States News
Himachal Snowfall: लाहौल-स्पीति में पारा -17.3 डिग्री तक गिरा, नए साल में हिमाचल में बर्फबारी के आसार
Himachal Snowfall: लाहौल-स्पीति में पारा -17.3 डिग्री तक गिरा, नए साल में हिमाचल में बर्फबारी के आसार
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Wednesday, January 1, 2025
Updated On: Friday, January 17, 2025
हिमाचल प्रदेश में सर्दी अपने चरम पर है। सोमवार की रात प्रदेश की सबसे सर्द रात रही। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति जिले में तो न्यूनतम तापमान -17.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सर्दी के मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। राज्य के छह प्रमुख शहरों में भी तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। समधो में न्यूनतम तापमान -12.6 डिग्री, कुकुमसेरी में -12.8 डिग्री, केलंग में -8.3 डिग्री, कल्पा में -3.6 डिग्री, रिकांगपिओ में -0.9 डिग्री, मनाली में 2.2 डिग्री और शिमला में 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
Authored By: अंशु सिंह
Updated On: Friday, January 17, 2025
शिमला सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में मंगलवार को खिली धूप ने लोगों को कुछ राहत दी है, लेकिन मैदानी इलाकों में घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित किया है। कांगड़ा, ऊना, मंडी और बिलासपुर जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही औऱ यातायात प्रभावित हुआ। वैसे, तो नए साल की पूर्व संध्या और पहली जनवरी को प्रदेश में बर्फबारी के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के विज्ञानी संदीप शर्मा ने बताया कि अगले 24 घंटों में मौसम साफ रहेगा। पहली जनवरी को पहाड़ी और मैदानी इलाकों में धूप खिली रहेगी।
ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 से 3 जनवरी के बीच हिमाचल की पर्वत श्रृंखलाओं में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इससे ठंड का असर और बढ़ेगा। इसके अलावा 4 से 6 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने की संभावना है। इससे पूरे प्रदेश में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में भी इसकी प्रबल संभावना है।
बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद
दिसंबर महीने में तीन बार बर्फबारी हो चुकी है। पिछले दिनों हुई बर्फबारी से प्रदेश के पहाड़ी इलाकों के जनजीवन पर असर पड़ा है। प्रदेश में दो नेशनल हाईवे सहित 200 से अधिक सड़कें अब भी बंद हैं। लाहौल-स्पीति जिले में 130 से अधिक सड़कें बंद पड़ी हैं। इससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कुल्लू जिले में भी दो नेशनल हाईवे बाधित हैं। किन्नौर, शिमला, कुल्लू, चंबा और मंडी जिलों के ऊपरी इलाकों में कई सड़कें अब तक बंद हैं। इससे इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन द्वारा सड़कें खोलने के लिए काम किया जा रहा है।
(हिन्दुस्तान समाचार के इनपुट्स के साथ)