Special Coverage
बैटल ऑफ द बेगम्स: खालिदा जिया vs शेख हसीना, बांग्लादेश की चर्चित दुश्मनी की कहानी
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Tuesday, December 30, 2025
Last Updated On: Tuesday, December 30, 2025
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के निधन के साथ ही ‘बैटल ऑफ द बेगम्स’ का एक अध्याय हमेशा के लिए बंद हो गया. खालिदा जिया और शेख हसीना की यह सियासी जंग दशकों तक बांग्लादेश की राजनीति की दिशा तय करती रही. सत्ता, संघर्ष, जेल, निर्वासन और बदले की राजनीति से भरी यह कहानी सिर्फ दो नेताओं की नहीं, बल्कि पूरे बांग्लादेश के उतार-चढ़ाव का आईना है.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Tuesday, December 30, 2025
Khaleda Zia: बांग्लादेश की राजनीति में अगर किसी संघर्ष ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, सबसे गहरी दरारें पैदा कीं और दशकों तक सत्ता का संतुलन तय किया, तो वह था ‘बैटल ऑफ द बेगम्स’. एक तरफ थीं बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया, दूसरी ओर थीं मुक्ति संग्राम के नायक की बेटी और लंबे समय तक सत्ता पर काबिज रहीं शेख हसीना. कभी लोकतंत्र की बहाली के लिए एक साथ खड़ी रहीं ये दोनों महिलाएं समय के साथ एक-दूसरे की सबसे बड़ी राजनीतिक दुश्मन बन गईं.
खालिदा जिया के निधन के साथ यह ऐतिहासिक सियासी जंग अब इतिहास बन चुकी है. एक किरदार दुनिया से विदा हो चुका है, दूसरा देश छोड़कर शरण में है. लेकिन इन दोनों के बीच चली सत्ता की लड़ाई, बदले की राजनीति, जेल और तख्तापलट की कहानियां आज भी बांग्लादेश के राजनीतिक डीएनए में दर्ज हैं. मगर इनकी शुरुआत कैसे हुई, आखिर एक जैसे मकसद वाले लोग, एक-दूसरे के दुश्मन कैसे बने, आइए जानते हैं कहानी ‘बैटल्स ऑफ बेगम’ की.
बांग्लादेश की उथल-पुथल और खालिदा जिया का उभार
बांग्लादेश का जन्म संघर्ष और खून-खराबे के बीच हुआ था. 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई ने एक नए देश को जन्म दिया, लेकिन आज़ादी के बाद स्थिरता नहीं आई. शुरुआती वर्षों में तख्तापलट, हत्याएं और सत्ता संघर्ष बांग्लादेश की राजनीति की पहचान बन गए. जिस नेता ने देश की नींव रखी, वही सत्ता की लड़ाई में मारा गया. यही वह माहौल था, जिसमें आगे चलकर खालिदा जिया का राजनीतिक सफर शुरू हुआ.
खालिदा जिया, तत्कालीन सैन्य शासक जियाउर रहमान की पत्नी थीं. जियाउर रहमान ने 1977 में सेना प्रमुख रहते हुए सत्ता संभाली और 1978 में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की स्थापना की. लेकिन 1981 में एक सैन्य विद्रोह में उनकी भी हत्या कर दी गई. उस वक्त तक खालिदा जिया का राजनीति से कोई सीधा नाता नहीं था. पति की हत्या के बाद पार्टी नेतृत्व का संकट गहराया और वहीं से एक गृहिणी के राजनीति में उतरने की कहानी शुरू हुई.
खालिदा जिया ने न सिर्फ पार्टी की कमान संभाली, बल्कि सैन्य तानाशाही के खिलाफ खुलकर मोर्चा भी लिया. उसी दौर में शेख हसीना भी राजनीति में सक्रिय हो रही थीं. दोनों ने मिलकर तत्कालीन तानाशाह एच.एम. इरशाद के खिलाफ आंदोलन किया. नतीजा यह हुआ कि 1990 में लोकतंत्र की बहाली हुई और इरशाद को सत्ता छोड़नी पड़ी. यही वह मोड़ था, जिसने खालिदा जिया को प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचा दिया.
कैसे शुरू हुई ‘बैटल ऑफ द बेगम्स’?
1991 में जब खालिदा जिया पहली बार प्रधानमंत्री बनीं, तब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी. बांग्लादेश आवामी लीग. इस पार्टी का नेतृत्व शेख हसीना कर रही थीं, जो देश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान की बेटी थीं. एक तरफ सैन्य शासक की विरासत, दूसरी तरफ मुक्ति संग्राम के नायक की विरासत, यहीं से शुरू हुआ बांग्लादेश की राजनीति का सबसे लंबा और कड़वा संघर्ष.
1991 के बाद शायद ही कोई ऐसा चुनाव हुआ हो, जिसमें इन दोनों महिलाओं के बीच सीधी टक्कर न हुई हो. बांग्लादेश की राजनीति धीरे-धीरे दो ध्रुवों में बंट गई बीएनपी बनाम आवामी लीग. इन दोनों के दबदबे का आलम यह रहा कि दशकों तक कोई तीसरा मजबूत विकल्प उभर ही नहीं पाया. मोहम्मद यूनुस का उभार भी बाद में एक जनआंदोलन की देन रहा, न कि पारंपरिक सियासत का नतीजा.
जब निजी दर्द बना सियासी जहर
दोनों नेताओं की दुश्मनी सिर्फ राजनीतिक नहीं थी, उसमें निजी जख्म भी जुड़े थे.
