FIFA World Cup 2026 Closing Ceremony: टॉम क्रूज से IShowSpeed तक, फाइनल से पहले सजेगा सितारों का महाकुंभ
Authored By: Nishant Singh
Published On: Thursday, July 16, 2026
Updated On: Thursday, July 16, 2026
FIFA World Cup 2026 के फाइनल से पहले होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी में टॉम क्रूज, IShowSpeed, रॉबी विलियम्स और कई अंतरराष्ट्रीय सितारे नजर आएंगे. वहीं जेनिफर हडसन अमेरिका का राष्ट्रगान गाएंगी. इसके बाद न्यू जर्सी में विश्व कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.
Authored By: Nishant Singh
Updated On: Thursday, July 16, 2026
FIFA World Cup 2026 Closing Ceremony: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और फैंस की नजरें फाइनल मुकाबले के साथ-साथ उसकी भव्य क्लोजिंग सेरेमनी पर भी टिकी हैं. इस बार फुटबॉल के सबसे बड़े मंच को ग्लैमर और मनोरंजन का खास रंग मिलने वाला है. फाइनल मुकाबले से पहले आयोजित होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी में हॉलीवुड, संगीत और सोशल मीडिया की दुनिया के कई बड़े नाम एक ही मंच पर दिखाई देंगे. फीफा ने आधिकारिक तौर पर उन अंतरराष्ट्रीय सितारों की सूची जारी की है, जो इस खास आयोजन का हिस्सा बनेंगे.
इन ग्लोबल स्टार्स से सजेगी क्लोजिंग सेरेमनी
न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में होने वाली क्लोजिंग सेरेमनी में हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज, मशहूर सिंगर लौरा पॉसिनी, निकोल शेरजिंगर, रॉबी विलियम्स और दुनिया के लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर IShowSpeed अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे. इन सितारों की परफॉर्मेंस और विशेष प्रस्तुति को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है. स्थानीय समय के अनुसार समारोह की शुरुआत दोपहर 1:30 बजे होगी और इसके करीब 90 मिनट बाद फाइनल मैच खेला जाएगा. भारतीय दर्शकों के लिए यह मुकाबला 20 जुलाई से शुरू होगा.
जेनिफर हडसन गाएंगी अमेरिका का राष्ट्रगान
क्लोजिंग सेरेमनी का एक और खास आकर्षण मशहूर अमेरिकी गायिका जेनिफर हडसन होंगी. एमी, ग्रैमी, ऑस्कर और टोनी जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार जीत चुकीं जेनिफर फाइनल मुकाबले से पहले अमेरिका का राष्ट्रगान प्रस्तुत करेंगी. वहीं टॉम क्रूज की विशेष मौजूदगी भी इस समारोह को और यादगार बनाएगी. खेल और मनोरंजन का यह अनोखा संगम दुनियाभर के करोड़ों दर्शकों के लिए खास अनुभव बनने वाला है.
इतिहास रच चुका है FIFA World Cup 2026
इस बार का फीफा विश्व कप कई मायनों में ऐतिहासिक रहा है. पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमों ने हिस्सा लिया और इसकी मेजबानी अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको ने संयुक्त रूप से की. तीनों देशों के 16 शहरों में मुकाबले खेले गए, जिससे यह फीफा इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण बन गया. हालांकि मेजबान देशों के लिए यह सफर ज्यादा सफल नहीं रहा, क्योंकि तीनों टीमें सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकीं.
अब फाइनल मुकाबले पर टिकी दुनिया की नजरें
पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. अब दूसरा सेमीफाइनल अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा, जिसकी विजेता टीम स्पेन से खिताबी मुकाबला करेगी. ऐसे में फाइनल से पहले होने वाली भव्य क्लोजिंग सेरेमनी और उसके बाद विश्व चैंपियन बनने की जंग, दोनों ही दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों के लिए यादगार पल साबित होने वाले हैं.
यह भी पढ़ें :- FIFA World Cup 2030 में 64 टीमों की तैयारी, क्या अब भारत का विश्व कप खेलने का सपना होगा पूरा?
यह भी पढ़ें
news via inbox
समाचार जगत की हर खबर, सीधे आपके इनबॉक्स में - आज ही हमारे न्यूजलेटर को सब्सक्राइब करें।
[newsletter_form]













