Special Coverage
भारतीय कंपनियों की आय में जबरदस्त तेजी, पहली तिमाही में 4-6 प्रतिशत बढ़ी
Authored By: Ranjan Gupta
Published On: Monday, July 28, 2025
Last Updated On: Monday, July 28, 2025
भारतीय कंपनियों की आय में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 4-6% की वृद्धि दर्ज की गई है, जिसमें फार्मा, एयरलाइंस और कम्युनिकेशन सेक्टर जैसे क्षेत्रों ने प्रमुख भूमिका निभाई. क्रिसिल की रिपोर्ट के अनुसार फार्मास्यूटिकल्स सेक्टर की परफॉर्मेंस 10 तिमाही में सबसे बेहतर रही है.
Authored By: Ranjan Gupta
Last Updated On: Monday, July 28, 2025
Indian Company Earnings Growth: भारतीय कॉरपोरेट जगत के लिए वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही अच्छी खबर लेकर आई है. क्रिसिल की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल से जून 2025 के बीच कंपनियों की समग्र आय में 4 से 6 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है. इस आय वृद्धि का बड़ा श्रेय फार्मास्यूटिकल्स, कम्युनिकेशन सर्विसेज, एयरलाइंस, संगठित खुदरा और एल्युमीनियम सेक्टर को दिया जा रहा है. खासतौर पर फार्मा सेक्टर ने 9-11 प्रतिशत की छलांग के साथ बीते 10 तिमाहियों का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है. वहीं ग्रामीण मांग में सुधार और मजबूत उपभोक्ता व्यय ने ऑटो और एफएमसीजी क्षेत्र को भी मजबूती दी है. रिपोर्ट में बताया गया है कि कम्युनिकेशन सेक्टर में सब्सक्रिप्शन प्लान्स के महंगे होने और ऑपरेशनल खर्च घटने के चलते उल्लेखनीय लाभ दर्ज किया गया. हालांकि आईटी सेवाओं में भू-राजनीतिक परिस्थितियों के चलते आय वृद्धि दर थोड़ी सुस्त रही है.
फार्मा सेक्टर शीर्ष पर रहा
फार्मास्यूटिकल्स की आय वृद्धि दर जून तिमाही में सालाना आधार पर 9-11 प्रतिशत रही है, जो कि बीती 10 तिमाही में सबसे अधिक है. इसकी वजह निर्यात और घरेलू बाजार में मांग का बढ़ना है. वित्त वर्ष 26 की जून तिमाही में ईबीआईटीडीए में सालाना आधार पर 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. ईबीआईटीडीए मार्जिन में 0.10 प्रतिशत से लेकर 0.30 प्रतिशत गिर गया है.
क्रिसिल इंटेलिजेंस के निदेशक ने दी जानकारी
- क्रिसिल इंटेलिजेंस के निदेशक पुशन शर्मा ने कहा, “मानसून के समय से पहले आने और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण अप्रैल-जून की अवधि में कुछ क्षेत्र प्रभावित हुए हैं.”
- उन्होंने आगे कहा,”टैरिफ संबंधी चिंताओं से पैदा हुई भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने आईटी सेवा क्षेत्र को प्रभावित किया है, जिससे परियोजनाओं में देरी के कारण आय वृद्धि दर में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गई है.”
ऑटो सेक्टर की आय में 4 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद
- अत्यधिक इन्वेंट्री की चिंताओं के बावजूद, उच्च खुदरा बिक्री, बढ़ते निर्यात और उत्पाद मिश्रण समायोजन से ऑटो सेक्टर की आय में 4 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है.
- रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में आम चुनावों के कम आधार प्रभाव के कारण इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) कंपनियों में 6 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है. अधिक महंगी सब्सक्रिप्शन योजनाओं के कारण कम्युनिकेशन सर्विसेज कंपनियों की आय में 12 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है.
एयरलाइन की आय में 15 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान
विमानों के कम खड़े होने और नए विमानों के जुड़ने से बढ़ी हुई वॉल्यूम के कारण एयरलाइन की आय में 15 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि ग्रामीण मांग में वृद्धि ने एफएमसीजी क्षेत्र की वॉल्यूम वृद्धि को बढ़ावा दिया और इससे ट्रैक्टर क्षेत्र में आय वृद्धि दर 17 प्रतिशत रही है. खाद्य मंहगाई में नरमी, अनुकूल मानसून और रबी फसलों की अच्छी कटाई के मौसम ने ग्रामीण मांग में फिर से तेजी लाने में योगदान दिया. कम परिचालन व्यय के कारण कम्युनिकेशन सर्विसेज कंपनियों के मार्जिन में वार्षिक आधार पर 290-320 आधार अंकों की वृद्धि की संभावना है.
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें :- अमिताभ बच्चन, शाहरुख जैसे सितारों के निवेश वाली रियल एस्टेट कंपनी का आ रहा IPO













