Special Coverage
Flood in Spain: बाढ़ में 150 से अधिक लोगों की जान गई, तलाशी अभियान जारी
Authored By: सतीश झा
Published On: Friday, November 1, 2024
Last Updated On: Friday, November 1, 2024
स्पेन में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण 150 से अधिक लोगों की जान चली गई है। भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे सड़कों, पुलों और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Friday, November 1, 2024
बचाव दल अब भी लापता लोगों की तलाश में जुटा है और तलाशी अभियान लगातार जारी है। सरकार ने आपातकालीन सेवाओं को पूरी क्षमता के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर स्थापित किए हैं और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन (Climate Change) के कारण इन प्राकृतिक आपदाओं की तीव्रता में लगातार वृद्धि हो रही है।
बड़ी संख्या में लोग लापता हैं जिनकी तलाश में बचाव दल जुटा हुआ है। लापता लोगों को देखते हुए मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। यह तबाही पिछले कुछ दशकों में यूरोप की सबसे भीषण आपदा बन सकती है।
स्पेन के पूर्वी व दक्षिणी हिस्सों में मंगलवार को शुरू हुई मूसलाधार बारिश से बाढ़ के हालात बदतर हो गए। बाढ़ से घिरे इलाके में बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित इलाके तक पहुंचने की जद्दोजहद करनी पड़ी। इन इलाकों में रेल व सड़क मार्ग बुरी तरह प्रभावित होने के कारण लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए शुरू में बचाव कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज (Pedro Sanchez) ने कहा कि कई शहर बाढ़ प्रभावित हैं। सभी आवश्यक संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है जिससे देश इस त्रासदी से उबर सके। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा देते हुए लोगों से सतर्क रहने का आग्रह किया।
सरकार ने बचाव प्रयासों में मदद के लिए संकट समिति गठित की है। पुलिस और बचाव कर्मी बाढ़ से घिरे इलाके में लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिये सुरक्षित निकाल रहे हैं। बाढ़ से तबाह हुए इलाकों में बचाव कर्मियों के अलावा सेना के 1,100 जवानों को भी तैनात किया गया है।
(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)














