कश्मीर-हिमाचल में खूब हो रही है बर्फबारी, दिल्ली सहित उत्तर भारत में ठिठुरन

कश्मीर-हिमाचल में खूब हो रही है बर्फबारी, दिल्ली सहित उत्तर भारत में ठिठुरन

Authored By: सतीश झा

Published On: Tuesday, December 10, 2024

Kashmir & Himachal Pradesh weather

कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बर्फबारी ने ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। इन पहाड़ी इलाकों में जहां बर्फ की चादर बिछी है, वहीं इसका असर दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई दे रहा है। ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने लोगों को कंपकंपी छुड़ा दी है।

Authored By: सतीश झा

Updated On: Sunday, April 27, 2025

कश्मीर घाटी में गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे इलाकों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। इसी तरह हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली, कुफरी और डलहौजी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर भी भारी बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक इन इलाकों में और बर्फबारी होने की संभावना है।

कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड

कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, क्योंकि न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है। श्रीनगर और कई अन्य स्थानों पर आसमान साफ रहने के कारण इस मौसम का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। रात का तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.7 से 5.7 डिग्री कम रहा। श्रीनगर शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे –5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे –3.3 डिग्री सेल्सियस था।

 सोनमर्ग और गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार की रात शहर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात थी और रात का तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा। घाटी के कुछ इलाकों में कड़ाके की ठंड के कारण जलापूर्ति पाइप जम गए। शीत लहर ने पूरे कश्मीर में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर सहित अधिकांश इलाकों में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। इसी बीच सोनमर्ग में शून्य से नीचे -9.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके अलावा प्रसिद्ध स्की-रिसॉर्ट गुलमर्ग दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से नीचे -9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में शून्य से नीचे -4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का येलो अलर्ट, घने कोहरे की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद सर्दी का सितम बढ़ गया है। मौसम विभाग ने मंडी, बिलासपुर, कांगड़ा और हमीरपुर जिलों के मैदानी इलाकों में अगले दो दिन घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि 11 दिसंबर और 13 से 16 दिसंबर तक मौसम के साफ रहने की उम्मीद जताई गई है, लेकिन शीतलहर से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। 12 दिसम्बर को पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

सोमवार शाम शिमला के कुफ़री, मनाली, कोकसर और कल्पा में हल्का हिमपात हुआ। इससे पहले रविवार को भी इन क्षेत्रों में बर्फबारी हुई थी, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार को राज्य भर में मौसम साफ बना हुआ है और धूप खिली है।

छह जिलों के 14 शहरों का माइनस पारा, मैदानी इलाकों में भी भीषण सर्दी

राज्य में ठंड का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि छह जिलों के 14 शहरों का पारा माइनस में चला गया है। इसमें उच्च पर्वतीय व पहाड़ी इलाकों के साथ मैदानी क्षेत्र भी शामिल हैं। हैरान करने वाली बात यह है मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर पारा माइनस तो कई जगह शून्य के करीब पहुंच गया है। ऊना, बरठीं और हमीरपुर जैसे निचले क्षेत्र राजधानी शिमला से ठंडे हो गए हैं।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार की सुबह लाहौल स्पीति जिला के ताबो में न्यूनतम तापमान सबसे कम -12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी जिला के कुकुमसेरी में -8.1 डिग्री, समधो में -7.9 डिग्री व सियोबाग में -2.5 डिग्री, किन्नौर जिला के कल्पा में -5.4 डिग्री, रिकांगपिओ में -1.8 डिग्री, बजुआरा में -1.6 डिग्री, कुल्लू जिला के मनाली में -2.8 डिग्री, भुंतर में -1.4 डिग्री, चम्बा जिला के भरमौर में -1.7 डिग्री, शिमला जिला के नारकण्डाकुफ़री में क्रमशः -3.4 डिग्री व -2.2 डिग्री, बिलासपुर के बरठीं में -0.7 डिग्री, सोलन में -0.6 डिग्री, पालमपुर में शून्य डिग्री, सुंदरनगर में 0.2 डिग्री, ऊना में 0.4 डिग्री, हमीरपुर में 0.6 डिग्री, चम्बाशिमला में 1 डिग्री, मंडी में 1.5 डिग्री, कांगड़ा में 2 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 2.1 डिग्री, बिलासपुर में 3.7 डिग्री, धौलाकुआं में 3.8 डिग्री और धर्मशाला में 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

बर्फबारी से हिल्स स्टेशनों में पर्यटकों की आमद बढ़ी

प्रमुख हिल्स स्टेशनों शिमला, कुफ़री, मनाली इत्यादि में हुई बर्फबारी से पर्यटन गतिविधियां बढ़ गई हैं। इन शहरों में पर्यटकों की आमद बढ़ रही है। बाहरी राज्यों बसे सैलानी बर्फ को देखने पहुंच रहे हैं। स्थानीय पर्यटन कारोबारियों और होटलियरों के मुताबिक बर्फ़बारी की वजह से आगामी दिनों में खासकर क्रिसमस और नववर्ष के लिए सैलानी होटलों में एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं।

बता दें कि शिमला में पिछले कुछ सालों से बर्फबारी कम होने से सैलानी मायूस हो रहे थे। इस बार करीब 12 वर्षों बाद दिसम्बर के दूसरे हफ्ते हुई बर्फबारी यहां के पर्यटन के लिए अच्छी बात है।

(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)

About the Author: सतीश झा
सतीश झा की लेखनी में समाज की जमीनी सच्चाई और प्रगतिशील दृष्टिकोण का मेल दिखाई देता है। बीते 20 वर्षों में राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचारों के साथ-साथ राज्यों की खबरों पर व्यापक और गहन लेखन किया है। उनकी विशेषता समसामयिक विषयों को सरल भाषा में प्रस्तुत करना और पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाना है। राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक, उनकी गहन पकड़ और निष्पक्षता ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है
Leave A Comment

यह भी पढ़ें

Email marketing icon with envelope and graph symbolizing growth

news via inbox

समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।

खास आकर्षण