Special Coverage
फिलीपींस में ज्वालामुखी विस्फोट: 54 हजार लोगों की जान को खतरा
Authored By: सतीश झा
Published On: Tuesday, December 10, 2024
Last Updated On: Tuesday, December 10, 2024
फिलीपींस के कनलाओन ज्वालामुखी के शक्तिशाली विस्फोट ने नेग्रोस द्वीप समूह में हजारों लोगों की जिंदगी पर संकट खड़ा कर दिया है। वैज्ञानिकों ने ज्वालामुखी के छह किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लगभग 54,000 लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
Authored By: सतीश झा
Last Updated On: Tuesday, December 10, 2024
सोमवार को दोपहर 3:03 बजे ज्वालामुखी के शिखर पर हुए शक्तिशाली विस्फोट के बाद राख का गुबार 3,000 मीटर तक आसमान में फैल गया। यह गुबार पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशाओं में फैलते हुए आसपास के क्षेत्रों में कहर बरपा रहा है।
खतरा अभी टला नहीं: विशेषज्ञों की चेतावनी
फिलीपीन इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्केनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी (फिवोलक्स) के प्रमुख टेरेसिटो बैकोलकोल ने चेतावनी दी है कि स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। उन्होंने कहा, “कनलाओन ज्वालामुखी में फिर से और भी शक्तिशाली विस्फोट होने की संभावना है, शिखर से छह किलोमीटर के क्षेत्र को तुरंत खाली कराना बेहद जरूरी है, अगर बरसात होती है तो स्थिति और भी खराब हो सकती है।” इससे पहले, इस साल 3 जून को भी यह ज्वालामुखी फटा था, जब प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी थी।
स्वास्थ्य पर असर: राख से बीमारियों का खतरा
फिलस्टार ग्लोबल के मुताबिक, फिलीपींस के स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को कहा कि ज्वालामुखी से उठी राख से श्वसन संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। इससे अस्थमा के मरीजों को ज्यादा खतरा है, साथ ही आंखों को भी नुकसान हो सकता है।
निकासी प्रक्रिया तेज, प्रभावितों को शरण दी गई
फिलीपींस समाचार एजेंसी (पीएनए) की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार सुबह 8 बजे तक 146 परिवारों के 476 लोगों को कैनलान शहर के निकासी केंद्रों में पहुंचाया गया। स्थायी खतरे वाले छह किलोमीटर क्षेत्र के बरंगे मसुलोग और पुला के निवासियों को मैकारियो एस्पनोला मेमोरियल स्कूल और जोस बी. कर्डेनस मेमोरियल हाई स्कूल में ठहराया गया है।
राष्ट्रीय रक्षा विभाग का अनुरोध
राष्ट्रीय रक्षा विभाग के सचिव गिल्बर्टो टेओडोरो जूनियर ने कहा, “छह किलोमीटर के दायरे में रहने वाले सभी लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाना चाहिए।” उनके अनुसार, इस क्षेत्र में लगभग 54 हजार लोग निवास करते हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
स्थिति पर नजर बनाए हुए प्रशासन
प्रशासन और राहत कार्यों में लगे विभाग लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। ज्वालामुखी के आसपास के क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है, और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का काम तेजी से चल रहा है।
(हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ)














