Special Coverage
ससुर ने कहा था- ‘तुम असफल हो जाओगे’, दामाद Warren Buffett आज दुनिया के सबसे दिग्गज निवेशक
Authored By: Suman
Published On: Thursday, September 4, 2025
Last Updated On: Thursday, September 4, 2025
वॉरेन बफेट जब युवा थे तो उनके फादर इन लॉ यानी ससुर ने साफ कहा था कि 'यू विल फेल' यानी तुम असफल हो जाओगे. लेकिन वॉरेन बफेट हार मानने वाले कहां थे.
Authored By: Suman
Last Updated On: Thursday, September 4, 2025
Warren Buffett Success Story: अमेरिकी कंपनी बर्कशायर हैथवे (Berkshire Hathaway Inc.) के सीईओ वॉरेन बफेट (Warren Buffett) 94 साल के हो चुके हैं. वॉरेन बफेट जब युवा थे तो उनके फादर इन लॉ यानी ससुर ने साफ कहा था कि ‘यू विल फेल’ यानी तुम असफल हो जाओगे. लेकिन वॉरेन बफेट हार मानने वाले कहां थे. उन्होंने अपने ससुर को गलत साबित किया और आज दुनिया के टॉप 10 अमीरों में शामिल हैं. उन्हें दुनिया का सबसे बड़ा निवेशक माना जाता है.
फोर्ब्स मैगजीन (Forbes magazine) के रियल टाइम बिलिनेयर लिस्ट के मुताबिक आज ‘ओरेकल ऑफ ओमाहा’ के नाम से मशहूर वॉरेन बफेट की नेटवर्थ 149.6 अरब डॉलर है. वह दुनिया के नौवें सबसे बड़े अमीर हैं.
क्या है कहानी
- कहानी तब की है जब युवा वॉरेन बफेट के पास सिर्फ बड़े सपने थे, संपत्ति नहीं. वे अपनी पॉकेट में एक रिंग लेकर अपनी प्रेमिका सुसी थाम्पसन के पास प्रपोज करने पहुंचे और उन्हें प्रपोज किया. वे नया भविष्य गढ़ने का सपना देखने लगे. लेकिन इसके पहले उन्हें अपने होने वाले ससुर यानी सुसी के पिता से मिलकर उनकी रजामंदी लेनी थी.
- बफेट ने यह पूरी कहानी सीएनबीसी चैनल को एक इंटरव्यू में बताई है. वे सुसी के पिता से मिलने पहुंचे. परिवार ने उनका अच्छा स्वागत किया. लेकिन माहौल तब बदल गया, जब सुसी के पिता ने बफेट से अचानक कहा- ‘यू विल फेल’ यानी तुम विफल हो जाओगे.
- इसकी क्या वजह थी कि क्या बफेट के पास कोई स्किल नहीं था या उनकी योजना खराब थी? जी नहीं इसकी वजह दूसरी थी. उनके होने वाले ससुर ने कहा कि अमेरिका में सत्ता डेमोक्रेट के हाथ में जा रही जो ‘कम्युनिस्ट’ विचारों के हैं. यही नहीं सुसी के पिता ने तो यहां तक कह दिया कि बफेट से शादी करने के बाद उनकी बेटी भूखों मर जाएगी.
- लेकिन बफेट ने इस पर कोई तर्क-वितर्क नहीं किया. उन्होंने चुपचाप सारी बातें सुनीं और मन ही मन यह संकल्प लिया कि वे अपने ससुर को गलत साबित करेंगे. यह कड़वी बात उनके लिए प्रेरणा बन गई, इसको उन्होंने पॉजिटिव तरीके से लिया और इससे अपने भरोसे को डगमगाने नहीं दिया. इसके बाद उन्होंने जो सफलता हासिल की वह न सिर्फ उनके ससुर को सबक देने वाली थी, बल्कि इसकी चमक पूरी दुनिया देख रही है.
साल के अंत तक रिटायर हो जाएंगे
अमेरिका के ओमाहा में 30 अगस्त 1930 को जन्मे वॉरेन बफेट का बचपन काफी संघर्ष में बीता था. लेकिन जब उन्होंने शेयरों में निवेश शुरू किया तो उनकी जिंदगी में ऐसा कमाल हुआ कि वह पूरी दुनिया के निवेशकों के लिए नजीर बन गए हैं. उन्होंने इस साल 3 मई को ऐलान किया कि वह इस साल के अंत तक रिटायर (Warren Buffett Step Down) हो जाएंगे और उनके बाद सीईओ पद पर ग्रेग एबेल होंगे.
वॉरेन बफेट साल 1965 से ही बर्कशायर कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं. इसका मार्केट कैप करीब 1.05 लाख करोड़ डॉलर का है. कंपनी करीब 200 तरह के कारोबार में लगी है. हालांकि वॉरेन बफेट को सबसे ज्यादा कमाई शेयरों में निवेश से ही हुआ है.
ये भी पढ़ें:- मेक इन इंडिया को मजबूती, महिंद्रा बनाएगी एयरबस के लिए फ्यूजलेज














