Special Coverage
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों में घट सकता है तापमान, फेंगल चक्रवात से दक्षिण भारत में भारी बारिश का एलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों में घट सकता है तापमान, फेंगल चक्रवात से दक्षिण भारत में भारी बारिश का एलर्ट
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Friday, November 29, 2024
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
नवंबर का महीना खत्म होने को है। लेकिन दिल्ली समेत देश के उत्तरी भागों में कड़ाके की ठंड का अब भी इंतजार है। हालांकि, मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में (राजस्थान को छोड़कर) न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके अलावा, शुक्रवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी हिमालयी इलाकों का मौसम बदल सकता है। वहां के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बीच, कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर जारी है। इससे दिल्ली, यूपी, पंजाब सहित आसपास के इलाकें तापमान में गिरावट देखी जा रही है। उधर, तमिलनाडु में फेंगल चक्रवात की आहट से तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल एवं तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का एलर्ट जारी किया गया है। साथ ही रायलसीमा में तेज वर्षा का येलो एलर्ट जारी किया गया है।
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Saturday, April 26, 2025
कश्मीर के कई हिस्सों में गुरुवार को बर्फबारी हुई, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड थोड़ी बढ़ गई। पहाड़ों से आने वाली इन ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश के कई शहरों में शीतलहर शुरू होने का अंदेशा है। आईएमडी के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली के तापमान में और कमी आ सकती है। यह 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस समय यहां सुबह एवं शाम के समय हल्की धुंध देखने को मिल रही है। आने वाले हफ्तों में दिल्ली में कोहरा छाया रहेगा और शहर का अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
कश्मीर घाटी में बर्फबारी एवं बारिश का अनुमान
मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच गिलगित-बाल्टिस्तान, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर एवं हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार, कश्मीर घाटी में रात के तापमान में वृद्धि हुई है। लेकिन अधिकांश स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे रहा। श्रीनगर में रात का तापमान -1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर के दक्षिणी हिस्से के काजीगुंड में रात का तापमान -1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पहलगाम में रात का तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो घाटी का सबसे ठंडा स्थान था। उधर, गुलमर्ग में तापमान 0 डिग्री सेल्सियस एवं कुपवाड़ा में -0.4 डिग्री सेल्सियम रहा। मौसम विभाग की मानें, तो शुक्रवार शाम से जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण घाटी के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश एवं बर्फबारी हो सकती है, जो 3 दिसंबर तक जारी रह सकती है। बाकी 4 से 7 दिसंबर के बीच मौसम सामान्य रूप से सूखा रहेगा।
तटीय तमिलनाडु में बारिश का एलर्ट
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान तटीय तमिलनाडु एवं श्रीलंका में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, उत्तर तटीय तमिलनाडु एवं दक्षिण तटीय आंध्रप्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक तमिलनाडु एवं केरल में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, दक्षिण ओडिशा, दक्षिण छत्तीसगढ़ एवं तेलंगाना के पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
(हिन्दुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)