Special Coverage
तेजी में खुला सेंसेक्स 680 अंक टूट गया, अचानक क्यों आई शेयर बाजार में गिरावट
Authored By: Suman
Published On: Thursday, July 24, 2025
Last Updated On: Thursday, July 24, 2025
सुबह बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 59 अंकों की तेजी के साथ 82,779.95 पर खुला और दोपहर में यह करीब 680 अंकोंं की गिरावट के साथ 82,047.22 तक चला गया.
Authored By: Suman
Last Updated On: Thursday, July 24, 2025
Share Market : भारतीय शेयर बाजार आज सुबह मामूली बढ़त के साथ खुला था, लेकिन सुबह 11 बजे के बाद अचानक इसमें तेजी से गिरावट होने लगी. दोपहर 12 बजे के आसपास बीएसई सेंसेक्स करीब 680 अंक टूट गया.
सुबह बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 59 अंकों की तेजी के साथ 82,779.95 पर खुला और दोपहर 12.03 बजे के आसपास यह करीब 680 अंकोंं की गिरावट के साथ 82,047.22 तक चला गया. इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) सुबह 24 अंकों की तेजी गिरावट के साथ 25,243.30 खुला और दोपहर में 201 अंक टूटकर 25,018.70 तक चला गया.
दोपहर 2 बजे के आसपास बीएसई सेंसेक्स के 30 शेयरों में इटर्नल, टाटा मोटर्स, सन फार्मा, टाटा स्टील, टाइटन, पावरग्रिड जैसे छह शेयरों को छोड़कर बाकी सभी लाल निशान में दिख रहे थे.आज गिरने वाले प्रमुख शेयरों में नेस्ले इंडिया, श्रीराम फाइनेंस, टेक महिंद्रा, कोल इंडिया शामिल रहे जिनमें 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई.
क्यों आई गिरावट
अंतरराष्ट्रीय स्तर से भी अच्छे संकेत नहीं मिल रहे. थाईलैंड और कंबोडिया के बीच तनाव बढ़ा है और दोनों देशों की सीमाओं पर झड़प चल रही है. कच्चे तेल का दाम मजबूत हुआ है. यूरोपीय यूनियन ने अमेरिकी वस्तुओं पर 30 फीसदी का शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है. यह अमेरिका के भारी शुल्क लगाने के जवाब में किया गया है. इससे ब्रेंट क्रूड 0.31 फीसदी की बढ़त के साथ 68.72 डॉलर प्रति बैरल तक चला गया. इसके अलावा भारत और अमेरिका के बीच होने वाली ट्रेड डील में हो रही देरी ने भी बाजार को निराश किया है.
कंपनियों के तिमाही नतीजे भी बाजार के उम्मीद के अनुरूप नहीं हैं. जीडीपी में सुस्ती और महंगाई में कमी की वजह से कॉरपोरेट की भी अच्छी ग्रोथ नहीं हो रही है. आज नेस्ले इंडिया के तिमाही नतीजों ने बाजार को निराश किया. कंपनी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 13 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई और यह 646.6 करोड़ रह गया.यह मुनाफा बाजार के अनुमान से कम है. कच्चे माल की लागत बढ़ने और विस्तार योजनाओं में बड़े खर्च की वजह से कंपनी का मुनाफा घटा है.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने भी शेयर बाजार पर दबाव बढ़ाया है. जुलाई में अब तक विदेशी संस्थागत निवेशक (FPI) करीब 26,395 करोड़ रुपये के शेयर बेच चुके हैं.विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने बुधवार को 4,209 करोड़ रुपये की बिकवाली की है. इससे शेयर बाजार पर दबाव बढ़ गया.
आज ट्रेंट, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस जैसे दिग्गज शेयरों पर दबाव रहा और इनमें बिकवाली देखी गई. इसका भी शेयर बाजार पर असर पड़ा. आज आईटी शेयरों में बिकवाली का रुख देखा गया. परसिस्टेंट सिस्टम्स और कोफोर्ज में 9 फीसदी की टूट आ गई. इन्फोसिस भी करीब 1 फीसदी टूट गया.
यह भी पढ़ें :- टाटा सन्स के चंद्रशेखरन को 156 करोड़ का सालाना पैकेज, सबसे ज्यादा सैलरी वाले टॉप लोगों में















