कैसे हो बेहतर पुलिसिंग, हिमाचल प्रदेश के 23 पुलिस थानों के पास नहीं हैं अपने वाहन

कैसे हो बेहतर पुलिसिंग, हिमाचल प्रदेश के 23 पुलिस थानों के पास नहीं हैं अपने वाहन

Authored By: सतीश झा

Published On: Tuesday, September 10, 2024

Himachal Pradesh Police
Himachal Pradesh Police

हिमाचल प्रदेश में बेहतर पुलिसिंग के दावों के बीच एक बड़ी खामी उजागर हुई है। राज्य के 23 पुलिस थानों के पास अपने वाहन नहीं हैं, जिससे उनकी कार्यक्षमता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस कमी के कारण पुलिस को गश्त करने, अपराध स्थलों पर समय पर पहुंचने और आपात स्थितियों में तुरंत कार्रवाई करने में कठिनाई हो रही है।

Authored By: सतीश झा

Last Updated On: Tuesday, September 10, 2024

हिमाचल प्रदेश के करीब दो दर्जन पुलिस थानों के पास अपने वाहन उपलब्ध नहीं है। इनमें सीआईडी (CID), ट्रैफिक (Traffic) और टूरिस्ट पुलिस थाने (Tourist Police Station) भी शामिल हैं। यह चौंकाने वाली जानकारी प्रदेश विधानसभा के शिमला में चल रहे मॉनसून सत्र में सामने आई है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) ने बताया

इन्दौरा के विधायक मलेंद्र राजन के सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को बताया कि प्रदेश में 23 पुलिस थाने ऐसे हैं, जिनके पास स्थाई वाहन नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पांच जिलों के 17 पुलिस थानों के पास स्थाई वाहन नहीं हैं। शिमला जिले के झाकड़ी, चिड़गांव व न्यू शिमला पुलिस थानों के पास अपने वाहन की सुविधा नहीं है। इसी तरह सोलन जिला के सायरी और बागा, सिरमौर जिला के नाहन सदर, पच्छाद, राजगढ़ और शिलाई थानों में भी स्थाई वाहन नहीं है। मंडी जिला में एकमात्र जोगिंद्रनगर पुलिस थाना है, जहां कोई भी स्थाई वाहन नहीं है। कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा चार पुलिस थानों में अपना वाहन नहीं है। इनमें ज्वालामुखी, पालमपुर, मैकलॉडगंज और महिला पुलिस थाना धर्मशाला शामिल है। ऊना जिला के मैहतपुर, टाहलीवाल और महिला पुलिस थाना में भी स्थाई वाहन उपलब्ध नहीं है।

सीआईडी के तीन थानों में भी नहीं अपने वाहन की सुविधा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य गुप्तचर विभाग के तहत आने वाले तीन साइबर क्राइम पुलिस थानों के पास भी अपने स्थाई वाहन नहीं है। इनमें साइबर क्राइम पुलिस थाना (Cyber ​​Crime Police Station) शिमला, साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी और साइबर क्राइम पुलिस थाना कांगड़ा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसी तरह बिलासपुर जिला में यातायात व पर्यटन पुलिस थाना भगेड़़, मंडी जिला में यातायात व पर्यटक पुलिस थाना नेरचौक और कुल्लू जिला में यातायात व पर्यटक पुलिस थाना भुंतर में स्थाई वाहन नहीं है।

संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे

HP police department

पुलिस विभाग (Police Department) के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वे इस समस्या को सुलझाने के लिए राज्य सरकार के साथ लगातार संपर्क में हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन थानों में वाहन की कमी का प्रमुख कारण बजट की कमी और वाहन खरीद प्रक्रिया में देरी है। पुलिस विभाग का कहना है कि पुलिस थानों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकार से नए वाहन प्राप्त करने के लिए निविदा प्रक्रिया पहले से ही शुरू की जा चुकी है, और जल्द ही इस समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।

(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

अन्य राज्य खबरें