क्या होते हैं थीमेटिक म्यूचुअल फंड, निवेश करना कितना सही

Authored By: Suman

Published On: Sunday, July 6, 2025

Last Updated On: Sunday, July 6, 2025

थीमेटिक म्यूचुअल फंड क्या हैं? जानें फायदे और निवेश की सही रणनीति
थीमेटिक म्यूचुअल फंड क्या हैं? जानें फायदे और निवेश की सही रणनीति

हाल में दिग्गज म्यूचुअल फंड कंपनी एचडीएफसी म्यूचुअल फंड (HDFC Mutual Fund) ने थीमेटिक कैटेगिरी (thematic mutual fund) में एक नया फंड ऑफर (NFO) लॉन्च किया है इस तरह के फंड में पैसा लगाना सही है?

Authored By: Suman

Last Updated On: Sunday, July 6, 2025

हाल में दिग्गज म्यूचुअल फंड कंपनी एचडीएफसी म्यूचुअल फंड (HDFC Mutual Fund) ने थीमेटिक कैटेगिरी में एक नया फंड ऑफर (NFO) लॉन्च किया है जिसका नाम है एचडीएफसी इनोवेशन फंड (HDFC Innovation Fund). इस एनएफओ में 11 जुलाई तक निवेश किया जा सकेगा.  इस तरह के फंड में पैसा लगाना सही है? क्या होते हैं थीमेटिक फंड? आइए विस्तार से समझते हैं.

थीमेटिक म्यूचुअल फंड ऐसे इक्विटी म्यूचुअल फंड होते हैं जो किसी खास थीम के शेयरों में निवेश करते हैं. ये किसी खास आइडिया के आधार पर किसी खास सेक्टर को चुनते हैं. उदाहरण के लिए ऊर्जा कंपनियों में निवेश के लिए पावर सेक्टर और स्टील, सीमेंट सेक्टर आदि.

थीमेटिक फंड में निवेश का फायदा यह होता है कि आपको हाई ग्रोथ वाले सेक्टर में निवेश का अवसर मिलता है. जैसे कि अगर कोई थीमेटिक फंड रीन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनियों में निवेश करता है तो आपको तेजी से बढ़ते क्लीन एनर्जी सेक्टर का फायदा मिलता है.

किसी थीमेटिक फंड को अपने एसेट का 80 फीसदी हिस्‍सा ऐसे शेयरों में लगाना होता है, जो उनके चुने हुए थीम से जुड़े हों. हालांकि ये किसी एक थीम तक सीमित होते हैं, लेकिन अगर किसी सेक्‍टर स्‍पेसिफिक फंड से तुलना किया जाए तो ये उससे ज्‍यादा डायवर्सिफाइड होते हैं. लॉन्‍ग टर्म में पूंजी में अच्‍छी बढ़त हासिल करने के लिए फंड मैनेजर हर तरह के मार्केट कैप वाले शेयरों में अवसर तलाशते हैं.

थीमेटिक फंड इक्विटी म्‍यूचुअल फंड्स कैटेगिरी में आते हैं. इसलिए इन पर टैक्‍स इक्विटी फंड्स की तरह लगता है. म्‍यूचुअल फंड्स की दुनिया में कई ऐसे थीमेटिक फंड हैं जो अकेले या अनूठे हैं, यानी किसी एक फंड हाउस ने ही बस इस तरह का फंड उतारा है. ये फंड किसी खास थीम पर आधारित कंपनियों में निवेश करते हैं. जैसे क्लीन एनर्जी, टेक्नोलॉजी.

उदाहरण के लिए शरिया अनुकूल म्‍यूचुअल फंड असल में सिर्फ ऐसी कंपनियों में निवेश करते हैं जिनका कारोबार मुस्लिमों के शरिया कानून के मुताबिक नैतिक माना जाता है. हालांकि इसमें किसी भी धर्म के लोग निवेश कर सकते हैं. Taurus Ethical Fund और Tata Ethical Fund सिर्फ शरिया के अनुकूल शेयरों या साधनों में निवेश कर मीडियम से लॉन्‍ग टर्म में अच्‍छा रिटर्न दिलाने की कोशिश करते हैं.

इसी तरह  Edelweiss का Recently Listed IPO Fund है.  यह एक ऐसी निवेश थीम है, जिसमें हाल में लिस्टेड कंपनियों या आईपीओ लाने वाली कंपनियों में निवेश किया जाता है. यह फंड खासकर नए जमाने के कारोबार वाली स्‍मॉल और मिडकैप कंपनियों में निवेश करता है ताकि उनमें होने वाली अच्‍छी ग्रोथ का फायदा मिले.

कितना मिलता है रिटर्न

अगर रिटर्न की बात करें तो ईटी मनी के मुताबिक आईसीआईसीआई प्रुडेंशियल मैन्युफैक्चरिंग फंड (ICICI Prudential Manufacturing Fund Direct) ने पिछले तीन साल में 27.54 फीसदी और पांच साल में करीब 27 फीसदी का सालाना रिटर्न दिया है. आईसीआईसीआई प्रुडेंशियल कमोडिटीज फंड (ICICI Prudential Commodities Fund Direct) ने तीन साल में करीब 20 फीसदी और पांच साल में करीब 25 फीसदी का रिटर्न दिया है.

यूटीआई ट्रांसपोर्टेशन ऐंड लॉजिस्टिक्स फंड (UTI Transportation and Logistics Fund Direct) ने पिछले तीन साल में करीब 22 फीसदी और पाच साल में 24 फीसदी का सालाना औसत रिटर्न दिया है.

एचडीएफसी हाउसिंग अपोर्चुनिटी फंड (HDFC Housing Opportunities Fund) ने पिछले तीन साल में करीब 20 फीसदी और पांच साल में करीब 22 फीसदी का सालाना औसत रिटर्न दिया है.

टाटा एथिकल डायरेक्ट प्लान (Tata Ethical Direct Plan) ने पिछले तीन साल में करीब 13 फीसदी और पांच साल में सालाना करीब 15 फीसदी का रिटर्न दिया है.

क्या करना चाहिए निवेश

इसका मतलब यह है कि ये फंड डायवर्सिफाइड नहीं होते. इनमें बहुत ज्यादा जोखिम होता है इसलिए अगर कोई बहुत एग्रेसिव इन्वेस्टर है और उसे किसी खास सेक्टर की जानकारी है तो उसे ही इस तरह के फंड में निवेश करना चाहिए. किसी नियामक बदलाव, मैनेजमेंट की रीस्‍ट्रक्‍चिरिंग या कामकाजी माहौल में अस्‍थायी बदलाव की वजह से शेयरों की मिसप्राइसिंग हो सकती है. जानकार कहते हैं कि ऐसे निवेशक को भी अपने पोर्टफोलियो में थीमेटिक फंड को 10 फीसदी से ज्यादा नहीं रखना चाहिए.

About the Author: Suman
सुमन गुप्ता एक स्वतंत्र पत्रकार हैं जो आर्थिक और राजनीतिक विषयों पर अच्छी पकड़ रखती हैं। कई पत्र—पत्रिकाओं के लिए पिछले दस साल से स्वतंत्र रूप से लेखन। राष्ट्रीय राजनीति, कोर इकोनॉमी, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार आदि से जुड़े उनके सैकड़ों रिपोर्ट, आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं।
Leave A Comment

अन्य खबरें