Special Coverage
आने वाला है भारत का सबसे बड़ा IPO, 30 हजार करोड़ रुपये जुटाएगी ये कंपनी
Authored By: Suman
Published On: Tuesday, September 2, 2025
Last Updated On: Tuesday, September 23, 2025
रिलायंस जियो अगले साल यानी 2026 की पहली छमाही में आईपीओ (Reliance Jio IPO) लाने जा रही है. यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है.
Authored By: Suman
Last Updated On: Tuesday, September 23, 2025
Reliance Jio IPO: रिलायंस जियो अगले साल यानी 2026 की पहली छमाही में इनीशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO लाने जा रही है. कई ब्रोकरेज का कहना है कि यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है और इसके जरिये कंपनी करीब 30,000 करोड़ रुपये जुटा सकती है.
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि रिलायंस जियो की भारत में 30,000 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी लिस्टिंग हो सकती है. उसने होल्डिंग कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (जेपीएल) का इक्विटी मूल्य 11.9 लाख करोड़ रुपये या 135 अरब डॉलर आंका है. इस प्रकार मोतीलाल ओसवाल फाइनैंशियल ने जेपीएल में रिलायंस इंडस्ट्रीज की हिस्सेदारी की कीमत 7.91 लाख करोड़ रुपये यानी 90 अरब डॉलर आंकी है. घरेलू ब्रोकरेज फर्म ने जेपीएल का एंटरप्राइज वैल्यू 151 अरब डॉलर आंका है.
मोतीलाल ओसवाल ने कहा, ‘हमारे मूल्यांकन और हिस्सेदारी कम करने की सीमा को घटाकर 2.5 फीसदी करने के सेबी के हालिया प्रस्ताव के आधार पर जेपीएल का आईपीओ 30,000 करोड़ रुपये के आकार के साथ भारत में सबसे बड़ा हो सकता है.’
ब्रोकरेज फर्मों मॉर्गन स्टैनली, सिटी और बोफा ने जेपीएल का एंटरप्राइज वैल्यू क्रमशः 133 अरब डॉलर, 135 अरब डॉलर और 127 अरब डॉलर आंका है. जेपीएल, रिलायंस जियो इन्फोकॉम की होल्डिंग कंपनी है जिसके पास देश की नंबर वन दूरसंचार कंपनी रिलायंस जियो का पूर्ण स्वामित्व है.
अभी तक के टॉप 5 IPO
- भारत में अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ ऑटो कंपनी ह्युंडै मोटर इंडिया का रहा जिसने साल 2024 में 27,870 रुपये जुटाए थे.
इसके बाद दूसरे स्थान पर भारतीय जीवन बीमा निगम का आईपीओ था. साल 2022 में एलआईसी ने आईपीओ के जरिये 20,557 करोड़ रुपये जुटाए थे. - तीसरे स्थान पर फिनटेक कंपनी पेटीएम का आईपीओ है. पेटीएम ने नवंबर 2021 में आईपीओ के जरिये 18,300 करोड़ रुपये जुटाए थे. चौथे स्थान पर सार्वजनिक कंपनी कोल इंडिया का आईपीओ है. कोल इंडिया ने साल 2010 में आईपीओ के जरिये 15,200 करोड़ रुपये जुटाए थे.
- पांचवें स्थान पर अनिल अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस पावर का आईपीओ है. साल 2008 में आए इस आईपीओ के जरिये कंपनी ने 11,700 करोड़ रुपये जुटाए थे.
- रिलायंस जियो इन्फोकॉम (Reliance Jio Infocomm) रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का टेलीकॉम यूनिट है. गत 29 अगस्त को रिलायंस के एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) में कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने कहा था कि रिलायंस जियो को साल 2026 की पहली छमाही में लिस्ट कराया जाएगा.
- अपने संबोधन में मुकेश अंबानी ने कहा था कि रिलायंस जियो के सब्सक्राइबर की संख्या 50 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है जो कि अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस तीनों की कुल जनसंख्या से भी ज्यादा है. वित्त वर्ष 2025 में जियो को करीब 1.28 लाख करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हुआ था और उसका एबिट्डा 64,170 करोड़ रुपये था.
यह भी पढ़ें :- महज 14 महीने में 18 गुना उछला ये शेयर, जानें गडकरी परिवार से क्या है रिश्ता
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार और निवेश संबंधी खबरें सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से दी जाती हैं. इसे निवेश सलाह नहीं मानना चाहिए. किसी भी तरह के निवेश से पहले सेबी रजिस्टर्ड किसी सलाहकार की राय जरूर लें.)















