Bihar Election: चाहे गरीबी रहे या गुस्सा… बिहार की जनता ने बना ली है अपनी राय, ग्राउंड रिपोर्ट करेगी हैरान

Authored By: Nishant Singh

Published On: Thursday, October 30, 2025

Last Updated On: Thursday, October 30, 2025

Bihar Election 2025 की ग्राउंड रिपोर्ट में दिखा जनता का मूड, वोटरों ने साफ कर दी अपनी राय.
Bihar Election 2025 की ग्राउंड रिपोर्ट में दिखा जनता का मूड, वोटरों ने साफ कर दी अपनी राय.

Bihar Election: पटना से दरभंगा तक की गलियों में एक ही सवाल गूंज रहा है कि “इस बार बिहार का मूड क्या कहता है?” कहीं लोग कहते हैं “चाहे नमक-रोटी खाएं, पर मोदीया को जिताएंगे”, तो कहीं बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की नाराज़गी साफ दिखती है. महिलाएं सुरक्षा और सम्मान के नाम पर NDA के साथ हैं, जबकि नौजवान बदलाव की तलाश में हैं. इस बार का चुनाव सिर्फ सत्ता की जंग नहीं, बल्कि भरोसे की असली परीक्षा बन चुका है.

Authored By: Nishant Singh

Last Updated On: Thursday, October 30, 2025

Bihar Election: पटना से समस्तीपुर, पुनपुन के कीचड़ भरे रास्तों से लेकर दरभंगा की पुरानी गलियों तक, इस बार बिहार की हवा में कुछ अलग सा अहसास है. चाय की दुकानों पर राजनीति की गर्मागर्मी है, चौपालों पर जाति, रोजगार और भरोसे की बातें चल रही हैं. कोई कहता है कि “इस बार चाहे नमक-रोटी खाएं, पर मोदीया को जिताएंगे”, तो कोई तंज कसता है “बदलाव अधूरा है, सुकून नहीं.”

बिहार की जनता का मूड इस बार भावनाओं, जातीय समीकरणों और विकास की अधूरी कहानी के बीच झूलता नजर आ रहा है.

पटना की चमक, पर भरोसे में दरार

पटना एयरपोर्ट का नया चमचमाता टर्मिनल देखकर लगा कि राजधानी बदल रही है. छठ महापर्व के रंगीन पोस्टर और चौड़ी सड़कें किसी नए बिहार की झलक दिखाती हैं. लेकिन जैसे ही टैक्सी ड्राइवर से पूछा गया, “माहौल कैसा है?”, वो मुस्कुराया और बोला “भैया, इस बार भी मोदी जी को लाएंगे… चाहे नमक-रोटी खाएं, पर मोदीया को ही जिताएंगे.”

उसकी आवाज़ में भरोसा था लेकिन भीतर एक थकान भी. उसने कहा, “सड़कें हैं, डर कम है… पर काम अभी आधा है.” ये बात साफ थी कि विकास दिख रहा है, मगर पूरा महसूस नहीं हो रहा.

महिलाओं की आवाज़ में आत्मविश्वास

महिलाओं में इस बार एक खास भरोसा देखा जा सकता है. पटना के एक होटल में काम करने वाली युवती ने कहा, “सर, मैं NDA को ही वोट दूंगी क्योंकि आज मैं कामकाजी औरत हूं. पहले के जमाने में शायद मेरी शादी कर दी जाती.”

उसकी बात में आत्मविश्वास था. आज की महिलाएं सिर्फ योजनाओं से नहीं, बल्कि अपने सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी हैं. नीतीश सरकार की “महिला स्वावलंबन योजना” और केंद्र की “उज्जवला योजना” ने कई घरों में भरोसे की लौ जलाई है. लेकिन यह भरोसा ज्यादातर शहरों तक सीमित है कि गांवों की महिलाएं अब भी पानी, रोजगार और सुरक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों से जूझ रही हैं.

हाजीपुर में युवाओं की थकान और बेरोजगारी की आहट

हाजीपुर पहुंचने पर माहौल बदल गया. तेजस्वी यादव की रैली में भीड़ तो थी, मगर जोश फीका. कुछ युवाओं ने कहा, “विकास आधे रास्ते में अटक गया. सड़कें हैं पर नौकरी नहीं. महंगाई सब खा जाती है.”

उनकी आवाज में गुस्सा नहीं, बल्कि थकान थी कि जैसे बार-बार वही वादे सुनकर उम्मीदें बुझ चुकी हों. नौकरी और पलायन बिहार के हर नौजवान की कहानी है. लाखों युवक अब भी दिल्ली, गुजरात और पंजाब की फैक्ट्रियों में अपने गांव का भविष्य ढूंढ रहे हैं.

