Special Coverage
जापानी कंपनी सुजुकी मोटर कॉर्प के पूर्व अध्यक्ष ओसामु सुजुकी ने 94 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
Authored By: अंशु सिंह
Published On: Friday, December 27, 2024
Last Updated On: Friday, December 27, 2024
जापानी ऑटोमोबाइल कंपनी सुजुकी मोटर कॉर्प (Suzuki Motor Corp) के पूर्व चेयरमैन ओसामु सुजुकी ने 94 साल की आयु में सबको अलविदा कह दिया। कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, ओसामु एक प्रकार के कैंसर लिम्फोमा से ग्रसित थे। उन्हें ही भारतीय बाजार में सुजुकी के प्रवेश का श्रेय जाता है। ओसामु ने कई दशकों तक कंपनी का नेतृत्व किया और वैश्विक स्तर पर उसका विस्तार किया। जून 2015 में उन्होंने अपने बेटे तोशिहीरो सुजुकी को कंपनी की बागडोर सौंप दी थी।
Authored By: अंशु सिंह
Last Updated On: Friday, December 27, 2024
ओसामु का जन्म 20 जनवरी 1930 को हुआ था। उनका असली नाम ओसामु मात्सुदा था। लेकिन शोको सुजुकी से शादी करने के बाद उन्होंने पत्नी का उपनाम अपना लिया। कानून की पढ़ाई करने वाले ओसामु पेशे से एक बैंक कर्मचारी थे, जो वर्ष 1958 में सुजुकी में शामिल हुए। उसके पश्चात् 1978 में वे कंपनी के अध्यक्ष बने। उनके नेतृत्व में सुजुकी मोटर ने वर्ष 1979 में जापान में ऑल्टो (Alto) मिनी कार लॉन्च की। इस कार ने कंपनी के लिए एक नए युग की शुरुआत की। जापान का घरेलू मिनी कार बाजार दोबारा से पुनर्जीवित हो सका।
1982 में भारत में हुआ था सुजुकी का प्रवेश
भारत में सुजुकी का प्रवेश साल 1982 में हुआ। इस जापानी कंपनी ने भारतीय स्वामित्व वाली कार निर्माता कंपनी मारुति उद्योग (Maruti Udyog) में 26 प्रतिशत की हिस्सेदारी ली। इसी साझेदारी के पश्चात् मारुति सुजुकी ने भारतीय ऑटोमोटिव इंडस्ट्री में एक सशक्त उपस्थिति दर्ज करायी। साझेदारी के बाद पहला उत्पाद मारुति 800 हैचबैक लॉन्च किया गया। ग्राहकों को इसे लेने के लिए सालों का इंतजार करना पड़ा। आज ये कार निर्माता कंपनी अकेले करीब दो मिलियन कारों का उत्पादन कर रही है। वर्ष 2023-24 में सुजुकी ने दुनिया भर में करीब 3.2 मिलियन कारों की बिक्री की, जिनमें आधे से ज्यादा की बिक्री भारत में हुई। कार के अलावा सुजुकी मोटर्स मोटरबाइक का भी निर्माण करता है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में कंपनी ने दुनिया भर में करीब 1.9 मिलियन मोटरसाइकिल की बिक्री की।
जनरल मोटर्स के साथ साझेदारी
ओसामु का अगला टारगेट पाकिस्तान और हंगरी था, जहां उन्होंने अपनी कार लॉन्च की। इसके अलावा, 1981 में जनरल मोटर्स के साथ हुई साझेदारी के बाद कंपनी ने उत्तरी अमेरिका एवं यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने में सफलता हासिल की। वर्ष 2001 में जनरल मोटर्स ने सुजुकी मोटर का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा अपने नाम कर लिया था। हालांकि, लगातार घाटे के कारण जनरल मोटर्स को बाद के वर्षों में अपनी हिस्सेदारी पूरी तरह से बेचनी पड़ी।













