Lifestyle News
Christmas Special Recipe: घर पर मिनटों में बनाएं होममेड बॉर्बन चॉकलेट ब्राउनी, जानिए पूरी सामग्री और तरीका
Authored By: Galgotias Times Bureau
Published On: Wednesday, December 24, 2025
Last Updated On: Wednesday, December 24, 2025
क्रिसमस के खास मौके पर आप अपने बच्चे के लिए घर पर स्वादिष्ट चॉकलेट ब्राउनी बना सकते हैं. इसे बनाना बेहद आसान है. इसके लिए आपको सिर्फ बिस्कुट, चॉकलेट और अंडे चाहिए, जो आसानी से बाजार में मिल जाते हैं. कम समय में तैयार होने वाली यह ब्राउनी बच्चों को जरूर पसंद आएगी.
Authored By: Galgotias Times Bureau
Last Updated On: Wednesday, December 24, 2025
Christmas Special Recipe: क्रिसमस का दिन चर्च जाने, केक काटने और अपनों के साथ खुशियां मनाने का होता है. आमतौर पर लोग इस मौके पर प्लम केक बनाना और खाना पसंद करते हैं, लेकिन अगर आप चॉकलेट के शौकीन हैं और इस बार कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो घर पर बॉर्बन चॉकलेट ब्राउनी बना सकते हैं. यह क्रिसमस के लिए एक परफेक्ट और आसान रेसिपी है. इस ब्राउनी की खास बात इसका अनोखा स्वाद और बनावट है. नीचे की परत कुरकुरी बॉर्बन बिस्किट से बनती है, जबकि ऊपर की लेयर मुलायम और फज्र चॉकलेट की होती है. दोनों का मेल इतना स्वादिष्ट है कि हर बाइट आपको पसंद आएगी. इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और सामग्री भी आसानी से मिल जाती है.
आप इस ब्राउनी को चाय या कॉफी के साथ सर्व कर सकते हैं. बच्चों के टिफिन में रखने के लिए भी यह एक बढ़िया विकल्प है. इसके अलावा किसी पार्टी, गेट-टुगेदर या खास मौके पर भी यह सभी का दिल जीत लेगी. इस क्रिसमस प्लम केक से हटकर कुछ नया और चॉकलेटी ट्राई करें और घर पर बनी बॉर्बन चॉकलेट ब्राउनी से त्योहार को और भी खास बनाएं.
घर पर बनाएं स्वादिष्ट बॉर्बन चॉकलेट ब्राउनी
इस आसान रेसिपी के लिए आपको 22 बॉर्बन चॉकलेट बिस्किट चाहिए होंगे. इसके साथ 4 टेबलस्पून पिघला हुआ मक्खन लें. आधा कप मैदा, आधा कप कोको पाउडर और आधा कप चीनी मिलाकर ब्राउनी का मिश्रण तैयार किया जाता है. स्वाद के लिए 1 छोटा चम्मच वनीला एसेंस और एक चुटकी नमक डालें. चॉकलेटी स्वाद बढ़ाने के लिए आधा कप चॉकलेट चिप्स मिलाएं. आखिर में 2 अंडे डालकर अच्छी तरह फेंट लें. इन सभी सामग्रियों से घर पर आसानी से नरम और स्वादिष्ट बॉर्बन ब्राउनी तैयार की जा सकती है.
बॉर्बन चॉकलेट ब्राउनी बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले सारी सामग्री तैयार कर लें और ओवन को 175 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहीट करें. एक बाउल में बॉर्बन बिस्किट को अच्छी तरह क्रश करें और उसमें पिघला हुआ मक्खन मिलाएं. इस मिश्रण को 8×8 इंच की बेकिंग ट्रे में डालकर अच्छे से दबा दें, ताकि नीचे कुरकुरा बेस बन जाए.
अब ब्राउनी का बैटर तैयार करें. एक बड़े बाउल में चीनी, अंडे और वनीला एसेंस डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अलग बर्तन में मैदा, कोको पाउडर और नमक छानकर मिला लें. इस सूखे मिश्रण को धीरे-धीरे गीले मिश्रण में मिलाएं और हल्के हाथ से चलाएं. चाहें तो इसमें चॉकलेट चिप्स भी डाल सकते हैं. तैयार बैटर को बिस्किट बेस के ऊपर समान रूप से फैलाएं. ट्रे को ओवन में रखकर 20 से 25 मिनट तक बेक करें. टूथपिक डालने पर अगर हल्के गीले टुकड़े चिपकें, तो समझ लें ब्राउनी तैयार है.

















