Special Coverage
सद्दाम से शुरू हुआ अमेरिकी मिशन अब खत्म, 23 साल बाद इराक से पूरी तरह लौटेंगे अमेरिकी सैनिक
Authored By: Nishant Singh
Published On: Thursday, August 13, 2026
Last Updated On: Thursday, August 13, 2026
इराक में अमेरिका की करीब 23 साल पुरानी सैन्य मौजूदगी अब खत्म होने जा रही है. 30 सितंबर 2026 तक अमेरिकी सैनिकों की वापसी पूरी होने की उम्मीद है. 2003 में सद्दाम हुसैन के खिलाफ अभियान से शुरू हुआ यह अध्याय ISIS के खिलाफ जंग तक पहुंचा और अब बदलते मध्य-पूर्वी समीकरणों के बीच समाप्त होगा.
Authored By: Nishant Singh
Last Updated On: Thursday, August 13, 2026
US Troops Iraq Withdrawal: इराक में अमेरिका की करीब 23 साल पुरानी सैन्य मौजूदगी अब खत्म होने जा रही है. इराकी प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के कार्यालय के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक सभी अमेरिकी सैनिकों की वापसी पूरी कर ली जाएगी. यह फैसला अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर के साथ हुई बैठक के बाद सामने आया है. इसके साथ ही इराक में अमेरिकी सैन्य अभियान के एक लंबे अध्याय का औपचारिक अंत हो जाएगा.
सद्दाम हुसैन के खिलाफ कार्रवाई से हुई शुरुआत
इराक में अमेरिकी सेना की कहानी वर्ष 2003 से शुरू हुई थी. उस समय अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने तत्कालीन राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन की सरकार को सत्ता से हटाने के लिए सैन्य अभियान शुरू किया था. सद्दाम की गिरफ्तारी और बाद में फांसी के बावजूद अमेरिकी सैनिक इराक में बने रहे. इस दौरान अमेरिकी सेना की भूमिका सिर्फ सैन्य कार्रवाई तक सीमित नहीं रही, बल्कि इराक की सुरक्षा व्यवस्था और आतंकवाद विरोधी अभियानों में भी उसका दखल रहा.
2011 में वापसी, फिर ISIS ने बदल दिया पूरा खेल
अमेरिका ने वर्ष 2011 में इराक से अपनी सेना वापस बुला ली थी. ऐसा लगा था कि देश में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी का दौर खत्म हो चुका है, लेकिन कुछ ही वर्षों में हालात बदल गए. 2014 में ISIS के तेजी से बढ़ते प्रभाव ने अमेरिका को दोबारा इराक में सैनिक भेजने पर मजबूर किया. अमेरिकी नेतृत्व वाले अंतरराष्ट्रीय गठबंधन ने ISIS के खिलाफ अभियान चलाया और इराकी सुरक्षा बलों को सैन्य मदद और प्रशिक्षण भी दिया.
अब करीब एक दशक बाद इस सैन्य भूमिका को भी समाप्त करने की तैयारी पूरी हो चुकी है.
30 सितंबर के बाद क्या बदलेगा?
इराकी सरकार के अनुसार, ISIS के खिलाफ अमेरिकी नेतृत्व वाले गठबंधन के सैन्य मिशन को समाप्त करने और सैनिकों की वापसी के लिए 30 सितंबर 2026 अंतिम तारीख तय की गई है. इसके बाद इराक में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी का मौजूदा स्वरूप समाप्त हो जाएगा. हालांकि इसका यह मतलब जरूरी नहीं है कि अमेरिका और इराक के बीच सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग पूरी तरह खत्म हो जाएगा.
ईरान तनाव के बीच बड़ा रणनीतिक फैसला
अमेरिकी सैनिकों की वापसी ऐसे समय हो रही है, जब मध्य-पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है. इराक की भौगोलिक स्थिति इसे क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बनाती है. हालिया तनाव के दौरान इराक में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने भी हमलों की चपेट में आए थे. ऐसे में अमेरिकी सैनिकों की वापसी को मध्य-पूर्व के बदलते रणनीतिक समीकरण से जोड़कर भी देखा जा रहा है.
इरबिल से पहले ही शुरू हो चुका था सामान हटाना
अमेरिकी सेना की वापसी की प्रक्रिया अचानक शुरू नहीं हुई है. उत्तरी इराक के कुर्द क्षेत्र इरबिल से अमेरिकी सैनिकों और सैन्य उपकरणों को हटाने का काम पहले ही शुरू हो चुका है. इराक के ज्यादातर सैन्य ठिकानों से अमेरिकी सेना पिछले वर्ष तक निकल चुकी थी और इरबिल में उसकी सीमित मौजूदगी बची हुई थी.
2024 के समझौते ने तैयार की वापसी की जमीन
अमेरिका और इराक के बीच वर्ष 2024 में हुए समझौते में ISIS के खिलाफ अमेरिकी नेतृत्व वाले सैन्य अभियान को चरणबद्ध तरीके से खत्म करने पर सहमति बनी थी. मौजूदा वापसी उसी प्रक्रिया का अगला चरण है. अमेरिकी अधिकारियों ने भी सैनिकों की वापसी 30 सितंबर तक पूरी होने की उम्मीद जताई है.
यानी 2003 में सद्दाम हुसैन के शासन के खिलाफ शुरू हुआ अमेरिकी सैन्य अध्याय अब 23 साल बाद अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें :- PoK में क्यों भड़का जनविद्रोह? महंगाई से शुरू हुआ आंदोलन कैसे बना पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ सबसे बड़ा विरोध