- 1975 में शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान की हत्या हुई
- 1981 में खालिदा जिया ने अपने पति जियाउर रहमान को खो दिया
दिलचस्प बात यह रही कि 1980 के दशक में दोनों ने एक साथ सैन्य शासक इरशाद के खिलाफ संघर्ष किया, लेकिन जैसे ही सत्ता का सवाल आया, दोस्ती दुश्मनी में बदल गई.
1991 से 1996 तक खालिदा जिया प्रधानमंत्री रहीं. 1996 में सत्ता शेख हसीना के हाथों में चली गई और वह 2001 तक शासन में रहीं. इस दौरान खालिदा जिया और उनके परिवार पर प्रशासनिक शिकंजा कसा गया. उनके बेटे तारिक रहमान भी जांच और आरोपों के घेरे में आए.
सत्ता, आरोप और सियासी बदले की राजनीति
2001 में खालिदा जिया की दोबारा वापसी हुई. इस बार उनकी सरकार में जमात-ए-इस्लामी भी शामिल थी. 2001 से 2006 का कार्यकाल विवादों से भरा रहा. भारत-विरोधी बयान, पूर्वोत्तर भारत में उग्रवाद को लेकर आरोप और सत्ता के समानांतर ढांचे के दावे, इन सबने सरकार को लगातार घेरा.
इसी दौर में उनके बेटे तारिक रहमान पर गंभीर भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगे. शेख हसीना इन मुद्दों पर खुलकर हमला करती रहीं. 2004 में ढाका में शेख हसीना के काफिले पर ग्रेनेड हमला हुआ. वह बच तो गईं, लेकिन आरोप सीधे जिया सरकार और बीएनपी नेतृत्व पर लगे. इसके बाद राजनीतिक माहौल और ज्यादा जहरीला हो गया.
जेल, बीमारी और राजनीति से दूरी
खालिदा जिया की सत्ता से विदाई के बाद हालात पूरी तरह पलट गए. शेख हसीना मजबूत होती गईं और खालिदा जिया पर कानूनी शिकंजा कसता चला गया. 2018 में उन्हें भ्रष्टाचार के दो मामलों में कुल 17 साल की सजा सुनाई गई. बीएनपी ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया, जबकि सरकार ने किसी हस्तक्षेप से इनकार किया.
2020 में खराब स्वास्थ्य के चलते उन्हें जेल से रिहा कर ढाका में नजरबंद किया गया. इलाज चलता रहा, लेकिन विदेश जाने की अनुमति नहीं मिली. खालिदा जिया ने इलाज के लिए कई बार अपील की, मगर हर बार दरवाजे बंद रहे.
सत्ता बदली, हालात बदले
अगस्त 2024 में हालात फिर पलटे. शेख हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी और उन्होंने भारत में शरण ली. अंतरिम सरकार की कमान मोहम्मद यूनुस ने संभाली. इसी दौरान खालिदा जिया को विदेश में इलाज की अनुमति मिली. वह इलाज के लिए लंदन गईं और कुछ महीनों बाद बांग्लादेश लौटीं. जनवरी 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें अंतिम भ्रष्टाचार मामले में बरी कर दिया. चर्चा थी कि वह एक बार फिर चुनावी राजनीति में लौट सकती हैं. लेकिन किस्मत ने उन्हें यह मौका नहीं दिया.
बैटल ऑफ द बेगम्स: एक नज़र में
| पहलू | खालिदा जिया | शेख हसीना |
|---|---|---|
| राजनीतिक विरासत | जियाउर रहमान की पत्नी | शेख मुजीबुर रहमान की बेटी |
| पार्टी | बीएनपी | आवामी लीग |
| सत्ता में कार्यकाल | 1991–96, 2001–06 | 1996–2001, 2009–2024 |
| मुख्य आरोप | भ्रष्टाचार, उग्रवाद को संरक्षण | सत्ता का केंद्रीकरण |
बीमारी और अंतिम विदाई
खालिदा जिया लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं. नवंबर में उन्हें दिल और फेफड़ों में संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था. निमोनिया और अन्य जटिलताओं ने उनकी हालत और बिगाड़ दी. बीएनपी के अनुसार, उनका निधन सुबह फज्र की नमाज के तुरंत बाद हुआ.
तीन बार प्रधानमंत्री, एक युग का अंत
खालिदा जिया तीन बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री बनीं और तीन दशकों से ज्यादा समय तक देश की राजनीति की धुरी रहीं. उनका कार्यकाल इस प्रकार रहा:
- पहला कार्यकाल: मार्च 1991 – फरवरी 1996
- दूसरा कार्यकाल: फरवरी 1996 (कुछ सप्ताह)
- तीसरा कार्यकाल: अक्टूबर 2001 – अक्टूबर 2006
उनकी राजनीति विवादों से भरी रही, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि उन्होंने बांग्लादेश की सियासत को दशकों तक दिशा दी.
अब हमेशा के लिए थम गई जंग
बांग्लादेश की राजनीति की सबसे चर्चित दुश्मनी ‘बैटल ऑफ द बेगम्स’ अब इतिहास बन चुकी है. दो ताकतवर महिलाओं की यह लड़ाई सिर्फ सत्ता की नहीं थी, बल्कि विरासत, बदले और जिंदा रहने की जिद की कहानी थी. खालिदा जिया के निधन के साथ ही बांग्लादेश की राजनीति का एक पूरा अध्याय हमेशा के लिए बंद हो गया.
यह भी पढ़ें :- खालिदा जिया निधन: चार दशकों की सियासी जंग के एक ध्रुव का अंत




