उछाल के साथ 82,231.17 तक पहुंच गया. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी अंकों की तेजी के साथ 25,142 पर खुला और बढ़ते हुए 25,144.85 तक चला गया. शेयर बाजार में आज लगातार छठे दिन तेजी है जो पिछले दो महीने में पहली बार देखा गया है.
निफ्टी में बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में बजाज फिनसर्व, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स और कोटक महिंद्रा बैंक शामिल रहे, जबकि गिरने वाले प्रमुख शेयरों में टाटा कंज्यूमर, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजूकी, हीरो मोटोकॉर्प और सिप्ला आदि शामिल रहे. शुरुआती कारोबार में करीब 1542 शेयरों में तेजी और 653 शेयरों में गिरावट आई.
नजारा टेक 24 फीसदी टूटा
नजरा टेक्नोलॉजीज (Nazara Technologies) का शेयर आज 11 फीसदी टूट गया. कल भी यह शेयर करीब 13 फीसदी टूटा था. यानी दो दिन में ही यह शेयर करीब 24 फीसदी टूट चुका है. सुबह यह शेयर करीब 11 फीसदी टूटकर 1,178 रुपये पर खुला. इस कंपनी में मधुसूदन केला और जीरोधा के फाउंडर निखिल कामत जैसे बड़े निवेशकों का पैसा लगा है. लोकसभा में एक ऐसा बिल पारित हुआ है जिससे पैसे की बाजी लगाने वाले सभी ऑनलाइन गेम पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई है. इसकी वजह से इस सेक्टर से जुड़े शेयर धराशायी हो गए हैं. नजारा टेक्नोलॉजीज की पोकरबाजी (PokerBaazi) में करीब 48 फीसदी हिस्सेदारी है.
वैश्विक बाजार से मिलेजुले संकेत मिल रहे हैं. अमेरिका में महंगाई बढ़ने की चिंता से वहां शेयर बाजारों पर दबाव है. रूस-यूक्रेन जंग के खत्म होने की उम्मीद और भारत पर सेकंडरी टैरिफ पर पुनर्विचार करने के ट्रंप के बयान से शेयर बाजार के निवेशकों का सेंटिमेंट काफी मजबूत हो गया. लेकिन भारतीय बाजार में हाल में शेयरों ने जो उत्तर की दिशा पकड़ी है उसकी वजह यह है कि यहां घरेलू स्तरों पर कई अहम बदलाव हुए हैं. सरकार ने जीएसटी को लेकर व्यापक सुधारों का ऐलान किया है. खुदरा महंगाई काफी नरम हो गई है. एसऐंडपी ग्लोबल ने करीब 18 साल के बाद भारत की रेटिंग बढ़ाई है. इसकी वजह से घरेलू निवेशकों का सेंटिमेंट तो मजबूत हुआ ही है. विदेशी निवेशकों की शेयर बाजार में वापसी सुनिश्चित हुई है.
एचएसबीसी की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा भारत पर लगाए गए 25 फीसदी के टैरिफ से अगले एक साल में भारती की जीडीपी में 30 आधार अंक की कमी आ सकती है. लेकिन अगर ट्रंप ने रूसी तेल खरीद पर 25 फीसदी का जुर्माना लगाया यानी कुल टैरिफ 50 फीसदी हुआ तो जीडीपी में 70 आधार अंक तक की कटौती हो सकती है.
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप सपाट दिख रहे हैं. आईटी, मीडिया, फार्मा के अलावा बाकी सभी सेक्टर हरे निशान में हैं. आज ऑप्शन्स कारोबार में निफ्टी 50 कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी का दिन है.
ये शयर फोकस में
इंडिया सीमेंट के प्रमोटर अल्ट्रा टेक ने आज ओएफएस के जरिये अपनी 6.49% हिस्सेदारी बेचने का ऐलान किया है. न्यूनतम शेयर होल्डिंग के नियम के पालन के लिए कंपनी के लिए यह करना अनिवार्य है. वेदांता, जी एंटरटेनमेंट, ज्यूपिटर वैगन्स, रेलटेल जैसे शेयर भी आज चर्चा में हैं.
ये भी पढ़ें:- अपने खाते में पैसे रखें तैयार, इस हफ्ते आ रहे पांच IPO













