Entertainment News
फिल्म ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए पायल कपाड़िया को दर्शकों से करनी पड़ रही अपील
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Tuesday, December 24, 2024
Last Updated On: Tuesday, December 24, 2024
‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ की डायरेक्टर पायल कपाड़िया को वर्ष 2025 के दो गोल्डन ग्लोब्स एवं क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड्स के बेस्ट डायरेक्टर का नोमिनेशन मिला है। इस श्रेणी में नोमिनेशन पाने वाली वे पहली भारतीय फिल्ममेकर हैं। कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में अवॉर्ड्स जीतने वाली इनकी फिल्म को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी काफी पसंद किया है। हालांकि, पायल को अपने ही देश में फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए सिनेप्रेमियों से सीधे अपील करनी पड़ रही है।
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Tuesday, December 24, 2024
हाइलाइट्स
- पायल ने एक्स पर की ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ की स्क्रीनिंग की अपील।
- कोलकाता, गुवाहाटी, चंडीगढ़, जोधपुर, पटना, देहरादून, नवी मुंबई, ठाणे में स्क्रीनिंग के लिए भरना होगा गूगल फॉर्म।
- बराक ओबामा की 2024 की पसंदीदा फिल्मों की सूची में पायल की फिल्म नंबर वन पर।
बकौल पायल, ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ फिल्म के निर्माण में कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। मार्केटिंग के लिए पैसे नहीं थे, जिस कारण फिल्म को छोटे शहरों में रिलीज नहीं किया जा सका। जहां रिलीज हुई भी फिल्म, तो लोगों को उसकी जानकारी नहीं मिल सकी। इस बीच, पायल ने ‘एक्स’ के जरिये सिनेप्रेमियों से अपने-अपने शहरों (कोलकाता, गुवाहाटी, चंडीगढ़, जोधपुर, पटना, देहरादून, नवी मुंबई, ठाणे) में फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए एक गूगल फॉर्म भरने की अपील की है। पोस्ट के साथ उन्होंने गूगल फॉर्म भी शेयर किया है। वैसे, कोलकाता में कुछ थिएटर्स में ही फिल्म रिलीज हो सकी, लेकिन फिर पुष्पा-2 जैसी बड़ी कॉमर्शियल फिल्मों की वजह से यह लिस्ट से बाहर हो गई। ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ तीन कामकाजी महिलाओं की कहानी है। इसमें कानी कसरुति, दिव्य प्रभा एवं छाया कदम ने मुख्य भूमिका निभाई है।
2024 के कान्स फिल्म फेस्टिवल में जीता था ग्रैं प्रिक्स अवॉर्ड
पायल कपाड़िया अपने खास अंदाज में फिल्मों के निर्माण के लिए जानी जाती हैं, जो डॉक्यूमेंट्री और फीचर फिल्म मेकिंग को जोड़ती है। बंगाली फिल्म निर्माता ऋत्विक घटक को अपनी प्रेरणा मानने वाली पायल की हालिया फिल्म ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’ को ऑस्कर में भारत की ओर से भेजी गई सूची में आधिकारिक रूप से स्थान नहीं मिल सका था। बावजूद इसके, फिल्म ने फिलाडेल्फिया फिल्म क्रिटिक सर्किल, गोथम अवॉर्ड्स, द न्यूयॉर्क फिल्म क्रिटिक्स सर्किल, द लॉस एंजिल्स फिल्म क्रिटिक्स एसोसिएशन, द एशिया पैसिफिक फिल्म अवॉर्ड्स समेत कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान हासिल किया। इस साल कान्स फिल्म फेस्टिवल में इसने ग्रैं प्रिक्स अवॉर्ड जीता। यहां तक कि पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वर्ष 2024 की अपनी पसंदीदा फिल्मों की सूची में पायल की फिल्म को शीर्ष पर रखा है। एक्स पर साझा किए गए पोस्ट में ओबामा ने लिखा है- ‘वर्ष 2024 की मेरी पसंदीदा फिल्मों में ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’, ‘कॉनक्लेव’, ‘द पियानो लेसन,’ ‘द प्रॉमिस्ड लैंड’ एवं ‘द सीड ऑफ द सेक्रेड फिग,’ ‘अनोरा,’ ‘दीदी,’ ‘ए कम्प्लीट अनोन’ शामिल हैं। आप सभी भी इन्हें जरूर देखें।‘
एफटीआईआई(FTII) की छात्रा रहते बनाई थी ‘अ नाइट ऑफ नोइंग नथिंग’
पायल ने फिल्म मेकिंग की शुरुआत वर्ष 2015 में पुणे स्थित एफटीआईआई से की थी। उनकी पहली फीचर फिल्म ‘अ नाइट ऑफ नोइंग नथिंग’ थी, जिसमें जेएनयू समेत कई अन्य यूनिवर्सिटीज के छात्रों के संघर्ष की कहानी थी। वहीं, अगर फिल्म समारोहों में शामिल होने की बात करें, तो पहली बार पायल वर्ष 2017 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में गईं थीं, जब उनकी 13 मिनट की फिल्म ‘आफ्टरनून क्लाउड्स’ को सिनेफोन्डेशन कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला था। यह एफटीआईआई की पहली फिल्म थी, जिसे इस कैटेगरी के लिए चुना गया था। इस श्रेणी में दुनिया भर से 2600 एंट्रीज आईं थीं। पायल ने यह फिल्म कॉलेज के अपने दूसरे वर्ष में स्टूडियो एक्सरसाइज के लिए बनाई थी।













