805km की रेंज वाली BMW iX3 से उठा पर्दा, जानें क्या खास है इसमें
Authored By: संतोष आनंद
Published On: Tuesday, September 9, 2025
Last Updated On: Tuesday, September 9, 2025
BMW iX3 को भारत में 2026 के आखिर तक लॉन्च किया जा सकता है। इसकी अनुमानित कीमत 80 से 90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है।
Authored By: संतोष आनंद
Last Updated On: Tuesday, September 9, 2025
जर्मनी के म्यूनिख शहर में चल रहे IAA Mobility Show में BMW ने अपनी नई इलेक्ट्रिक SUV iX3 को पेश किया है। यह कंपनी की पहली कार होगी जो नए Neue Klasse प्लेटफॉर्म पर आधारित है। डिजाइन और फीचर्स दोनों ही पूरी तरह नए अंदाज में दिए गए हैं। भारत में इसे 2026 के अंत तक लॉन्च किए जाने की संभावना है।
डिजाइन
BMW iX3 का डिजाइन अपने पिछले मॉडल से काफी अलग है। इसमें नया किडनी ग्रिल दिया गया है जिसमें वर्टिकल स्लैट्स का इस्तेमाल हुआ है। स्लिम हेडलैंप्स को नई लाइट सिग्नेचर के साथ पेश किया गया है। SUV के साइड प्रोफाइल में फ्लश डोर हैंडल्स और स्क्वायर व्हील आर्च दिए गए हैं। यह गाड़ी 20-इंच अलॉय व्हील्स के साथ आती है जिसे 22-इंच तक अपग्रेड किया जा सकता है। पीछे की ओर L-शेप्ड टेललैंप्स और एयरोडायनामिक बंपर्स देखने को मिलते हैं। इसके आकार की बात करें, तो लंबाई 4,782mm, चौड़ाई 1,895mm और ऊंचाई 1,635mm है। ड्रैग कोएफिशिएंट 0.24 है जिससे यह ज्यादा एयरोडायनामिक बन जाती है।
इंटीरियर और फीचर्स
अंदर से BMW iX3 को मिनिमलिस्ट डिजाइन दिया गया है। इसमें 17.9 इंच का बड़ा सेंट्रल टचस्क्रीन है जो BMW OS X पर चलता है। इसके अलावा, Panoramic Vision डिस्प्ले विंडस्क्रीन के नीचे फैला हुआ है। M Sport वेरिएंट में स्पोर्ट सीट्स, M स्टीयरिंग व्हील और ब्लैक हाई-ग्लॉस फिनिश दिए गए हैं। फीचर्स की बात करें, तो इसमें 3D हेड-अप डिस्प्ले, पैनोरामिक ग्लास रूफ, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्ट सिस्टम और कनेक्टेड कार टेक शामिल है। इसमें 520 लीटर का बूट स्पेस है जिसे पीछे की सीटें फोल्ड करने पर 1,750 लीटर तक बढ़ाया जा सकता है। साथ ही बोनट में 58 लीटर का अतिरिक्त स्टोरेज भी दिया गया है।
बैटरी और परफॉर्मेंस
BMW iX3 को Gen6 EV-only आर्किटेक्चर पर बनाया गया है, जो 800V चार्जिंग सपोर्ट करता है। इसमें 108.7kWh की बैटरी मिलती है जो WLTP साइकिल के हिसाब से 679 से 805 किलोमीटर की रेंज देती है। चार्जिंग की बात करें, तो यह 400kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है जिससे सिर्फ 10 मिनट में 372 किलोमीटर तक की रेंज मिल जाती है। बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में लगभग 21 मिनट लगते हैं। इसमें ड्यूल मोटर सेटअप दिया गया है जिससे यह ऑल-व्हील ड्राइव बन जाती है। इसका पावर आउटपुट 463 बीएचपी और 645 एनएम टॉर्क है। परफॉर्मेंस के मामले में यह SUV 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड सिर्फ 4.9 सेकंड में पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 210 किलोमीटर प्रति घंटा है।
भारत में लॉन्च
BMW iX3 को भारत में 2026 के आखिर तक लॉन्च किया जा सकता है। इसकी अनुमानित कीमत 80 से 90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है।