भारत-पाक संघर्ष पर ट्रंप का नया दावा, कहा- ‘शायद 5 विमान हिट हुए..’

Authored By: Ranjan Gupta

Published On: Saturday, July 19, 2025

Last Updated On: Saturday, July 19, 2025

Trump Claim India Pakistan: शायद 5 विमान हिट हुए,' ट्रंप के इस बयान से मचा हड़कंप, जानें पूरी जानकारी इस पोस्ट में.
Trump Claim India Pakistan: शायद 5 विमान हिट हुए,' ट्रंप के इस बयान से मचा हड़कंप, जानें पूरी जानकारी इस पोस्ट में.

भारत-पाक संघर्ष को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बार फिर विवादित बयान सामने आया है. ट्रंप ने दावा किया है कि संघर्ष के दौरान पांच फाइटर जेट मार गिराए गए थे और यह सब उनकी मध्यस्थता के चलते रुका. हालांकि भारत ने दो टूक शब्दों में ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए कहा है कि संघर्ष-विराम पूरी तरह द्विपक्षीय सहमति से हुआ था, जिसमें किसी तीसरे देश की कोई भूमिका नहीं थी.

Authored By: Ranjan Gupta

Last Updated On: Saturday, July 19, 2025

Trump Claim India Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर हैरान करने वाला बयान दिया है. ट्रंप ने कहा है कि उनके हस्तक्षेप के चलते यह संघर्ष रुका और करीब पांच फाइटर जेट भी मार गिराए गए थे. लेकिन भारत ने न सिर्फ इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया, बल्कि स्पष्ट कर दिया कि न तो कोई मध्यस्थता हुई थी और न ही किसी तीसरे देश की जरूरत पड़ी थी. ट्रंप के इन बयानों को भारत ने “जबरन क्रेडिट लेने की कोशिश” करार दिया है.

ट्रंप ने अपने बयान से चौंकाया

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि मई में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष के दौरान “पांच लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे.” अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने इस दावे को भी दोहराया कि उनके हस्तक्षेप के बाद लड़ाई समाप्त हो गई. हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये फाइटर जेट भारत के थे या पाकिस्तान के, या दोनों देशों को मिलाकर उन्होंने यह संख्या बताई.

डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार (18 जुलाई) को रिपब्लिकन सीनेटरों के लिए आयोजित रात्रिभोज के दौरान व्हाइट हाउस में बोल रहे थे. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “हमने कई युद्धों को रोका, और ये कोई मामूली नहीं थे. भारत और पाकिस्तान के बीच जो कुछ चल रहा था, वह गंभीर था. वहां विमान मार गिराए जा रहे थे. मेरा मानना है कि लगभग पांच लड़ाकू विमान गिराए गए थे.”

उन्होंने आगे कहा, “ये दोनों गंभीर परमाणु शक्ति संपन्न देश हैं और वे एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे. ये एक नई तरह की जंग जैसा लग रहा था.”

व्यापार के जरिए हल मुमकिन

अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बीच ईरान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “आपने हाल ही में देखा, जब हमने ईरान में कार्रवाई की. हमने उनकी परमाणु क्षमता को पूरी तरह खत्म कर दिया, बिल्कुल नष्ट कर दिया. लेकिन भारत और पाकिस्तान आपस में भिड़े हुए थे और यह टकराव लगातार बढ़ रहा था. हमने इसे व्यापार के जरिए हल किया. हमने कहा कि अगर आप व्यापार समझौता करना चाहते हैं, तो ऐसा नहीं हो सकता कि आप हथियार, और शायद परमाणु हथियार, इधर-उधर फेंक रहे हों.”

ट्रंप के दावे को नकार चुका है भारत

पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को पाकिस्तान के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था. इन हमलों के बाद चार दिनों तक संघर्ष चला, जो 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति के साथ समाप्त हुआ. 10 मई के बाद से डोनाल्ड ट्रंप ने कई मौकों पर अपने इस दावे को दोहराया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को ‘समाप्त’ कराया, जबकि ट्रंप के ‘संघर्ष समाप्त’ कराने के दावे को भारत नकार चुका है.

मध्यस्थता के दावे करते रहे हैं ट्रंप

जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे डोनाल्ड ट्रंप से बात की थी, जिसमें ‘अमेरिका की कथित ट्रेड डील रोकने की धमकी और मध्यस्थता के दावों’ को सिरे से खारिज किया गया. प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को स्पष्ट कहा, “पूरे घटनाक्रम के दौरान कभी भी, किसी भी स्तर पर, भारत-अमेरिका ट्रेड डील या अमेरिका द्वारा भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता जैसे विषयों पर बात नहीं हुई थी.”

प्रधानमंत्री मोदी ने जोर देकर कहा कि भारत ने न तो कभी मध्यस्थता स्वीकार की थी, न करता है, और न ही कभी करेगा. इस विषय पर भारत में पूर्ण रूप से राजनैतिक एकमत है.

उस समय प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति ट्रंप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में विस्तार से बात की. प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा कि 22 अप्रैल के बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने का अपना दृढ़ संकल्प पूरी दुनिया को बता दिया था. अमेरिका के राष्ट्रपति के सामने प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा था कि ‘भारत ने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि पाकिस्तान की गोली का जवाब भारत गोले से देगा.’

डोनाल्ड ट्रंप के नहीं रुक रहे हैं बयान 

अहम पहलू यह भी था कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलने में भी असमर्थता दिखाई थी. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इसकी जानकारी दी थी. बताया था कि राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से पूछा कि क्या वे कनाडा से वापसी में अमेरिका रुक कर जा सकते हैं, लेकिन पूर्व-निर्धारित कार्यक्रमों के कारण प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी असमर्थता व्यक्त कर दी थी.

हालांकि, इसी बौखलाहट में डोनाल्ड ट्रंप के बयान नहीं रुके हैं और कहीं न कहीं आए दिन नए दावों से विश्व स्तर पर एक सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें :- 150 से ज्यादा देशों पर एक समान टैरिफ दर लागू करेगा अमेरिका, ट्रंप ने किया ऐलान

About the Author: Ranjan Gupta
रंजन कुमार गुप्ता डिजिटल कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें डिजिटल न्यूज चैनल में तीन वर्ष से अधिक का अनुभव प्राप्त है. वे कंटेंट राइटिंग, गहन रिसर्च और SEO ऑप्टिमाइजेशन में माहिर हैं. शब्दों से असर डालना उनकी कला है और कंटेंट को गूगल पर रैंक कराना उनका जुनून! वो न केवल पाठकों के लिए उपयोगी और रोचक लेख तैयार करते हैं, बल्कि गूगल के एल्गोरिदम को भी ध्यान में रखते हुए SEO-बेस्ड कंटेंट तैयार करते हैं. रंजन का मानना है कि "हर जानकारी अगर सही रूप में दी जाए, तो वह लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर सकती है." यही सोच उन्हें हर लेख में निखरने का अवसर देती है.
Leave A Comment

अन्य खबरें

अन्य खबरें