Online Betting Apps Case: गूगल और मेटा को ED का नोटिस, जानिए क्या है मामला
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Saturday, July 19, 2025
Updated On: Saturday, July 19, 2025
Online Betting Apps Case: ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स को बढ़ावा देने के आरोप में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गूगल और मेटा को नोटिस जारी किया है. इन कंपनियों को 21 जुलाई को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. यह जांच मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला लेनदेन जैसे गंभीर वित्तीय अपराधों से जुड़ी है.
Authored By: Ranjan Gupta
Updated On: Saturday, July 19, 2025
Online Betting Apps Case: ऑनलाइन सट्टेबाजी की आड़ में बढ़ती मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ा कदम उठाया है. टेक दिग्गज गूगल और मेटा को नोटिस जारी कर 21 जुलाई को पूछताछ के लिए तलब किया गया है. ईडी का कहना है कि इन कंपनियों ने ऐसे ऐप्स को प्रमुख विज्ञापन स्पेस दिया, जिससे अवैध कमाई और हवाला लेनदेन को बल मिला.
ईडी का कहना है कि इन प्लेटफॉर्म्स ने सट्टेबाजी ऐप्स को विज्ञापन के प्रमुख स्थान दिए और उनकी वेबसाइट्स को अपनी सेवाओं का जरिया बनाया, जिससे अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिला. यह जांच मनी लॉन्ड्रिंग और हवाला लेनदेन जैसे गंभीर वित्तीय अपराधों से जुड़ी है.
एक बड़े नेटवर्क की जांच कर रहा है ईडी
ई़डी ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स के एक बड़े नेटवर्क की जांच कर रहा है. कई ऐप्स खुद को ‘स्किल बेस्ड गेम्स’ बताकर अवैध सट्टेबाजी को बढ़ावा दे रहे हैं. इन प्लेटफॉर्म्स के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की गई, जिसे हवाला चैनलों के माध्यम से छिपाया गया ताकि जांच से बचा जा सके. ईडी ने इन ऐप्स के विज्ञापनों को गूगल और मेटा के प्लेटफॉर्म्स पर प्रमुखता से प्रदर्शित होने का आरोप लगाया है, जिससे इनके यूजर्स बढ़े.
29 मशहूर हस्तियों के खिलाफ कार्रवाई
पिछले हफ्ते, ईडी ने तेलुगु राज्यों में 29 मशहूर हस्तियों के खिलाफ कार्रवाई की. इनमें अभिनेता विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती, प्रकाश राज, निधि अग्रवाल, प्रणिता सुभाष, मंचू लक्ष्मी और अनन्या नगेला शामिल हैं.
इसके अलावा, टीवी कलाकार, होस्ट और सोशल मीडिया प्रभावशाली व्यक्तियों जैसे श्रीमुखी, श्यामला, वर्षिणी सौंदर्यराजन, वसंती कृष्णन, शोभा शेट्टी, अमृता चौधरी, नयनी पावनी, नेहा पठान, पांडु, पद्मावती, हर्षा साय और बय्या सनी यादव के नाम भी जांच में हैं. इन पर जंगली रम्मी, ए23, जीतविन, परिमैच और लोटस365 जैसे प्लेटफॉर्म्स के प्रचार का आरोप है, जो मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल हैं.
पांच FIR के आधार ईडी की कार्यवाई
यह जांच पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट, 1867 और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत हो रही है. तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में दर्ज पांच एफआईआर के आधार पर ईडी ने यह कार्रवाई शुरू की. मार्च में, साइबराबाद पुलिस ने भी विजय देवरकोंडा, राणा दग्गुबाती और प्रकाश राज सहित कई हस्तियों के खिलाफ अवैध सट्टेबाजी ऐप्स के प्रचार का मामला दर्ज किया था.
हालांकि, इन हस्तियों ने सफाई दी कि वे किसी अवैध ऐप का प्रचार नहीं कर रहे थे. ईडी अब इन सभी मामलों की गहन जांच कर रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।














