Special Coverage
अमिताभ बच्चन, शाहरुख जैसे सितारों के निवेश वाली रियल एस्टेट कंपनी का आ रहा IPO
Authored By: Suman
Published On: Friday, July 25, 2025
Last Updated On: Friday, July 25, 2025
श्रीलोटस डेवलपर्स का IPO सब्सक्रिप्शन के लिए 30 जुलाई को खुल रहा है. इसमें शाहरुख, अमिताभ बच्चन जैसे कई फिल्मी सितारों का पहले से पैसा लगा है.
Authored By: Suman
Last Updated On: Friday, July 25, 2025
Bollywood Real Estate: श्री लोटस डेवलपर्स का आईपीओ (Sri Lotus Developers IPO) सब्सक्रिप्शन के लिए 30 जुलाई को खुल रहा है और 1 अगस्त को बंद होगा. यह रियल एस्टेट कंपनी करीब 5.28 करोड़ नए शेयर जारी कर 792 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है. इसमें शाहरुख, अमिताभ बच्चन जैसे कई फिल्मी सितारों का पहले से पैसा लगा है.
एक दिन पहले यानी 29 जुलाई को एंकर इन्वेस्टर्स निवेश कर सकेंगे. उम्मीद है कि कंपनी 6 अगस्त, 2025 को एनएसई और बीएसई पर लिस्ट हो जाएगी. इसमें दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया (Ashish Kacholia) का भी पैसा लगा है.
कंपनी ने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 140 से 150 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इसमें पूरी तरह से नए शेयर जारी होंगे, प्रमोटर अपने शेयर नहीं बेच रहे यानी कोई ऑफर फॉर सेल नहीं है. इसमें 100 शेयरों का एक लॉट है यानी आपको कम से कम इतने के लिए आवेदन करना होगा और इसके लिए करीब 15 हजार रुपये लगाने होंगे.
कंपनी के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 50 फीसदी, रिटेल यानी छोटे इन्वेस्टर्स के लिए 35 फीसदी और गैर संस्थागत निवेशकों (NIIs) के लिए 15 फीसदी शेयर आरिक्षत हैं. कंपनी के कर्मचारियों को प्रति शेयर 14 रुपये का डिस्काउंट दिया जाएगा.
किन सितारों का है निवेश
कंपनी के आरएचपी के मुताबिक श्री लोटस डेवलपर्स में शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन के अलावा ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ, मनोज वाजपेयी ने भी निवेश किया है. दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया ने इसमें 50 करोड़ रुपये का निवेश किया है.
कैसा है कारोबार
मुंबई की कंपनी श्री लोटस डेवलपर्स रेजिडेंशियल और कॉमर्शियल इमारतें डेवलप करती है. इसके प्रमोटर आनंद कमलनयन पंडित हैं. इसके 2BHK और 3BHK फ्लैट 3 से 7 करोड़ रुपये के होते हैं. वित्त वर्ष 2024-25 में श्री लोटस ने करीब 549.68 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया. इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट 90 फीसदी बढ़कर 227.8 करोड़ रुपये हो गया. 30 जून, 2025 तक कंपनी ने 9.3 लाख वर्ग फुट एरिया का डेवलपमेंट किया है. इसमें कॉमर्शियल और रेजिडेंशियल दोनों तरह के प्रोडक्ट शामिल हैं.
हाल के दिनों में आईपीओ बाजार खूब गुलजार हुआ है. इस हफ्ते भी निवेशकों को शेयर बाजार में पैसा लगाने के खूब मौके मिल रहे हैं. इस हफ्ते मेनबोर्ड और एसएमई (SMR) में कुल मिलाकर 9 आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) आए हैं. कई हफ्ते सुस्त रहने के बाद इस हफ्ते आईपीओ बाजार खूब गुलजार रहा.
आईपीओ के जरिये बहुत से निवेशक शेयर बाजार में उतरना चाहते हैं क्योंकि इस तरीके से अक्सर नई या पुरानी स्थापित कंपनियों के शेयर सस्ते में मिल जाते हैं. बहुत से निवेशक अच्छे लिस्टिंग गेन की उम्मीद में आईपीओ में निवेश करते हैं.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार और निवेश संबंधी खबरें सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं. इसे निवेश सलाह नहीं मानना चाहिए. किसी भी तरह के निवेश से पहले सेबी रजिस्टर्ड किसी सलाहकार की राय जरूर लें.)
यह भी पढ़ें :- भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ FTA, व्हिस्की से लेकर लग्जरी कार तक कई प्रोडक्ट होंगे सस्ते