पुनपुन की सच्चाई: योजनाएं अधूरी, सिस्टम कमजोर

पुनपुन के देहरी गांव में बिहार की असल सच्चाई नजर आई. यहां “हर घर नल जल” योजना के पाइप तो बिछे हैं, पर नल सूखे पड़े हैं. एक बुजुर्ग बोले, “पैसे आते हैं, पर गांव तक नहीं पहुंचते. मुखिया तक ही खत्म हो जाते हैं.

एक युवक बोला, “मोदी जी काम करते हैं, पर सिस्टम सड़ा हुआ है.

यह बात बार-बार दोहराई जा रही थी, भरोसा नेताओं से नहीं, सिस्टम से टूटा है. भ्रष्टाचार हर गलियारे में फैला है, और यही नाराजगी अब धीरे-धीरे NDA के लिए खतरे की घंटी बनती जा रही है.

दरभंगा की गलियों में उम्मीद और हताशा का संगम

दरभंगा के युवाओं की कहानी अलग नहीं है. एक कॉलेज पास युवक ने कहा, “डिग्री है पर दफ्तर नहीं. हर जगह घूस देनी पड़ती है. सर्टिफिकेट से लेकर बिजनेस तक, हर कदम पर कमीशन देना पड़ता है.” यह नाराजगी किसी एक पार्टी से नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम से है. लोग योजनाओं को जानते हैं, पर उनका सबसे बड़ा सवाल है कि “फायदा आखिर किसे मिलता है?”

युवाओं में यह हताशा साफ दिखाती है कि बिहार में विकास की चमक के पीछे असल कहानी अब भी बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की है.

NDA में अंदरूनी खींचतान और बगावत का डर

NDA इस बार प्रचार में तो आक्रामक दिख रहा है, लेकिन अंदरूनी फूट साफ झलक रही है. 2020 में नीतीश कुमार से भिड़े चिराग पासवान अब उन्हीं के लिए वोट मांग रहे हैं. बीजेपी और जेडीयू के कई कार्यकर्ता मानते हैं कि तालमेल कमजोर है.

बगावत का भी खतरा बढ़ गया है, करकट से ज्योति सिंह और दिनारा से जय कुमार सिंह जैसे बागी उम्मीदवार NDA को नुकसान पहुंचा सकते हैं. 16 नेताओं को निकालना पड़ा, लेकिन नुकसान पहले ही हो चुका है. ये बगावतें सीटों के गणित को बिगाड़ सकती हैं और NDA की राह कठिन बना सकती हैं.

जाति बनाम विकास: असली लड़ाई यहीं है

बिहार का हर चुनाव जाति के ताने-बाने में उलझा रहता है, और इस बार भी वही कहानी दोहराई जा रही है. हालांकि, जाति के साथ अब विकास और भावनाएं दोनों ही फैक्टर बन गए हैं. महिलाएं सुरक्षा और सम्मान के नाम पर NDA के साथ हैं, पर बेरोजगारी और पलायन से परेशान युवा RJD की ओर झुक रहे हैं. मुस्लिम वोट बैंक और यादव-पिछड़ा समीकरण अब भी RJD का मजबूत गढ़ है, लेकिन मोदी फैक्टर NDA के लिए अब भी बड़ा हथियार बना हुआ है.

अंतिम तस्वीर: भरोसे की परीक्षा

पटना से दरभंगा तक घूमने के बाद एक बात साफ समझ आती है, बिहार की जनता अब पहले से ज्यादा सजग और समझदार हो गई है. लोग वादों से नहीं, काम से भरोसा बनाते हैं. NDA के पास भावनात्मक जुड़ाव है, लेकिन बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अंदरूनी फूट ने उसके तिलिस्म को कमजोर किया है.

जैसा कि पुनपुन के एक बुजुर्ग ने कहा, “बिहार बदला है, पर पूरा नहीं.” इस बार का चुनाव सिर्फ सत्ता का नहीं, बल्कि भरोसे की परीक्षा है और इसी परीक्षा से तय होगा कि “नमक-रोटी खाकर भी मोदीया” फिर से बिहार की सत्ता में लौटेंगे या नहीं.

यह भी पढ़ें :- मोदी का बिहार शंखनाद: आखिर क्यों समस्तीपुर से शुरू हुई चुनावी जंग?

About the Author: Nishant Singh
निशांत कुमार सिंह एक पैसनेट कंटेंट राइटर और डिजिटल मार्केटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता और जनसंचार का गहरा अनुभव है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए आकर्षक आर्टिकल लिखने और कंटेंट को ऑप्टिमाइज़ करने में माहिर, निशांत हर लेख में क्रिएटिविटीऔर स्ट्रेटेजी लाते हैं। उनकी विशेषज्ञता SEO-फ्रेंडली और प्रभावशाली कंटेंट बनाने में है, जो दर्शकों से जुड़ता है।
Leave A Comment

अन्य खबरें